नई दिल्ली। प्लेयर ऑफ द मैच ब्रूक हालीडे (69) और कप्तान सोफी डिवाइन (63) की उम्दा पारियों के बाद जेस कर (3 विकेट) व ली ताहुहू (3 विकेट) के दम पर न्यूजीलैंड ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में जीत का स्वाद चखा।
न्यूजीलैंड ने गुवाहाटी में खेले गए टूर्नामेंट के 11वें मैच में बांग्लादेश को 100 रन से पटखनी दी। कीवी टीम की यह तीन मैचों में पहली जीत रही और वो प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 227 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 39.5 ओवर में 127 रन पर ढेर हो गई। बांग्लादेश की कोई बैटर अर्धशतक नहीं जमा सकी।
कर-ताहुहू का आक्रमण
228 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत रोसमैरी मायर ने बिगाड़ी। उन्होंने ओपनर शरमीन अख्तर (3) को क्लीन बोल्ड किया। जेस कर ने जल्द ही दूसरी ओपनर रुबया हैदर (4) को डिवाइन के हाथों कैच आउट कराया।

