Tuesday, February 17, 2026
Home Blog Page 83

मां-बेटे को पीटने और गला दबाने में प्राथमिकी

0

दिबियापुर। मां-बेटी को पीटने और गला दबाने के मामले में पुलिस ने एसपी के निर्देश के बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना क्षेत्र के गांव चमरौआ निवासी रजौली देवी ने पुलिस को बताया कि 29 दिसंबर की सुबह आग ताप रही थी। पास में 16 साल का बेटा खेल रहा था। इसी दौरान गांव निवासी शिवा वहां पहुंचे और लाठी से हमला कर दिया।
मां ने बचाने का प्रयास किया तो उसे भी आरोपी ने पीट दिया और गला दबाकर मारने का प्रयास किया। आरोप है कि 30 दिसंबर देवरानी की बेटियाें से गाली-गलौज कर दी। बुधवार को एसपी के निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।

थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Lucknow: केजीएमयू के इंटर्न पर लगा यौन शोषण और धमकाने का आरोप, छात्रा बोली-मुझे शादी का झांसा दिया

0

लखनऊ में नर्सिंग की तैयारी कर रही छात्रा ने केजीएमयू से इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस डॉक्टर मो. आदिल के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए कैसरबाग थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। छात्रा ने आरोपी पर उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। अलीगंज स्थित पीजी में रहने वाली छात्रा की कुछ समय पहले कैसरबाग आगा साहब की कोठी स्थित फ्लैट निवासी मो. आदिल से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि आदिल ने उनसे दोस्ती की और प्यार के जाल में फंसाया। इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर उन्हें अपने फ्लैट पर बुलाया और वहां यौन शोषण किया। कुछ दिन पहले छात्रा ने आरोपी से शादी की बात कही तो वह टालमटोल करने लगा। छात्रा के दबाव बनाने पर आरोपी शादी से मुकर गया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए उनकी अश्लील तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी डॉक्टर केजीएमयू में इंटर्नशिप कर रहा है। जांच में पता चला है कि आरोपी मूल रूप से बरेली का रहने वाला है। उसके पूरे पते की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा और उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह का कहना है कि इस मामले में कोई जानकारी नहीं है।

बनाएगा केजीएमयू एंटी लव जेहाद संघर्ष समिति

नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) के महानगर इकाई के संयोजक डॉ. शिवम कृष्णन ने केजीएमयू एंटी लव जेहाद संघर्ष समिति बनाने की घोषणा की है। इसमें महिला अधिवक्ता और महिला चिकित्सक शामिल रहेंगी।संयोजक के मुताबिक, केजीएमयू प्रशासन ने अभी तक आरोपी रेजिडेंट की मदद करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की है। वह पुलिस प्रशासन की पकड़ से भी दूर है। जाहिर है कि उसे शह दी जा रही है। इसके पीछे कोई बड़ा रैकेट है। इसलिए इस मामले में एसटीएफ और एटीएस जांच की जरूरत है।

मुख्यमंत्री से मिली केजीएमयू की पीड़िता

धर्मांतरण के प्रयास मामले की पीड़िता ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। पीड़िता और उसके पिता ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस को इस मामले में और तेजी लाने का निर्देश दिया।

केजीएमयू में पैथोलॉजी विभाग की रेजिडेंट डॉक्टर ने साथी रेजिडेंट डॉक्टर पर धर्मांतरण का प्रयास करने और यौन शोषण का आरोप लगाया है। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है, लेकिन अभी भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस ने इस मामले में तीन टीम बनाकर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद बुधवार को पीड़िता मुख्यमंत्री से मिली।

केजीएमयू के कुलपति के पक्ष में उतरा शिक्षक संघ

धर्मांतरण के प्रयास मामले में हो रहे धरना-प्रदर्शन और पुतला फूंके जाने के बाद केजीएमयू शिक्षक संघ कुलपति के पक्ष में उतर आया है। केजीएमयू में बुधवार को शिक्षक संघ की आपात बैठक हुई, जिसमें धरना-प्रदर्शन और कुलपति का पुतला फूंकने को राजनीति से प्रेरित और छवि धूमिल करने वाला बताया गया।

