लखनऊ: लखनऊ पुलिस ई-साथी कैंपेन की करेगी शुरुआत – लोगों को पुलिस हेल्पलाइन की मिलेगी जानकारी, JCP एलओ बबलू कुमार ने खाका तैयार किया , इनफ्लुएंसर के माध्यम से लोगों को करेंगे जागरूक , ज्यादा से ज्यादा लोग UPCOP ऐप से जुड़े- JCP
ED की बड़ी कार्रवाई, सुरेश रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ की संपत्ति अटैच..!
१. ED ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की कुल ₹11.14 करोड़ की संपत्ति…
२. अस्थायी रूप से जब्त कर ली है, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA), 2002 के तहत की गई है।
*अटैच की गई संपत्तियों में सुरेश रैना के नाम पर ₹6.64 करोड़ के म्यूचुअल फंड निवेश और शिखर धवन के नाम पर ₹4.5 करोड़ की एक अचल संपत्ति शामिल है।*
महाराजपुर थानाक्षेत्र के मोतीपुर गांव में बुधवार देर रात बाबू सिंह उर्फ बब्बू (40) ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेज दिया। बेटे करन ने बताया कि शराब पीने के कारण पिता का मां सीमा से आए दिन विवाद होता था। मां दो दिन पहले अन्य बच्चों अर्जुन व शिवानी को लेकर मौसी के घर चली गई थीं। बुधवार रात पिता खाना खाने के बाद कमरे में चले गए। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए तो दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर सूचना महाराजपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा वहां पिता का शव फंदे पर लटका हुआ था। महाराजपुर इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय ने बताया कि युवक नशे का लती था। प्रथम दृष्टया पत्नी से विवाद के बाद खुदकुशी की है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, आज बिहार में विकास की सारी योजनाएं हैं। बिहार बदलकर समृद्धि की तरफ बढ़ा है। राजद काल में 1990 से 2005 के मध्य 60 से अधिक जातीय नरसंहार व अपहरण की 30 हजार घटनाएं हुईं। उस समय इंजीनियर, डॉक्टर, बच्चे, व्यापारी के साथ ही सड़क, पुल का भी अपहरण हो जाता था। पेशेवर माफिया व अपराधी इनके शागिर्द बनते थे। यूपी में माफिया को अब बुलडोजर से रौंद दिया गया है। सीएम ने मतदाताओं को चेताया कि माफिया व अपराधियों को सत्ता का स्वाद नहीं चखने देना चाहिए। जब भी इन्हें सत्ता का स्वाद चखाओ तो कीमत चुकाओगे। दंगाइयों को सत्ता का स्वाद चखने नहीं देना है।पीएम ने कांग्रेस व राजद की दलाली रोक दी
योगी ने कहा, पीएम मोदी ने भारत को बदला है। जो काम कांग्रेस 65-70 वर्ष में नहीं कर पाई, मोदी जी ने 11 वर्ष में कर दिया। 46 करोड़ बैंक अकाउंट खोल दिए गए, जिससे गरीबों, महिलाओं व लाभार्थियों का पैसा सीधे अकाउंट में जाता है। पीएम ने कांग्रेस व राजद की दलाली को रोक दिया है, इसलिए यह लोग मोदी जी को गाली देते हैं। राजद के समय बिजली नहीं आती थी, जबकि अब तीन करोड़ लोगों के घर में बिजली कनेक्शन दिए गए।
लालटेन की लाइट में मोबाइल-लैपटॉप नहीं चार्ज कर पाएंगे, क्योंकि बिजली तो एनडीए ही देगी। यह लोग लालटेन दिखाकर बंद कर देते थे, फिर रात में डकैती डालते थे। कांग्रेस, राजद व सपा वाले जाति के नाम पर बांटने का कार्य कर रहे हैं। सीएम ने मतदाताओं को आगाह किया कि बंटे थे तो कटे थे। बंटना नहीं है, एकजुट होकर कांग्रेस-राजद के माफियाराज व जंगलराज का मुंहतोड़ जवाब देना है।
कांग्रेस ने किसानों को भूखमरी की ओर ढकेला तो राजद ने उनका शोषण किया
