Saturday, February 14, 2026
Home Blog Page 49

लखनऊ सीबीआई स्पेशल कोर्ट का बड़ा फैसला

0

लखनऊ- सीबीआई स्पेशल कोर्ट का बड़ा फैसला, फर्जी बीमा घोटाले में 4 आरोपियों को सजा, एक आरोपी को कोर्ट ने किया बरी, एनके सिंघल को 3 साल कारावास, 2.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, न्यू इंडिया इंश्योरेंस, कानपुर में थे अधिकारी, सह आरोपी संजय कुमार जैन को 3 साल की सजा, संजय कुमार जैन पर 95 हजार रुपये का जुर्माना, सह आरोपी नीरज कपूर को भी 3 साल कारावास, नीरज कपूर पर 95 हजार रुपये का जुर्माना, आरोपी बृजेश कनोडिया को 2 साल की सजा, बृजेश कनोडिया पर 25 हजार रुपये का जुर्माना, सीबीआई ने 2004 को दर्ज की थी एफआईआर, फर्जी बीमा क्लेम से कंपनी को नुकसान

दिबियापुर खेत गए किसान का फंदे से लटका मिला शव

0

दिबियापुर। खेत पर फसल की रखवाली करने गए बुजुर्ग किसान का शव फंदे से लटका मिला। छानबीन के बाद थाना पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सहायल थाना क्षेत्र के भगत का पुरवा निवासी देव सिंह (60) शुक्रवार रात आठ बजे खाने के बाद खेत पर रोज की तरह फसल की रखवाली के लिए गए थे। देर रात एक बजे पास में काम कर रहे लोगों ने किसान का शव खेत में फंदे से लटका मिला। आसपास के किसानों ने परिजन को सूचना देकर मौके पर बुलाया।जानकारी पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पत्नी आशा तीन बेटे सोनू, संदीप, प्रदीप व तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक का बेटा खेती के साथ प्राइवेट नौकरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। परिजन के अनुसार देव सिंह ने सहार स्थित कोऑपरेटिव बैंक से 20-25 हजार का कर्जा भी ले रखा था।

थाना प्रभारी निरीक्षक सहायल विनोद कुमार ने बताया कि देव सिंह गांजा पीने का आदी होने के साथ ही मानसिक रूप से बीमार भी थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya News: ककोर में एकीकृत न्यायालय का सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ने किया शिलान्यास

0

 ककोर में एकीकृत न्यायालय का सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ने किया शिलान्यास

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई जज मौजूद रहे। कार्यक्रम को वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में जिला जज मयंक चौहान, डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, एसपी अभिषेक भारती व कई न्यायिक अधिकारी की उपस्थिति में देखा गया।एकीकृत न्यायालय की डिजाइन व रूपरेखा को एक वीडियो के जरिये दिखाया गया। इसमें एक छत के नीचे कई न्यायालय, न्यायिक अधिकारियों के आवास, वकीलों के लिए बेहतर चैंबर, पार्क, कैंटीन, डाकघर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसकी जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश के 10 ऐसे जिले हैं, जहां खुद का जिला न्यायालय नहीं है। सरकार ने प्रथम चरण में औरैया सहित छह जिलों के लिए बजट जारी किया है।

सीएम ने बताया कि न्यायपालिका के लिए सरकार के पास धन की कमी नहीं है, केवल इच्छाशक्ति चाहिए। नई डिजाइन वाले एकीकृत न्यायालयों को इस तरह का बताया जा रहा है, जहां 100 न्यायालयों तक का विस्तार भविष्य में हो सके। दो साल में जिला जजी तैयार हो जाएगी। शिलान्यास करते हुए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत स्थापित होने वाले एकीकृत न्यायालय की डिजाइन व उसमें दी जा रहीं सुविधाओं से अभिभूति दिखे और उन्होंने कहा कि अब प्रदेश न्याय के मंदिरों के लिए भी जाना जाएगा।