केजीएमयू शिक्षक संघ के महासचिव प्रो. संतोष कुमार ने बताया कि पैथोलॉजी विभाग में घटी घटना के बाद केजीएमयू प्रशासन ने तुरंत विशाखा समिति से जांच कराकर रिपोर्ट महिला आयोग और शासन को भेज दी थी। मुख्यमंत्री ने खुद ही पीड़िता से बात की है। केजीएमयू प्रशासन ने आरोपी को निलंबित कर उसके परिसर में प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी है। जाहिर है कि केजीएमयू प्रशासन ने इस मामले में तुरंत प्रभावी कदम उठाए।इसके बाद एनएमओ आदि संगठनों की ओर से समिति पर सवाल उठाए जाने पर उसमें बदलाव भी किया गया। अब समिति में महिला के साथ ही एक सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक भी शामिल हैं। जांच में साक्ष्य मंगाने के लिए एक ईमेल आईडी भी जारी की गई है। एनएमओ की ओर से इस मामले में कोई सामग्री प्रस्तुत नहीं की गई है। वहीं, एक संगठन ने मंगलवार को लुलु मॉल के बाहर कुलपति का पुतला फूंका। इसकी अनुमति भी नहीं ली गई। यह कृत्य गैरकानूनी, अनुचित और निंदनीय है।

UP: नया बिजली कनेक्शन सस्ता… इतने में लगेगा प्रीपेड मीटर; नई कॉलोनियों में ये राहत; ग्राहकों के लिए तोहफा

0

उत्तर प्रदेश में नया बिजली कनेक्शन लेना अब पहले से सस्ता और आसान हो गया है। विद्युत नियामक आयोग ने बुधवार को नई कॉस्ट डाटा बुक-2025 जारी कर दी। इसके तहत स्मार्ट प्रीपेड मीटर और नए कनेक्शन की लागत में बड़ी कटौती की गई है। साथ ही एस्टीमेट बनाने की व्यवस्था भी समाप्त कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत सिंगल फेज स्मार्ट प्रीपेड मीटर की कीमत 6016 रुपये से घटाकर 2800 रुपये कर दी गई है। वहीं, थ्री फेज स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब 11342 रुपये की जगह 4100 रुपये में लगाया जाएगा। आयोग ने नए बिजली कनेक्शन के लिए एस्टीमेट प्रणाली को खत्म करते हुए फिक्स चार्ज लागू कर दिया है। अब 300 मीटर तक दूरी और 150 किलोवाट तक लोड (निजी नलकूप को छोड़कर) के लिए अलग से एस्टीमेट तैयार नहीं किया जाएगा।

नई दरों के अनुसार, यदि कोई उपभोक्ता 2 किलोवाट का कनेक्शन 100 मीटर तक दूरी पर लेता है तो उसे 5500 रुपये एकमुश्त जमा करने होंगे। वहीं, 300 मीटर की दूरी के लिए 7555 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

पहले ऐसे मामलों में खंभा, तार और ट्रांसफार्मर के नाम पर 10 से 20 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। आयोग के सचिव सुमित अग्रवाल ने बताया कि पावर कॉर्पोरेशन को निर्देश दिए गए हैं कि 12 जनवरी 2026 तक सॉफ्टवेयर में आवश्यक बदलाव कर लिए जाएं ताकि नई दरों के अनुसार ही उपभोक्ताओं से शुल्क लिया जा सके।

जिन्होंने मीटर लगवा लिया, उनके लिए अलग से व्यवस्था
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने नौ सितंबर 2025 के बाद स्मार्ट प्रीपेड मीटर के लिए 6016 रुपये जमा किए हैं, उसकी वापसी के लिए भी विकल्प देने पर विचार किया जा रहा है।

बीपीएल उपभोक्ताओं को विशेष राहत
नई कॉस्ट डाटा बुक में गरीब और बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए कई रियायतें दी गई हैं। इन उपभोक्ताओं के लिए प्रोसेसिंग शुल्क और सुरक्षा जमा राशि शून्य कर दी गई है। 100 मीटर तक दूरी के लिए केवल 500 रुपये अग्रिम राशि लेकर कनेक्शन दिया जाएगा।शेष राशि 12 महीनों तक 45 रुपये की मासिक किस्त में बिजली बिल के साथ जमा की जा सकेगी। वहीं, सिंगल फेज कनेक्शन लेने वाले बीपीएल उपभोक्ताओं को मीटर की कीमत 2800 रुपये दो किस्तों में जमा करने की सुविधा मिलेगी। आवेदन के समय 1000 रुपये देने के बाद कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा। शेष राशि 24 समान मासिक किस्तों में भी जमा करने की सुविधा रहेगी।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब सस्ते
सिंगल फेज स्मार्ट प्रीपेड मीटर