सीएम ने बिहार की गौरवशाली धरा पर महापुरुषों का स्मरण किया। बोले कि मां जानकी ने इस धरा पर जन्म लेकर साक्षात लक्ष्मी का अवतार बनकर लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। यूपी व बिहार सांझी विरासत के प्रतीक हैं। हमारा संबंध श्रीराम व मां सीता जैसा है। एक-दूसरे के साथ पवित्र संबंध के साथ जुड़े हैं। इसे कोई अलग नहीं कर सकता। शास्त्रीय संगीत की ध्रुपद शैली का जन्म बेतियाराज घराने में हुआ था।
बिहार में जो संभावनाएं थीं, उसे पहले कांग्रेस, फिर राजद ने धूल-धूसरित किया। अंग्रेजों की विरासत के अनुसार कांग्रेस ने किसानों को भूखमरी की ओर ढकेला तो राजद ने उनका शोषण किया। इन लोगों ने समृद्ध बिहार बनने के सपनों को जंगलराज में बदलकर नौजवानों, नागरिकों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, लेकिन 20 वर्ष पहले नौजवानों ने अंगड़ाई ली। नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनी तो इसके साथ ही सुशासन की आधारशिला खड़ी की गई, जिस पर मजबूत इमारत का निर्माण करना है और विकसित बिहार की पीएम मोदी की संकल्पना को आगे बढ़ाना है।
कांग्रेस व राजद नहीं सिखा सकती कृतज्ञता ज्ञापित करना
सीएम योगी ने कहा, कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय में कहा कि श्रीराम हुए ही नहीं। कांग्रेस ने मां सीता और महर्षि वाल्मीकि को भी झुठलाने का बड़ा पाप किया। कांग्रेस आस्था व विरासत का अपमान करती है। राजद ने राम मंदिर के रथ को रोक दिया। यूपी में इनके पार्टनर सपा ने रामभक्तों पर गोली चलाकर अयोध्या को लहुलूहान कर दिया, लेकिन हमने जो कहा-वह करके दिखाया। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो गया।
इससे पहले अयोध्या में बने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नामकरण महर्षि वाल्मीकि के नाम पर हुआ। रसोई मां शबरी और रैनबसेरा निषादराज के नाम पर बना है। 25 नवंबर को पीएम मोदी अयोध्या आ रहे हैं। राम मंदिर में राम दरबार भी है। हनुमानगढ़ी में हनुमानजी महाराज विराजमान हैं।
वहां सुग्रीव किला भी है। रामायण काल के पहले बलिदानी गिद्धराज जटायु भी राम मंदिर की तरफ देख रहे हैं। जिस गिलहरी ने सेतु निर्माण में योगदान दिया, उसकी भी मूर्ति लगाई गई है। यह कृतज्ञता ज्ञापित करने की संस्कृति है। कांग्रेस व राजद कृतज्ञता ज्ञापित करना नहीं सिखा सकती। एनडीए सरकार सीतामढ़ी में भी मां जानकी का मंदिर बना रही है। एनडीए का रथ बिना रुके, झुके, डिगे डबल स्पीड से बढ़ रहा है
Weather in UP: यूपी में सर्दी का आगमन हो चुका है। रात के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने वाली है। उत्तर प्रदेश में शरद ऋतु की विधिवत शुरुआत हो चुकी है। दिन में नवंबर की गुलाबी धूप और रातें सर्द होने लगी हैं। ज्यादातर इलाकों में तड़के सुबह कोहरे का असर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मौसम आने वाले तीन दिनों में प्रदेश भर में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आएगी।
इससे दिन में तो तापमान औसत बना रहेगा लेकिन सुबह और शाम के समय सर्दी में और इजाफा शुरू हो जाएगा। वहीं कोहरे का विस्तार प्रदेश के तराई और पूर्वांचल में दिखाई देगा। दिन के अधिकतम तापमान में अभी कुछ खास बढ़ोतरी के आसार नहीं है।बृहस्पतिवार को प्रदेश भर में पूरब से पश्चिम तक बरेली, मेरठ, कानपुर शहर, बाराबंकी, हरदोई, वाराणसी जैसे लगभग 10 जिलों में रात का पारा 18 डिग्री सेल्सियस के नीचे लुढ़क गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों में प्रदेश भर में रात के पारे में 3 से 5 डिग्री की गिरावट के संकेत हैं। तराई व पूर्वांचल में सुबह के वक्त धुंध व कोहरे का असर भी दिखाई देगा।
