Thursday, February 12, 2026
Home Blog Page 281

Auraiya News: मारपीट में नामजद समेत चार पर रिपोर्ट

0

औरैया। गांव करमपुर निवासी आयुष चतुर्वेदी चार अगस्त को छोटे भाई अनुराग, मां, पत्नी के साथ शहर के कानपुर रोड स्थित रमाकांत स्वीट हाउस के पास कार में बैठे थे। नितिन उर्फ शिवम शुक्ला, अजुमन तिवारी व दो अन्य साथी वहां पहुंचे। कार के बोनट पर हाथ मारते हुए गाली-गलौज करने लगे। छोटे भाई के विरोध करने पर उसे मारपीट होते देख आयुष चतुर्वेदी कार से उतरे तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट कर दी। आरोप है कि कुछ देर बार आरोपी नितिन ने आयुष को मोबाइल फोन पर काॅल की। गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। आयुष का आरोप है कि नितिन के खिलाफ साल 2022 में पुलिस कर्मी के साथ गाली-गलौज के मामले में सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद

Auraiya News: छेना सहित 10 खाद्य पदार्थों के लिए नमूने

0

औरैया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अलग-अलग जगहों पर स्थित मिष्ठान भंडार सहित अन्य जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने छेना, घेवर सहित 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक आयुक्त का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने चार अगस्त से गुरुवार तक रक्षाबंधन पर्व मिलावट के खिलाफ अभियान चला रखा है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में गुरुवार को चला। अभियान में टीम ने शहर के जालौन चौराहा स्थित दुकान से मिश्रित दूध, बिलावा स्थित भट्टी से खोया, अजीतमल के गांव फूटाकुंआ स्थित निर्माण इकाई से छेना, इसी गांव की दुकान से पेड़ा, खानपुर चैराहा स्थित प्रतिष्ठान से बर्फी व मिल्क केक आदि का नमूना लिया गया। सहायक आयुक्त अंबादत्त पांडेय ने बताया कि अभी तक 20 नमूना को लिया जा चुका है। नमूना को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya News: घर में घुसकर डेयरी संचालक से मारपीट, रिपोर्ट दर्ज

0

बिधूना। हमलावरों ने घर में घुसकर एक डेयरी संचालक से मारपीट की। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़ित अभिमन्यु ने बीमारी के चलते घर पर आराम कर रहा था। तभी सह-व्यापारी नवनीत बाजपेयी उर्फ लालजी, अनुज वाजपेयी उर्फ रामजी, सत्यम वाजपेयी, नवल किशोर और चार अज्ञात लोग आए और घर में घुसकर अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपियों ने अभिमन्यु से मारपीट कर तोड़फोड़ की। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में जांच की जा रही है। (संवाद)

हुमा कुरैशी के घर में पसरा मातम,निजामुद्दीन में मारा गया भाई आसिफ

0

फिल्म अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की दिल्ली में हत्या कर दी गई। निजामुद्दीन इलाके में पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। जानकारी के अनुसार स्कूटी पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था जिसमें बात बढ़ने पर आसिफ कुरैशी नाम के शख्स की जान ले ली गई।

यूपी में रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए तीन दिन फ्री बस सेवा, उमड़ रही भीड़

0
योगी सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए तीन दिनों के लिए बस सेवा फ्री की है। इसकी वजह से बसों में महिलाओं की भीड़ है। शुक्रवार को आलमबाग बस स्टैंड पर महिलाओं की भीड़ दिखी।  इस मौके पर महिलाओं ने कहा कि बसों में किराया फ्री है। इस वजह से बसों में सीट मिलने में घंटों लग रहे हैं।

Lucknow News: एमबीए करने के लिए लिया 27 लाख का लोन, बैंक ने बंधक के रूप में जमा कराई घर की रजिस्ट्री खो दी, कोर्ट ने लगाया 1.30 लाख का जुर्माना