पहले        अब
₹6016     ₹2800

थ्री फेज स्मार्ट प्रीपेड मीटर
पहले ₹11342
अब ₹4100

नई कालोनियों में देना होगा सिर्फ मीटरिंग शुल्क
विद्युत नियामक आयोग ने बुधवार को नई कास्ट डाटा बुक-2025 जारी कर दी है। इसके अनुसार, अविकसित गैर-विद्युतीकृत कॉलोनियों के निवासियों को केवल मीटरिंग शुल्क का भुगतान करना होगा। बुनियादी ढांचे के नाम पर लिए जाने वाला शुल्क खत्म कर दिया गया है।नियामक आयोग ने तर्क दिया है कि बुनियादी ढांचे की लागत को पहले से ही प्रति वर्ग फुट विकास शुल्क के माध्यम से वसूलने का प्रावधान किया गया है। इसी तरह बहुमंजिला भवनों में मल्टी-पॉइंट कनेक्शनों के लिए भी समान व्यवस्था प्रदान की गई है। सप्लाई कोड 2005 के 13वें संशोधन के प्रावधान के अनुरूप 11 केवी वोल्टेज पर जारी किए जा सकने वाले लोड की सीमा को 3 एमवीए से बढ़ाकर 4 चार एमवीए कर दिया गया है।नई कास्ट डाटा बुक में यह व्यवस्था दी गई है कि एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्बर (एएमआई) के विकास एवं संचालन से संबंधित लागत नए उपभोक्ताओं से वसूल नहीं की जाएगी, क्योंकि इसका प्रावधान पहले से ही आरडीएसएस के तहत किया जाएगा।इसी तरह एक ही 25 केवीए ट्रांसफार्मर से कनेक्शन लेने के लिए पीटीडब्ल्यू उपभोक्ताओं से लिया जाने वाला देय रूपांतरण की साझा लागत को प्रस्तावित 50 फीसदी के बजाय 33.3 फीसदी रखा गया है।इसी तरह स्वतंत्र 3-फेज 16 केवीए ट्रांसफॉर्मर या सिंगल फेज 10 केवीए ट्रांसफॉर्मर के माध्यम से कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए लागत स्वीकृत की गई है। 20 लाख से अधिक की सुरक्षा राशि के भुगतान के लिए उपभोक्ताओं को बैंक गारंटी / ई-बैंक गारंटी के माध्यम से भी भुगतान का विकल्प दिया गया है।
क्या होता है कास्ट डाटा बुक
उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग की ओर से जारी की गई नई कॉस्ट डाटा बुक 2025 अगले दो वर्ष के लिए मान्य होगी। इसके जरिए उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति के लिए विभिन्न शुल्कों (प्रोसेसिंग फीस, सुरक्षा जमा, सप्लाई अफोर्डिंग चार्ज, सामग्री लागत, स्मार्ट मीटर लागत आदि) की दरें निर्धारित की गई हैं। इससे पहले 8 जुलाई 2019 को संशोधित कास्ट डाटा बुक जारी किया गया था।

Lucknow: तेज रफ्तार कार माइनर में गिरी, प्रॉपर्टी डीलर सहित दो की मौत; शीशा के अंदर से चीखते रहे

0

लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। प्रॉपर्टी डीलर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है। मृतक की पहचान बाराबंकी के पलिया कुर्सी रोड निवासी विनोद यादव (45) और अरुण (23) के रूप में हुई है। विनोद यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और गुडंबा थाने के पीछे पत्नी मीना व बेटे अभय के साथ रहते थे।परिजनों के मुताबिक, विनोद अपने दो साथियों अरुण और कुंवर के साथ बाराबंकी के पालिया गांव गए थे। देर रात करीब 11 बजे लौटते समय बेहटा माती और पारा गांव के बीच तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर माइनर में गिर गई। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को माइनर से निकालकर सीएचसी गुडंबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विनोद और अरुण को मृत घोषित कर दिया। तीसरा साथी कुंवर घायल है। विनोद के भाई वीरेंद्र ने कुंवर से पूछताछ और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं अरुण के पिता संतोष रावत ने बताया कि उनके बेटे की पत्नी गर्भवती है और हाल ही में शादी हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

New Year 2026: जोश के आगोश में दुबकी ठंड… मस्ती में डूबी रात, बरेली में नए साल के जश्न की तस्वीरें