राजधानी में सुबह बढ़ेगा कोहरा
राजधानी में दिन में गुनगुनी धूप रही। दिन के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की बढ़त रही। इसके बावजूद माैसम सुहाना रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ में अगले तीन-चार दिन में रात के पारे में 3 से 5 डिग्री की गिरावट के संकेत हैं। वहीं, सुबह के वक्त धुंध व कोहरे का असर भी बढ़ेगा।
औरैया। चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज के ऑपरेशन थियेटर की छत बीते एक माह से टपक रही है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन अब जल्द ही ओटी को शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है।करीब डेढ़ साल पहले मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में ओपीडी, इमरजेंसी व ओटी को शिफ्ट किया गया था। स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी होने के साथ ही ओपीडी का आंकड़ा 600 से बढ़कर दो हजार के पार गया। वहीं, रोजाना 20 से 30 अलग-अलग तरह के ऑपरेशन भी होने शुरू हो गए। दीपावली से पहले अचानक नई बिल्डिंग की छत टपकने लगी। पाइपलाइन में लीकेज से यह समस्या हुई।ओटी जैसे संवेदनशील स्थान पर पानी टपकना मरीजों की जान जोखिम में डालना था। ऐसे में ओटी में रोजाना हो रहे ऑपरेशन पर संकट गहराने लगा। शल्य चिकित्सा के दौरान गंदे पानी से संक्रमण फैलने का भी खतरा मंडरा रहा था। सर्जन व ओटी स्टॉफ की ओर से लगातार इसे लेकर समस्या दूर कराए जाने की मांग की जा रही थी। मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से पुरानी बिल्डिंग में दो मॉड्यूलर ओटी को तैयार किया जा रहा है। अब यहां पर सर्जन मरीजों के ऑपरेशन कर सकेंगे। नई बिल्डिंग के साथ ही पुरानी बिल्डिंग में शिफ्ट हो रही ओटी से काफी हद तक मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश वीर सिंह ने बताया कि पुरानी बिल्डिंग में दो मॉड्यूलर ओटी तैयार कराई जा रही हैं। इसी सप्ताह से संचालन शुरू हो जाएगा। सभी उपकरण फिट करा दिए गए हैं।
मरीजों के ऑपरेशन के मामले में मेडिकल कॉलेज के 15 विभाग फिलहाल सक्रिय हैं। इनमें हड्डी रोग विभाग, स्त्री रोग विभाग, एनाटाॅमी, कम्यूनिटी मेडिसन, जनरल ऑपरेशन, स्किन, ईएनटी शामिल हैं। इन ऑपरेशन की रोजाना मानीटरिंग भी की जा रही है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से ऑपरेशन के बाद मरीजों से फीडबैक लिया जा रहा है।
औरैया। शहर के प्रमुख शहीद पार्क के दिन बहुरेंगे। नगर पालिका परिषद इस पार्क का कायाकल्प कराएगा। इसके लिए 55 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है। पार्क में टूटे झूले ठीक कराए जाएंगे और नए भी लगेंगे। पार्क में लाइटिंग की व्यवस्था के साथ ही युवाओं के लिए ओपन जिम भी बनेगा।शहर में अभी दो ही पार्क हैं, जहां लोग सुबह व शाम को घूमने जा सकते हैं। इन दो में से गौरैया तालाब पार्क की स्थिति थोड़ी ठीक है, पर शहीद पार्क बदहाल है। पार्क में सुंदरता के नाम पर कुछ नहीं है। झूले, सीटें टूट चुकी हैं। यही कारण है कि यहां कम ही लोग आते हैं। पार्क की बदहाली को दूर करने के लिए नगर पालिका परिषद ने इसके जीर्णोद्धार का प्रस्ताव तैयार किया। इस कार्य में 55 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए बजट भी मिल गया है। अभी यहां मिट्टी भरने का काम चल रहा है। इसके बाद पार्क का सौंदर्यीकरण शुरू होगा। पार्क को आकर्षक लाइटों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही टूटे पड़े झूले ठीक कराए जाएंगे व बच्चों को आकर्षित करने वाले नए झूले लगाए जाएंगे। युवाओं को रिझाने के लिए पार्क में ओपन जिम बनाया जाएगा। कुछ ही दिनों में पार्क की सूरत बदली दिखेगी।