न्यायमूर्ति ने कहा कि वह अन्य प्रदेशों में भी यूपी के न्यायालयों का उदाहरण देकर इस ओर कदम उठाने को कहेंगे। न्यायालय में बेटियों व महिलाओं के लिए वार रूम व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापना का सुझाव मुख्यमंत्री को दिया।

बिधूना: परिवार रजिस्टर में विधवा की जगह दर्ज कर दिया दूसरी शादी

0

बिधूना। न्यायालय परिसर के वर्चुअल शिलान्यास के कारण संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को डीएम व एसपी नहीं पहुंचे। इससे एसडीएम गरिमा सोनकिया ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।इस दौरान एक महिला ने शिकायत की कि परिवार रजिस्टर में उसके नाम के आगे दूसरी शादी दर्ज की गई है, जबकि वह विधवा हैँ। समाधान दिवस में 149 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागाध्यक्षों को भेजते हुए निर्देश दिए गए कि एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष जांच कर मौके पर जाकर निस्तारण किया जाए।इस मौके पर नंदपुर कुर्सी निवासी मीना देवी ने शिकायत की थी कि परिवार रजिस्टर में उनके नाम के सामने दूसरी शादी दर्ज कर दी गई है, जबकि उन्होंने दूसरी शादी नहीं की है। उन्होंने परिवार रजिस्टर में दूसरी शादी की जगह विधवा दर्ज किए जाने की मांग की। इस मामले की जांच के निर्देश बीडीओ को दिए गए हैं।

वहीं, सुखताल निवासी रूप सिंह ने शिकायत की है कि उन्होंने 3468 रुपये का बकाया बिजली का बिल जमा कर दिया था। इसके बाद भी मनमाने तरीके से 8255 रुपये का नया बिल भेज दिया गया है। उन्होंने बिल में सुधार की मांग की। पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए सीओ पी. पुनीत मिश्रा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि छोटी-छोटी शिकायतों का भी गंभीरता से तत्काल निस्तारण करें। इस मौके पर तहसीलदार शर्मानानंद व सीएमओ सुरेंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कर्मचारी को किया सम्मानित
बिधूना। ग्राम पंचायत कुर्सी में एग्रीकल्चर क्रॉप सर्वे में तैनात अजीत कुमार को उत्कृष्ट कार्य करने पर संपूर्ण समाधान दिवस पर एसडीएम द्वारा सम्मानित किया गया। एसडीएम गरिमा सोनकिया ने कहा कि अजीत कुमार ने अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया है। एसडीएम ने अन्य कर्मचारियों से भी अपील की है कि वह अजीत कुमार से प्रेरणा लें।(संवाद)

British Sikh Report: यूके में 49% सिखों में बढ़ी असुरक्षा की भावना, 9/11 की आतंकी घटना के बाद से पहचान का संकट

0

ब्रिटेन की संसद में पेश 11वीं ब्रिटिश सिख रिपोर्ट ने देश के बहुसांस्कृतिक ताने-बाने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन में रहने वाले 49 प्रतिशत सिख बढ़ती सिख-विरोधी भावनाओं, नस्लीय नफरत और कट्टर सोच के कारण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यह चिंता केवल हालिया घटनाओं की देन नहीं बल्कि दशकों पुराने नस्लीय हमलों और हाल के वर्षों में उभरी नई किस्म की नफरत का परिणाम है। वह 9/11 के बाद गलत पहचान के संकट से जूझ रहे हैं। ब्रिटेन में सिखों पर नस्लीय हमलों का इतिहास 1970 और 1980 के दशक से जुड़ा है। उस दौर में साउथहॉल, स्मेथविक और वेस्ट मिडलैंड्स जैसे इलाकों में सिखों और अन्य एशियाई समुदायों पर खुलेआम हमले, दुकानों में तोड़फोड़ और गुरुद्वारों के बाहर धमकियों की घटनाएं सामने आती रहीं।