0

बरेली में नए साल के जश्न ने ठंड का घमंड तोड़ दिया। यूं तो जश्न का दौर शाम से ही शुरू हो गया था, लेकिन आधी रात को जैसे ही घड़ी की तीनों सुइयां आपस में मिलीं- फिजा में हैप्पी न्यू ईयर गूंज उठा। आसमान आतिशबाजी से सतरंगी हो गया। माहौल की गर्माहट से सर्दी दूर भाग गई। नए साल के स्वागत में जगह-जगह कार्यक्रम हुए। देर रात तक युवा डीजे की धुन पर थिरकते रहे। एक-दूसरे को नए साल की बधाई देने का सिलसिला भोर तक चलता रहा।

बरेली क्लब सहित शहर के विभिन्न होटलों में हुए रंगारंग कार्यक्रम में लोग नए साल के स्वागत की मस्ती में डूबे रहे। बुधवार को सुबह से ही नए साल के जश्न की तैयारियों में जुटे शहरवासी शाम होते ही होटलों और क्लब में एकत्र होने लगे थे। इसके बाद जश्न का दौर शुरू हो गया।

प्रमुख कार्यक्रम शहर के बरेली क्लब के नाम रहा। युवाओं की टीम और दंपती भी थिरकते नजर आए। नए साल के स्वागत में ऐसा माहौल बना कि सर्दी काफूर हो गई। देर रात तक जश्न का दौर चलता रहा।
सिर चढ़कर बोला सेल्फी का क्रेज
सेल्फी का क्रेज सबके सिर चढ़कर बोला। लोगों ने जश्न की सिर्फ तस्वीरें ही नहीं, बल्कि वीडियो भी खूब शेयर किए। बैंड और डीजे की धुन पर थिरकने का सिलसिला तड़के तक चलता रहा। शहर के अन्य प्रमुख होटलों में भी देर रात तक मस्ती चली।

व्हाट्सएप और फेसबुक आदि सोशल साइट्स पर भी बधाइयों का दौर जारी रहा। बरेली क्लब में हुए कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष ब्रिगेडियर हरदीप प्रीतपाल सिंह, गुरबचन सिंह चावला उर्फ राजा चावला, विजय कपूर, मनीष सहगल आदि मौजूद रहे।

UP: सोने-चांदी की ईंट और गहने, अफसरों ने जमा कर ली थी अकूत संपत्ति; घर के फर्नीचर देख दंग रह गई सीबीआई

0

झांसी में सेंट्रल जीएसटी अफसरों ने अपनी तैनाती के दौरान अकूत संपत्ति जमा कर ली थी। उनके आलीशान मकान एवं रहन-सहन देख सीबीआई टीम भी दंग रह गई। छापे के दौरान सीबीआई ने 1.60 करोड़ रुपये समेत सोने-चांदी की ईंट एवं जेवरात बरामद किए। घरों में नकदी बिस्तर में छिपाकर रखी गई थी। गद्दे फाड़ने के बाद रकम बरामद हो सकी। भारी मात्रा में मिलनी नकदी को गिनने के लिए मशीनें मंगवाई गईं।बुधवार सुबह सीबीआई टीम सबसे पहले सेवाराम मिल कंपाउंड निवासी अनिल तिवारी के यहां पहुंची। अनिल के यहां महंगे फर्नीचर समेत पूरे घर में लग्जरी वस्तुएं थीं। एक से एक महंगे आइटमों का घर की सजावट में इस्तेमाल हुआ था।सीबीआई को यहां से कई गोपनीय फाइल भी मिली। टीम इसे अपने साथ ले गई। यहां से नकदी भी बरामद हुई। सीबीआई को बताया गया कि अनिल झांसी में करीब ढाई दशक से तैनात हैं।