शहीद पार्क के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो गया है। इसे बड़े शहरों के पार्काें की तर्ज पर डिजाइन किया जाएगा, ताकि लोग यहां घूमने आ सकें। कुछ ऐसे नए झूले भी मंगाए गए हैं, जो बच्चों को पसंद आते हैं। ओपन जिम में उपकरण रहेंगे, ताकि कसरत की जा सके।
– अनूप गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष
नेशनल डेस्कः भारत अब केवल एक विशाल उपभोक्ता बाजार नहीं, बल्कि दुनिया की नई फैक्ट्री के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। हाल के महीनों में वैश्विक दिग्गज कंपनियों Ford, HP, LG और कई अन्य ने भारत में बड़े निवेश और हाई-टेक फैक्ट्रियां लगाने की योजनाएं घोषित की हैं। इसका मतलब साफ है कि भारत अब चीन या वियतनाम के ‘कम लागत वाले विकल्प’ से आगे बढ़कर, एक “पूर्ण मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन सेंटर” बन रहा है।
Ford की वापसी: चेन्नई से दुनिया के लिए बनेगा ‘इंजन हब’
अमेरिकी ऑटो दिग्गज Ford Motor Company ने भारत से बाहर निकलने के तीन साल बाद अब दोबारा वापसी की घोषणा की है। कंपनी अपने चेन्नई प्लांट को हाई-एंड इंजन मैन्युफैक्चरिंग सेंटर में बदल रही है। यहां सालाना 2.35 लाख से अधिक इंजन तैयार होंगे, जिन्हें दुनिया के कई देशों में एक्सपोर्ट किया जाएगा लेकिन अमेरिका को नहीं भेजा जाएगा। यह दिखाता है कि फोर्ड भारत को अब केवल एशियाई मार्केट का सप्लायर नहीं, बल्कि वैश्विक सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बना रहा है।
HP के सभी लैपटॉप अब ‘मेड इन इंडिया’
टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी भारत का पलड़ा भारी हो रहा है। HP Inc ने ऐलान किया है कि आने वाले 3 से 5 सालों में भारत में बिकने वाले सभी लैपटॉप और कंप्यूटर यहीं बनाए जाएंगे। कंपनी की योजना भारत को एक एक्सपोर्ट हब के रूप में भी विकसित करने की है। यानी, यहां से न केवल घरेलू मांग पूरी होगी बल्कि HP भारत से अन्य देशों को भी लैपटॉप निर्यात करेगा। यह फैसला केंद्र सरकार की Production Linked Incentive (PLI) स्कीम के तहत है, जिसने इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को आकर्षक बनाया है।
LG बनाएगा भारत में कैपिटल गुड्स और R&D सेंटर
दक्षिण कोरिया की LG Electronics भारत में अपने भारी औद्योगिक उत्पादन, यानी कैपिटल गुड्स (फैक्ट्रियों में लगने वाली मशीनें) को कोरिया, चीन और वियतनाम से भारत शिफ्ट करने की योजना बना रही है। साथ ही, LG समूह नोएडा में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से एक ग्लोबल R&D सेंटर स्थापित कर रहा है, जो पूरी तरह से रिसर्च और डिज़ाइन पर केंद्रित होगा। इससे करीब 500 उच्च कौशल वाले इंजीनियरों को रोज़गार मिलेगा।
भारत क्यों बन रहा है ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब
दुनिया की कंपनियों का भारत की ओर रुख करने के पीछे तीन मुख्य कारण हैं:
सरकार की नीतिगत स्पष्टता:
‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और PLI जैसी योजनाओं ने विदेशी निवेशकों को स्थिरता और भरोसा दिया है।