इन घटनाओं ने समुदाय के भीतर असुरक्षा की गहरी भावना पैदा की जिसकी छाया आज भी बनी हुई है। हाल ही में 15 वर्षीय सिख बच्ची को गैंग द्वारा निशाना बनाए जाने की कोशिश ने इस चिंता को और गहरा कर दिया। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद सिखों को अक्सर गलत पहचान का शिकार होना पड़ा। दाढ़ी और पगड़ी के कारण उन्हें कट्टरपंथ से जोड़कर देखा गया जिससे सार्वजनिक अपमान, शारीरिक हमले और शिक्षा व रोजगार में भेदभाव की शिकायतें बढ़ीं। सामुदायिक संगठनों का कहना है कि ऐसे कई मामलों की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हो पाई।

रिपोर्ट बताती है कि बीते एक दशक में सिख-विरोधी घटनाओं ने नया रूप ले लिया है। नफरत अब सड़कों तक सीमित नहीं रही बल्कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल रही है। फर्जी खबरें, सिख इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करना और घृणास्पद भाषा समुदाय के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

राजनीतिक प्रतिनिधित्व से असंतोष
सिखों की चिंता सामाजिक दायरे से आगे बढ़कर राजनीतिक स्तर तक पहुंच गई है। रिपोर्ट के अनुसार 46 प्रतिशत सिख मौजूदा राजनीतिक प्रतिनिधित्व से संतुष्ट नहीं हैं। 2024 के आम चुनावों में लेबर पार्टी की ओर झुकाव के बावजूद अब राजनीतिक दलों पर भरोसा कमजोर पड़ता दिख रहा है। सिख मतदाता अब नीतियों के साथ-साथ सुरक्षा, सम्मान और पहचान को प्राथमिकता दे रहे हैं। ब्रिटिश सेना में सिखों के ऐतिहासिक योगदान के बावजूद असंतोष बना हुआ है।

Iran Protests: खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को बताया ‘अपराधी’, हजारों लोगों की मौत का जिम्मेदार ठहराया

0

ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनई ने शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘अपराधी’ करार दिया, और हजारों प्रदर्शनकारियों की मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप ने विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का समर्थन किया था।सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक भाषण में खामेनेई ने कहा कि इन विरोध प्रदर्शनों में ‘कई हजार’ लोग मारे गए। यह पहली बार है जब किसी ईरानी नेता ने यह बताया कि दिसंबर 28 से शुरू हुए और हिंसक तरीके से दबाए गए प्रदर्शन में कितने लोग मारे गए। ईरानी सर्वोच्च नेता ने अपने भाषण में क्या कहा?

    • खामेनेई ने कहा कि इस विद्रोह के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्यक्तिगत रूप से बयान दिए।
    • उन्होंने कहा कि ट्रंप ने आक्रोशित लोगों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा- हम आपका समर्थन करते हैं, हम आपको सैन्य रूप से समर्थन भी देते हैं।
  • खामेनेई ने दोहराया कि अमेरिका ईरान के आर्थिक और राजनीतिक संसाधनों पर दबदबा चाहता है।
  • खामेनेई का सभी सरकारी मामलों में फैसला अंतिम होता है।

उन्होंने कहा,  मौतों और नुकसान और ईरानी जनता के खिलाफ आरोपों के कारण हम अमेरिकी राष्ट्रपति को अपराधी मानते हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों का अमेरिका का एजेंट बताया और कहा कि उन्होंने मस्जिदों और शिक्षण केंद्रों को नष्ट किया। लोगों को नुकसान पहुंचाकर उन्होंने कई हजार लोगों की हत्या की।

राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा?
वहीं, ट्रंप ने शनिवार को एक इंटरव्यू में कहा, यह आदमी बीमार है, उसे अपने देश को सही तरीके से चलाना चाहिए और लोगों की हत्या रोकनी चाहिए। उनका देश रहने के लिए दुनिया में सबसे खराब जगह है, क्योंकि वहां नेतृत्व खराब है। उन्होंने कहा, ईरान में नए नेतृत्व की तलाश करने का समय आ गया है।

 

Weather: उत्तर भारत में घने कोहरे से परिवहन सेवाएं प्रभावित, कई राज्यों में शीतलहर; 50 से अधिक ट्रेनें लेट