जीएसटी से जुड़े सारे विवादित मामले अनिल के सहारे सुलझाए जाते हैं। दो साल पहले उनका आगरा तबादला हो गया था लेकिन, कुछ महीनों बाद वह दोबारा झांसी आ गए। ढाई दशक की तैनाती के दौरान अनिल ने अकूत संपत्ति जमा कर ली।अनिल सिविल लाइंस स्थित एक प्रतिष्ठित रेस्तरा में पार्टनर समेत जमीन के कारोबार में भी शामिल हैं। जमीन के धंधे में करोड़ों रुपये लगा रखे हैं। वहीं, स्टेशन रोड निवासी अजय शर्मा ने भी अपनी चार साल की तैनाती में अकूत संपत्ति जमा कर ली थी। उसके घर में भी लग्जरी आइटमों की भरमार मिली। उनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
डिप्टी कमिश्नर आईआरएस प्रभा भंडारी की छह माह पहले तैनाती हुई थी। हालांकि उन्होंने भी अनिल एवं अजय के हवाले ही पूरा कार्यालय कर दिया था। बताया जाता है कि प्रभा ने कुछ माह पहले ही 68 लाख रुपये का फ्लैट खरीदा था।
जीएसटी अफसरों के पास से घूस के तौर पर 70 लाख समेत 1.60 करोड़ रुपये बरामद हुए। उनके घर से सोने-चांदी की ईंट एवं शेयर मार्केट में पैसा लगाए जाने की बात भी उजागर हुई। हालांकि सीबीआई ने अलग-अलग बरामदगी का खुलासा नहीं किया।
दिनभर चली कार्रवाई, दो बार डिप्टी कमिश्नर के घर पहुंची सीबीआई
सीबीआई टीम मंगलवार से झांसी में डेरा डाले हुई थी लेकिन बुधवार सुबह से उसने आरोपियों के घरों पर छापा मारने की कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले सुबह करीब दस बजे इलाइट चौराहे पर अचानक से पहुंची तीन गाड़ियों से सीजीएसटी के दो कर्मचारी को घेरकर पकड़ा गया, इसमें एक महिला कर्मचारी शामिल थी। इस कार्रवाई से इलाइट चौराहे पर हलचल मच गई लेकिन सीबीआई अफसरों ने यहां किसी से बात नहीं की। इसके बाद अलग-अलग टीम अनिल तिवारी एवं अजय कुमार शर्मा, नरेश कुमार गुप्ता एवं राजू मंगनानी के घर पहुंची।
 डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी के घर भी सीबीआई टीम पहुंची। सीबीआई टीम के पहुंचने पर वह घर में नहीं थीं। ताला तोड़ने की धमकी देने पर घर खोला गया। इसके बाद देर-शाम को भी सीबीआई टीम दोबारा से अनिल तिवारी एवं डिप्टी कमिश्नर के घर पहुंची। इसके अलावा सीबीआई टीम ने सेंट्रल जीएसटी ऑफिस के भी चक्कर काटे।
13 दिन पहले सीजीएसटी के छापे के बाद से सर्विलांस पर थे अफसरों के नंबर
झोकनबाग स्थित तेजपाल मंगनानी एवं राजू मंगनानी के जय दुर्गा हार्डवेयर प्रतिष्ठान में टैक्स चोरी की शिकायत पर 18 दिसंबर को सेंट्रल जीएसटी टीम ने छापा मारा था। उस दौरान करोड़ों की चोरी पकड़ी गई थी। केंद्रीय टीम ने कई दस्तावेज बरामद किए थे। सूत्रों का कहना है कि इस मामले को निपटाने के लिए दो करोड़ की रिश्वत मांगी गई थी। जिस व्यक्ति की शिकायत पर छापा मारा गया था, उसे इसकी भनक मिल गई। उसने इसकी शिकायत कर दी। स्थानीय सेंट्रल जीएसटी टीम इसके पहले भी सीबीआई के रडार पर आ गई। शिकायत के बाद सीबीआई ने कारोबारी समेत अनिल एवं अजय शर्मा को सर्विलांस पर ले लिया। नरेश ने राजू मंगनानी की मुलाकात अनिल तिवारी से कराई। इसके बाद सीबीआई टीम गुपचुप तरीके से झांसी पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बुधवार दोपहर एसपी सिटी कार्यालय के सामने स्थित अनिल के रेस्तरा से उसे एवं अजय को राजू मंगनानी द्वारा 70 लाख रुपये की पहली किस्त देते हुए पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उन लोगों ने डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी का भी नाम लिया।
हार्डवेयर का बड़ा कारोबारी है राजू मंगनानी
70 लाख रुपये की रिश्वत देते सीबीआई के हत्थे चढ़े राजू मंगनानी की गिनती शहर के बड़े कारोबारियों में होती है। उसने अपने भाई तेजपाल के साथ मिलकर जय दुर्गा हार्डवेयर नाम से फर्म बनाई है। यह फर्म दरवाजे, प्लाईवुड समेत तमाम सारे आइटम की सप्लाई का काम करती है। आसपास के कई जनपदों में भी इनका कामकाज फैला है। इसके अलावा दोनों भाइयों ने कुछ समय पहले जमीन का काम भी शुरू कर दिया था।
रिश्वतखोरी में सीबीआई की छापे में गवाह बनी आरपीएफ
झांसी में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) कार्यालय में रिश्वतखोरी के रैकेट का पर्दाफाश करने झांसी आई केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने गवाह के रूप में रेलवे सुरक्षा बल को रखा। मंगलवार देर रात दो से ढाई बजे के बीच सीबीआई की टीम गेट बंद पॉश कालोनी नमो होम्स के ए ब्लॉक के फ्लैट नंबर 311 में छापे की कार्रवाई करने पहुंची थी।