युवा और तकनीकी रूप से कुशल कार्यबल:
भारत की विशाल इंग्लिश-स्पीकिंग और टेक्निकल वर्कफोर्स कंपनियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण है।
बदलता वैश्विक माहौल:
अमेरिका-चीन तनाव और सप्लाई चेन में विविधता की वैश्विक ज़रूरत ने भारत को “भरोसेमंद विकल्प” बना दिया है।
भारत अब ‘विकल्प नहीं, अवसर’ है
आज भारत को केवल चीन के विकल्प (Alternative to China) के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि एक समान रूप से सक्षम और नवाचार-उन्मुख उत्पादन केंद्र (Parallel Innovation Hub) के रूप में स्वीकार किया जा रहा है। भारत में अब न केवल मोबाइल और कारें, बल्कि सेमीकंडक्टर, एयरोस्पेस कंपोनेंट्स, मेडिकल डिवाइस और एआई हार्डवेयर भी बनने लगे हैं।
नेशनल डेस्कः नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही बैंकों में त्योहारों और चुनावी कार्यक्रमों के चलते लगातार छुट्टियां पड़ रही हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने नवंबर 2025 के लिए बैंक हॉलिडे कैलेंडर जारी किया है, जिसके मुताबिक 6 नवंबर (गुरुवार) को देश के दो राज्यों – बिहार और मेघालय में बैंक बंद रहेंगे।
6 नवंबर को क्यों बंद रहेंगे बैंक?
RBI के अनुसार, बिहार में इस दिन विधानसभा आम चुनाव 2025 के तहत मतदान होगा। इसलिए राज्य सरकार ने सभी सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और बैंकों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है, ताकि कर्मचारी मतदान प्रक्रिया में शामिल हो सकें और चुनावी ड्यूटी में भाग ले सकें।
वहीं, मेघालय में 6 नवंबर को पारंपरिक नोंगक्रेम डांस फेस्टिवल मनाया जाएगा। यह त्योहार राज्य की खासी जनजाति की सबसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक परंपराओं में से एक है। इसे शिलांग के पास उमडेन इलाके में मनाया जाता है, जहां स्थानीय लोग फसल और समृद्धि के लिए पारंपरिक नृत्य और रीति-रिवाजों से धन्यवाद अर्पित करते हैं। इसी वजह से राज्य सरकार ने उस दिन बैंक और सरकारी संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।
RBI की हॉलिडे लिस्ट: 5 से 9 नवंबर तक छुट्टियों की लड़ी
RBI के “Negotiable Instruments Act” के तहत घोषित बैंक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, 5 से 9 नवंबर 2025 के बीच कई राज्यों में अलग-अलग कारणों से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हालांकि, यह छुट्टियां राज्य-वार लागू होंगी — यानी सभी राज्यों में एक साथ बैंक बंद नहीं होंगे।
6 नवंबर (गुरुवार)
बिहार – विधानसभा चुनाव
मेघालय – नोंगक्रेम डांस फेस्टिवल
7 नवंबर (शुक्रवार)
मेघालय में वांगला फेस्टिवल के चलते बैंक बंद रहेंगे।
यह त्योहार गरो जनजाति का प्रमुख पर्व है, जो फसल कटाई के बाद भगवान मिस्टू सैलजोंग को धन्यवाद देने के लिए मनाया जाता है।
8 नवंबर (शनिवार)
देशभर में दूसरा शनिवार, इसलिए सभी बैंक बंद रहेंगे।
साथ ही, कर्नाटक में कनकदास जयंती के उपलक्ष्य में भी बैंक हॉलिडे घोषित की गई है।
9 नवंबर (रविवार)
रविवार के कारण पूरे देश में सभी बैंक बंद रहेंगे।
ग्राहकों के लिए जरूरी सूचना
हालकि इन छुट्टियों के दौरान नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, ATM सेवाएं और UPI ट्रांजैक्शन पहले की तरह चालू रहेंगे, लेकिन ब्रांच संबंधित काम, जैसे चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट, या डॉक्यूमेंट सबमिशन, इन दिनों प्रभावित हो सकते हैं। ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे जरूरी बैंकिंग कार्य जैसे कैश डिपॉज़िट या डॉक्यूमेंट सबमिशन 5 या 10 नवंबर से पहले निपटा लें।