0

बंधक के रूप में बैंक में जमा कराई गई मकान की रजिस्ट्री गुम हो जाने पर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम की अदालत ने आदेश दिया है कि बैंक वादी को एक लाख 30 हजार रुपये क्षतिपूर्ति के रूप में दे। वादी ने बैंक से 27 लाख रुपये का लोन लिया था और तय समय सीमा में पूरा लोन भी बैंक को अदा कर दिया था। नो ड्यूज मिलने के बाद जब वादी ने बैंक से रजिस्ट्री वापस मांगी तो बैंक की ओर से बताया गया कि वह कहीं गुम हो गई है।इंदिरा नगर निवासी अभिमन्यु यादव ने 4 जुलाई 2024 को जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम की अदालत में परिवाद दाखिल किया था। इसमें उन्होंने बताया था कि यूके से एमबीए करने के लिए उन्होंने 13 जून 2014 को 27 लाख के लोन के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की विपुलखंड गोमतीनगर स्थित शाखा में आवेदन किया था। 22 सितंबर 2014 को उन्हें लोन दिया गया जिसकी अदायगी 120 समान किश्तों में करनी थी। इसके एवज में परिवादी के पिता ने इंदिरानगर स्थित अपने घर की रजिस्ट्री के मूल दस्तावेज को बैंक के पास बंधक के रूप में जमा कराया था। 17 जुलाई 2021 में समस्त राशि की सभी किश्तों का भुगतान कर दिया गया। इसके बाद बैंक की ओर से 31 जुलाई 2021 को नो-ड्यूज भी जारी कर दिया गया। इसके बाद जब बैंक से घर की रजिस्ट्री के दस्तावेज मांगे गए तो बताया गया कि दस्तावेज कहीं गुम हो गए हैं।

परिवाद के संबंध में बैंक को समन भी भेजा गया लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम के अध्यक्ष नीलकंठ सहाय ने इस संबंध में पिछले माह आदेश पारित किया कि बैंक परिवादी को दस्तावेज खोने की क्षतिपूर्ति के रूप में एक लाख रुपये, मानसिक, शारीरिक व आर्थिक नुकसान के लिए 20 हजार और वाद व्यय के लिए 10 हजार रुपये का भुगतान करे।

Lucknow News: इस बार पूरा दिन भाई बंधवा सकेंगे राखी, नहीं लगेगी भद्रा

0

लखनऊ। इस बार भद्रा का मान न होने से रक्षाबंधन पर शनिवार को भाई अपनी बहनों से पूरा दिन राखी बंधवा सकेंगे। पूर्णिमा तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2:12 बजे से शुरू होकर 9 अगस्त को दोपहर 1:24 बजे समाप्त होगी। 9 अगस्त की सुबह 5:47 बजे से दोपहर 1:24 बजे तक पूर्णिमा तिथि में राखी बंधवाने का शुभ मुहूर्त है। इसके बाद अपराह्न काल और प्रदोष काल में भी राखी बंधवाई जा सकेगी।

ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि इस बार भद्रा 8 अगस्त शुक्रवार को दिन में .02:12 से शुरू होकर देर रात 01:52 तक ही है। 9 अगस्त प्रात: से भद्रा नहीं होगी। इस बार रक्षाबंधन के दिन सौभाग्य योग का संयोग बन रहा है। सौभाग्य योग का समापन 10 अगस्त को देर रात 02:15 बजे पर होगा। इसके बाद शोभन योग का निर्माण होगा। वहीं, सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग सुबह 05:47 बजे से लेकर दोपहर 02:23 बजे तक है। इसके साथ ही श्रवण नक्षत्र दोपहर 02:23 बजे तक है। रक्षाबंधन के समय यह मंत्र बोलकर राखी बंधवाएं – येन बद्धो बली राजा दानवेन्द्रो महाबलः।तेन त्वामभिबध्नामि रक्षे माचल माचल।

चारबाग रेलवे स्टेशन से एनईआर का कैब-वे मार्ग बारिश से हुआ जर्जर, 500 मीटर में सैकड़ों गड्ढे

0
राजधानी लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन से एनईआर की ओर जाने के लिए बना कैबवे की सड़क बारिश से जर्जर हो चुकी है। यहां गड्ढों में जलभराव से आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग कर्मी इस सड़क का अलग-अलग वाहनों से अलग-अलग शुल्क वसूल रहे हैं। जबकि, यह शुल्क सड़क को दुरुस्त और रास्ते को सुविधाजनक बनाने के लिए लिया जा रहा है। रास्ते की हकीकत अलग ही तस्वीर बयां कर रही है। इस 500 मीटर की सड़क में हजारों गड्ढे हैं। वहीं इस रास्ते से गुजरने वालों वाहनों की संख्या भी हजारों की तदाद में है।