यहां सीजीएसटी की डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी के रहने की सूचना थी। लेकिन सिक्योरिटी गार्डों ने प्रवेश नहीं करने दिया। बाद में जब टीम ने सीबीआई से होने की जानकारी दी तो उन्हें जाने दिया गया। हालांकि, उक्त फ्लैट में ताला बंद था। इस दौरान सीबीआई को स्वतंत्र गवाह मिलने में भी दिक्कत हुई।
टीम ने कॉलोनाइजर से भी संपर्क किया, लेकिन उसने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद सीबीआई की टीम ने आरपीएफ से संपर्क किया और गवाह की मांग की। आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण ने बताया कि महिला और पुरुष स्टाफ को गवाह बनने के लिए सीबीआई को उपलब्ध कराया गया। इस कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया। इस मामले में सीजीएसटी के अफसर कोई भी बयान देने से बचते रहे।

UP: ‘बेटी के पेट में जिन्न…’, नाबालिग के साथ तांत्रिक ने किया ऐसा कांड; परिवार से हड़प लिए तीन लाख रुपये

0

तुम्हारी बेटी छह माह की गर्भवती है, उसके पेट में जिन्न का बच्चा है, बेटी की जान को भी खतरा है….. इस तरह की भ्रामक बातों से डराकर तांत्रिक ने परिवार वालों के साथ आई नाबालिग को कमरे में ले जाकर अश्लील हरकत की। डरा धमका कर दो दिन तक परिवार को मंदिर में रोके रखा, उनसे तीन लाख रुपये ऐंठ लिए। आगे ब्लैकमेल करने के लिए नाबालिग की अश्लील वीडियो बना ली। जब परिवार को बात झूठी होने का पता चला और उन्होंने रुपये वापस मांगे तो अपने साथी को दरोगा बनाकर धमकी दिलवाई। थाना जगदीशपुरा पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।पीड़ित फतेहपुसीकरी निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह कुछ समय से शास्त्रीपुरम क्षेत्र में रह रहा है। कुछ समय से उसके पिता का संपर्क संतोषी उर्फ भैरव बाबा से हुआ था। संतोषी ने पिता को अंधविश्वास भरी बातों में फंसा लिया। परिवार पर जिन्न की बुरी नजर होने का डर दिखाया। इलाज के बहाने जगदीशपुरा के अमरपुरा स्थित भैरव मंदिर पर पूजा अर्चना के लिए बुलाया।

20 दिसंबर को पिता उनकी 17 वर्षीय बेटी, भतीजी और 20 वर्षीय बेटे को लेकर मंदिर गए। वहां संतोषी उर्फ भैरव बाबा ने अपनी पत्नी और एक अन्य महिला को दाई बताकर मिलवाया। दोनों महिलाओं ने बेटी के छह माह की गर्भवती होने की जानकारी दी। बाबा ने बेटी के पेट में जिन्न का बच्चा होने की कहकर विशेष पूजा करने की बोला। इसके बाद कथित दाई के साथ बेटी को मंदिर परिसर में बने कमरे में ले गया।

दोनों ने मिलकर बेटी के कपड़े उतारे। विरोध पर बच्चा गांव के युवक का होने की बोलकर डराया। संतोषी ने बेटी के साथ अश्लील हरकत की। परिवार को डराकर दो दिन तक मंदिर में बिठाए रखा। पूजा के बहाने खुद अंदर बेटी के साथ रहा। परिवार को डरा धमका कर पूजा के बहाने तीन लाख रुपये ले लिए।

जांच कराई तो बेटी निकली ठीक
पीड़ित ने बताया कि जब उन्हें जानकारी हुई तो बेटी को डॉक्टर को दिखाया। बेटी बिल्कुल ठीक थी। उन्होंने तांत्रिक से गर्भ की झूठी बात फैलाने का विरोध कर रुपये मांगे। इस बात पर उसके साथी ने खुद को दरोगा बताते हुए फोन पर धमकाया। एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने बताया कि शिकायत पर कथित तांत्रिक, उसकी पत्नी और दाई बनी महिला व अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।