नेशनल डेस्कः उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड में ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी की शुरुआती दस्तक का एहसास करा दिया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले कुछ दिनों के लिए उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
3 से 5 डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3–5°C की गिरावट दर्ज की जा सकती है। जबकि मध्य भारत में यह गिरावट 2–4°C तक रहेगी। IMD ने कहा कि यह ठंड का शुरुआती दौर है और इसके बाद नवंबर के दूसरे सप्ताह से रातों में ठिठुरन बढ़ेगी। फिलहाल दिन में धूप रहेगी, लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलेंगी।
पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड के चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में बुधवार शाम से ही मौसम बदला हुआ है। बदरीनाथ, केदारनाथ और औली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। निचले इलाकों में हल्की बारिश और शीतल हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी है। बदरीनाथ में लगातार दूसरे दिन हल्की हिमपात और बूंदाबांदी हुई।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश का अनुमान
IMD ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया कि, तमिलनाडु और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 1 नवंबर से लेकर अगले 48 घंटे तक भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना है। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिज़ोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, महाराष्ट्र और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज़ हवाओं की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में भी बढ़ेगी ठंड, सुबह कोहरा छाएगा
राजस्थान में मौसम ने करवट ली है। कई जिलों में हल्की बारिश और 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने तापमान गिरा दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में 3–5°C तक गिरावट होगी। श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़, नागौर और चूरू में सबसे तेज़ गिरावट दर्ज की जा सकती है। आने वाले दिनों में सुबह कोहरा और रात में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में चल रहीं ठंडी हवाएं
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भी सर्दी ने दस्तक दे दी है। बुधवार शाम से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में ठंडी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। बीते 24 घंटों में हवा की औसत रफ्तार 15 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.4°C (मौसमी औसत से 1.6°C अधिक) और न्यूनतम तापमान 18.4°C रहा। बृहस्पतिवार को आसमान साफ़ रहेगा, और तापमान अधिकतम 32°C तथा न्यूनतम 18°C के आसपास रहने की संभावना है।
आगे क्या?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में नवंबर का पहला हफ्ता ठंड की शुरुआत का संकेत देगा। मध्य और दक्षिण भारत में फिलहाल बारिश का दौर रहेगा, जबकि उत्तरी राज्यों में तापमान तेजी से नीचे आएगा। अगर यही ट्रेंड रहा तो इस बार सर्दी का मौसम सामान्य से लंबा और ठंडा रहने की संभावना है।