0

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी और भीषण शीतलहर के बीच कोहरे का कहर जारी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई स्थानों पर शनिवार सुबह अत्यंत घना कोहरा छाया रहा और कुछ जगहों पर दृश्यता शून्य रह गई। इसका असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ा। दिल्ली से आने-जाने वाली 50 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई, जिनमें राजधानी और शताब्दी भी शामिल हैं। कई उड़ानों में भी देरी हुई। सड़क पर वाहन रेंगते रहे और उत्तर प्रदेश और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की टक्कर हो गई, जिसमें 17 लोगों की जान चली गई। अभी कम से कम छह दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देर रात और सुबह के समय पंजाब के अधिकांश स्थानों पर, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकांश स्थानों पर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर तथा जम्मू और कश्मीर तथा उत्तराखंड के छिटपुट स्थानों पर घना से अत्यंत घना कोहरा छाया रहा।

श्रीनगर, अमृतसर, अंबाला, आगरा एयरफोर्स स्टेशन, मुरादाबाद, अलीगढ़, सरसावा व हिंडन एयरफोर्स स्टेशन और बाराबंकी प्रत्येक जगह भी दृश्यता शून्य मीटर रही। मेरठ में 10, बरेली 20, अलीगढ़ 25, बलिया 20, लखनऊ 50, अयोध्या 75, हरियाणा के करनाल, 20, हिसार 40 और पंजाब के फरीदकोट 15 और लुखियाना में 50 मीटर दृश्यता रिकॉर्ड की गई।

कुल्लू से किन्नौर तक बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। किन्नौर कैलाश की पहाड़ियों पर भी शनिवार दोपहर बाद बर्फबारी हुई। काजा में भी सुबह हल्की बर्फबारी हुई। राज्य के कई जिलों में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम विभाग ने 23 जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब बने रहने का पूर्वानुमान जताया है।

कश्मीर में भी गिरे फाहे
पश्चिमी विक्षोभ के कारण कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार शाम से ही बर्फबारी हो रही है। सोनमर्ग, गुलमर्ग, काजीगुंड और हिमाचल के रोहतांग दर्दा समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ है। वादियां बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई हैं। इससे बर्फबारी देखने वादियों में पहुंचे सैलानियों के तो मजे आ गए, लेकिन स्थानीय लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। जोजिला, साधना टॉप और राजदान पास में बर्फबारी के चलते कुछ समय के लिए मार्ग बंद करना पड़ा।

अरुणाचल की जमी सेला झील में डूबे दो सैलानी
अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में जमी हुई सेला झील में केरल के दो सैलानियों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार दोपहर घटी जब सात सदस्यीय सैलानियों के समूह का एक सदस्य जमी हुई झील में फिसल गया और डूबने लगा। दो अन्य पर्यटक उसे बचाने के लिए झील में उतरे। इनमें से भी एक बर्फीले पानी में बह गए। झील की सतह पर बर्फ की हल्की परत जमने से यह हादसा हुआ। बसेना, एसडीआरएफ, एसएसबीी, आईटीबीपी और जिला पुलिस ने दोनों को बचाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया, लेकिन किसी को भी बचाया नहीं जा सका।

मैदानों में सबसे कम 3 डिग्री तापमान नारनौल में
हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति बनी रही। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस हरियाणा के नारनौल में दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में 4.4 डिग्री, दिल्ली में 4.4 डिग्री, एनसीआर के गाजियाबाद में 5.5, गुरुग्राम में 3.8 और फरीदाबाद में 8.2, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में 3.5 डिग्री और राजस्थान के अलवर में सबसे कम 5.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

TOP News: मौनी अमावस्या पर आस्था का सैलाब, ग्रीनलैंड पर तकरार-ट्रंप का टैरिफ वार; अभी कोहरे से राहत नहीं