Lucknow News: भगवान विष्णु को पाताल लोक से वापस लाने के लिए देवी लक्ष्मी ने बांधी थी राक्षस राज बलि को राखी

0

पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण ने सुदर्शन चक्र से शिशुपाल का वध किया, तो उनकी अंगुली से खून बहने लगा। द्रौपदी ने अपनी साड़ी का एक टुकड़ा फाड़कर उनकी अंगुली पर बांध दिया। इसके बदले में, कृष्ण ने द्रौपदी को हर संकट से बचाने का वचन दिया था।एक अन्य पौराणिक कथा के अनुसार, जब भगवान विष्णु ने वामन अवतार के रूप में राक्षस राज बलि से तीन पग में उनका सारा राज्य मांग लिया था और उन्हें पाताल लोक में निवास करने को कहा था। तब राजा बलि ने भगवान विष्णु को अपने मेहमान के रूप में पाताल लोक चलने को कहा। जिसे विष्णुजी मना नहीं कर सके। लेकिन जब लंबे समय तक श्री हरि अपने धाम नहीं लौटे तो लक्ष्मीजी को चिंता होने लगी। तब नारद मुनि ने उन्हें राजा बलि को अपना भाई बनाने की सलाह दी। अपने पति को वापस लाने के लिए माता लक्ष्मी गरीब स्त्री का रूप धारण कर राजा बलि के पास पहुंच गईं और उन्हें अपना भाई बनाकर राखी बांध दी। इसके बदले उन्होंने भगवान विष्णु को पाताल लोक से ले जाने का वचन मांग लिया। उस दिन श्रावण मास की पूर्णिमा थी और माना जाता है कि तभी से रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाने लगा है।

आज पूरे दिन बंधवा सकेंगे राखी

इस बार भद्रा का मान न होने से रक्षाबंधन पर शनिवार को भाई अपनी बहनों से पूरा दिन राखी बंधवा सकेंगे। पूर्णिमा तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2:12 बजे से शुरू होकर 9 अगस्त को दोपहर 1:24 बजे समाप्त होगी। 9 अगस्त की सुबह 5:47 बजे से दोपहर 1:24 बजे तक पूर्णिमा तिथि में राखी बंधवाने का शुभ मुहूर्त है। इसके बाद अपराह्न काल और प्रदोष काल में भी राखी बंधवाई जा सकेगी।

Lucknow News: एक खजाना नहीं, आजादी का सपना था काकोरी ट्रेन एक्शन

0

अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव के समापन समारोह पर आज शुक्रवार को ‘एक खजाना नहीं, आजादी का सपना था काकोरी ट्रेन एक्शन’ विषय पर परिचर्चा, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शहीदों के प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।संस्थान के सदस्य तरुणेश बौद्ध ने कहा कि 9 अगस्त, 1925 वह तारीख है जब क्रांतिकारियों ने उत्तर प्रदेश के काकोरी से गुजरने वाली एक ट्रेन से राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए धन एकत्र करने के मकसद से खजाने को लूटा था। इस घटना का मकसद था कि पैसों से हथियार खरीदे जाएं और अंग्रेजों के खिलाफ उनका इस्तेमाल किया जाए। सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य अवधेश ने बताया कि यह घटना भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ थी, जब हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के क्रांतिकारियों ने लखनऊ से सहारनपुर जा रही अंग्रेजी सरकार के खजाने को ले जा रही ट्रेन को रोका था, जिसका उद्देश्य आजादी का सपना था। संस्थान के निदेशक डॉ. राकेश सिंह, डॉ. धीरेंद्र सिंह, अरुणेश मिश्र और वनराज आदि ने भी संबाेधित किया।

परिचर्चा के अलावा निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता भी हुई। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रा रचना मौर्या को प्रथम, अंजलि को द्वितीय तथा उर्वशी यादव को तृतीय पुरस्कार के अलावा पांच अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

निबंध प्रतियोगिता में आकर्षक वर्मा को प्रथम, काव्या मौर्या को द्वितीय, यश कुमार को तृतीय पुरस्कार और पांच अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न एवं सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।