बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लखनऊ–अयोध्या हाईवे पर नगर कोतवाली क्षेत्र के असेनी मोड़ के पास अज्ञात हमलावरों ने एक अधिवक्ता को सरेराह गोलियों से भून डाला। मृतक की पहचान बाहुबली मुख्तार अंसारी के करीबी अधिवक्ता और शार्प शूटर के रूप में चर्चित शोएब किडवाई उर्फ बॉबी के रूप में हुई है।
स्विफ्ट कार को घेर कर हमलावरों ने की अंधाधुंध फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लखनऊ की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार को हमलावरों ने घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलियों की बौछार से हाईवे दहल उठा। सूत्रों के अनुसार, करीब 15 राउंड फायरिंग की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अंधाधुंध गोलियों की चपेट में आकर शोएब किडवाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं फॉरेंसिक टीम घटना स्थल पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। नगर कोतवाली पुलिस के साथ-साथ जिले के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से पांच से अधिक खोखे बरामद किए हैं, जो हमले की गंभीरता को दर्शाते हैं।
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका
व्यस्त हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश है या फिर किसी गैंगवार का नतीजा। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। फिलहाल, इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे जिले में दहशत का माहौल है और पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है।