AMU: पूर्व विधायक के दामाद शिक्षक की हत्या का हुआ खुलासा, पकड़े गए हत्यारोपी ने बताई मर्डर करने की वजह

0

एएमयू के एबीके बॉयज स्कूल में कंप्प्यूटर शिक्षक रॉव दानिश अली की हत्या का खुलासा हो गया है। पुलिस ने अमिर निशा गोस्त वाली गली बीबी बिल्डिंग निवासी सलमान पुत्र मुतीक कुरैशी को गिरफ्तार किया है। अभी दो आरोपी फरार हैं। पूछताछ में अभियुक्त सलमान ने बताया कि वर्ष 2018 में साबेज पुत्र अजमत की हत्या हुई थी, जिसमें अभियुक्त सलमान के साथी जेल गये थे । सलमान व उसके साथियों को मृतक एएमयू शिक्षक राव दानिश पर मुखबिरी करने का शक था । जिसका बदला लेने के लिए अभियुक्त फहाद, यासिर उर्फ यासर व सलमान ने राव दानिश की हत्या की योजना बनाई थी।

ऐसे की हत्या
पूछताछ में अभियुक्त सलमान ने बताया कि वर्ष 2018 में साबेज पुत्र अजमत की हत्या हुई थी, जिसमें अभियुक्त सलमान के साथी जेल गये थे । जिसमें सलमान व उसके साथियों को मृतक एएमयू शिक्षक राव दानिश पर मुखबिरी करने का शक था। जिसका बदला लेने के लिए अभियुक्त फहाद, यासिर उर्फ यासर व सलमान ने राव दानिश की हत्या की योजना बना । 23 दिसंबर को अभियुक्त सलमान ने अपने साथी फहाद पुत्र रफतउल्लाह, यासिर उर्फ यासर पुत्र रफथ उल्लाह निवासी ग्राम नौसा थाना बरला अलीगढ हाल निवासी औखला दिल्ली को अलीगढ़ बुलाया था, जो अपने साथ पहले से ही पिस्टल लेकर आए। सलमान ने इन्हें अपने फ्लैट में रखा था ।

24 दिसंबर को सलमान ने फहाद व यासिर को राव दानिश की हत्या करने के लिये मेडीकल रोड पर अपनी गाड़ी से छोड़ दिया । इसके बाद फहाद व यासिर ने एएमयू की कैन्टीन के पास राव दानिश की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों वहां से स्कूटी पर बैठकर पुरानी चुंगी वाले पुल पर आ गए, जहां पहले से मौजूद सलमान ने फहाद को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। यासिर स्कूटी से गभाना टोल तक गया । गभाना टोल से पहले वह स्कूटी यासिर ने सड़क के किनारे खाई में फेंक दी। तीनों कार से ओखला दिल्ली भाग गए। अभियुक्त सलमान का साथी जुबैर पुत्र रफत उल्लाह जो अपराधिक किस्म का व्यक्ति है, राव दानिश की हत्या की घटना की भूमिका के सम्बन्ध में उसके और अन्य साथियों की संलिप्तता के संबंध में विवेचना प्रचलित है ।

यह हुई घटना
शिक्षक रॉव दानिश अली (45) की 24 दिसंबर देर शाम एएमयू परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्कूटी सवार नकाबपोश दो शूटरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब वे लाइब्रेरी कैंटीन परिसर में दो साथियों संग टहल रहे थे। घटनाक्रम देर शाम 8:45 बजे का है। मूल रूप से डिबाई क्षेत्र के रहने वाले रॉव दानिश अली का परिवार कई दशक से अमीर निशा मक्खन वाली कोठी के पास रहता है। उनके पिता एएमयू में कर्मचारी रहे हैं, जबकि मां शिक्षिका रही हैं।

एएमयू में ही पढ़ाई के बाद खुद रॉव दानिश अली को भी एबीके बॉयज स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक का जॉब मिल गया। उनके ससुर फिजा उल्लाह चौधरी मुरादाबाद की कांठ विधानसभा से विधायक रहे थे।  रोजाना की तरह शाम को वे एएमयू की लाइब्रेरी कैंटीन परिसर में टहलने गए थे। दो अन्य साथी भी थे। तभी स्कूटी सवार दो नकाबपोश वहां पहुंचे और उनके पीछे से कनपटी के सहारे पिस्टल से गोली मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई।

बांग्लादेश में एक और हिंदू पर हमला: धारदार हथियार से वार, फिर जिंदा जलाने की कोशिश; तालाब में कूद बचाई जान