0
उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया है। वहीं, ईरान में हिंसक विरोध प्रदर्शन और हजारों मौतों के बीच सर्वोच्च नेता खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को ‘अपराधी’ करार दिया। उधर, ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर नियंत्रण के मुद्दे को लेकर यूरोपीय संघ के आठ सदस्य देशों पर अगले महीने से दस फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। यूरोपीय संघ ने इसका सख्त विरोध किया है। इसी बीच, ईरान से लौटकर कश्मीरी छात्र श्रीनगर पहुंचे। दिल्ली में गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर साढ़े तीन करोड़ श्रद्धालु स्नान करेंगे। सुरक्षा के लिए पुलिस ने मजबूत निगरानी व्यवस्था की है।  बीएमसी में चार दशक बाद भाजपा का पहला महापौर बनाने का मामला जटिल हो गया है। इधर, भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे वनडे में सीरीज का निर्णायक मुकाबला होगा। सोने की बढ़ती कीमतों ने भारतीय परिवारों की संपत्ति में अभूतपूर्व वृद्धि की है, जिससे उनकी आर्थिक ताकत बढ़ी है। कंगना रनौत ने फिल्म इंडस्ट्री में पक्षपात और नफरत की खुलकर आलोचना की। उधर, विश्व पुस्तक मेले के अंतिम दिन पाठकों की भारी भीड़ और किताबों पर 20-40 प्रतिशत की छूट ने साहित्य प्रेमियों को आकर्षित किया।

औरैया: एसआर क्रिकेट क्लब ने स्योढ़ा को हराया

0

औरैया। शहर से सटे देवकली खेल मैदान में बृहस्पतिवार को खानपुर प्रीमियर लीग का शुभारंभ हो गया। उद्घाटन मुकाबले में एसआर क्रिकेट क्लब ने स्याेढ़ा की टीम को दो विकेट से हराकर जीत दर्ज की।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्योढ़ा की टीम 18.5 ओवर में 137 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से मोहम्मद आसिफ ने 35, गौतम मल्होत्रा ने 21 रनों का योगदान किया। टीम के सात खिलाड़ी दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच सके। एसआर क्रिकेट क्लब की ओर से अनुरुद्ध ने चार विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआर क्रिकेट क्लब की टीम के राघव के 34, विषराज व छोटू के 21-21 रनों की पारियों के दम पर दो विकेट से जीत हासिल कर ली। स्योढ़ा की ओर से गौतम व सलमान ने तीन-तीन विकेट निकाले। आयोजन जाकिर खान ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर प्रतियोगिता का समापन होगा। इससे पूर्व लीग का शुभारंभ नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अनूप गुप्ता ने किया।

ककोर: सड़क हादसे में घायल ट्रेनी डॉक्टर की उपचार के दौरान मौत

0

ककोर। ककोर बुजुर्ग गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बुधवार को कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार पास में रखी पेटी में टकरा गई। हादसे में स्कूटी सवार ट्रेनी डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि एयरबैग खुलने से कार सवार बच गया। घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां से सैफई रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान ट्रेनी डाॅक्टर की मौत हो गई।हरियाणा के झज्जर निवासी कुलदीप चौहान (30) मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर थे। गांव समाधान पुर्वा के मेडिकल कॉलेज स्थित शैक्षिक भवन परिसर में बने आवास में ही वह रहते थे। बुधवार को वह गांव चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। उन्होंने ककोर बुजुर्ग स्थित पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए स्कूटी मोड़ी। इसी दौरान दिबियापुर की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी और पास में रखी पेटी से टकरा गई।

हादसे में कुलदीप चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एयरबैग खुलने से कार सवार बच गया। आसपास के लोगों ने घायल कुलदीप को मेडिकल कॉलेज भेजा जहां से सैफई रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान डॉक्टर की मौत हो गई। पुलिस की सूचना मिलने के बाद परिजन हरियाणा से सैफई पहुंचे।

कार सवार युवक विकास भवन स्थित समाज कल्याण कार्यालय का बाबू बताया जा रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि शव का इटावा में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त कार व स्कूटी को खड़ा करा लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।