0

बांग्लादेश के शरियतपुर जिले के दामुद्या इलाके में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बाजार बंद कर घर लौट रहे एक कारोबारी पर बदमाशों ने हमला कर दिया। पहले बेरहमी से पिटाई की गई, फिर धारदार हथियार से वार किया गया और आखिर में शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर हालत में कारोबारी को ढाका रेफर किया गया है।घायल कारोबारी की पहचान 50 वर्षीय खोकन चंद्र दास के रूप में हुई है। वह केनश्वर यूनियन के केउरभंगा बाजार में दवा और मोबाइल बैंकिंग का कारोबार करते हैं। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर वह दिन की कमाई लेकर सीएनजी ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दामुद्या-शरियतपुर रोड पर केउरभंगा बाजार के पास बदमाशों ने ऑटो रुकवाया और उन पर हमला कर दिया।

घर लौटते समय रोका ऑटो, फिर किया हमला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने पहले खोकन चंद्र दास की पिटाई की। इसके बाद उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यहीं नहीं रुके हमलावर, बल्कि उन्होंने खोकन के सिर पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तालाब में कूदकर बचाई जान
जान बचाने के लिए खोकन चंद्र दास सड़क किनारे स्थित एक तालाब में कूद गए। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और रात करीब 10 बजे शरियतपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें उसी रात ढाका भेज दिया गया।

पत्नी का आरोप: पहचान छिपाने के लिए जलाया
घायल की पत्नी सीमा दास ने बताया कि उनके पति रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके पति ने दो हमलावरों को पहचान लिया था, इसी वजह से बदमाशों ने उनकी हत्या की नीयत से पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं है और किसी तरह का कोई विवाद भी नहीं था, फिर भी इस तरह का हमला क्यों हुआ, यह समझ से बाहर है।

डॉक्टरों की रिपोर्ट: पेट में गंभीर चोट
शरियतपुर सदर अस्पताल के डॉक्टर नज़रुल इस्लाम ने बताया कि खोकन चंद्र दास के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं। पेट में गंभीर चोट है, जिसकी वजह से उन्हें ढाका रेफर किया गया। इसके अलावा उनके चेहरे, सिर के पिछले हिस्से और हाथों पर जलने के निशान भी पाए गए हैं।

पुलिस जांच में जुटी, दो आरोपी चिन्हित
दामुद्या थाने के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद रबीउल हक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में दो आरोपियों की पहचान की गई है, जिनके नाम रब्बी और सोहाग बताए गए हैं। दोनों स्थानीय निवासी हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था।

New Year 2026: देशभर में नए साल की धूम; खरगे, PM मोदी, राहुल-अखिलेश समेत कई राजनेताओं ने देशवासियों को दी बधाई

0
देशभर में नववर्ष 2026 का स्वागत उल्लास और उम्मीदों के साथ किया जा रहा है। लोग एक दूसरे को बधाई देकर नए साल का स्वागत कर रहे हैं। इस बीच पीएम मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत देशभर के कई नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए खुशहाली, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और प्रगति का संदेश दिया है।

पीएम मोदी ने दी नए साल 2026 की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए साल 2026 की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला साल सभी के लिए अच्छा स्वास्थ्य, समृद्धि और सफलता लेकर आए। प्रधानमंत्री ने कामों में सफलता और जीवन में संतुष्टि की कामना करते हुए समाज में शांति और खुशहाली की प्रार्थना भी की।

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा ‘आप सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। नया साल आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और सफलताएं लेकर आए। Wishing everyone a very Happy New Year 2026!’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नववर्ष को लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण से जोड़ते हुए नागरिकों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि नया साल कमजोर वर्गों के अधिकारों काम का अधिकार, वोट का अधिकार और गरिमा के साथ जीवन जीने के अधिकार की रक्षा के लिए जन आंदोलन बने।खरगे ने युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की समृद्धि और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सम्मान दिलाने को साझा संकल्प बताया।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने संदेश में मानवता, प्रेम और सामाजिक न्याय पर जोर दिया। उन्होंने नववर्ष को उन सभी ‘पीडीए प्रहरी’ को समर्पित किया, जो लोकतंत्र और संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने समानता, सम्मान और सौहार्द को मजबूत करने के संकल्प के साथ नए साल की शुभकामनाएं दीं।

वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने तमिल और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में नए साल का संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोग एकजुट होकर बड़ी सफलता की ओर बढ़ रहे हैं और आने वाला साल सामूहिक प्रगति का वर्ष होगा।