कटड़ा : लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को कटड़ा-रियासी मार्ग पर रेलवे ब्रिज के समीप पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। भूस्खलन के चलते सड़क पर मलबा और पत्थर आ जाने से यातायात प्रभावित हो गया।
घटना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा सुरक्षा के मद्देनजर एशिया चौक से बालनी नाके तक वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। वहीं, यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा को देखते हुए यातायात को दक्षिणी डियोड़ी वैकल्पिक मार्ग से सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि भूस्खलन के दौरान किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। संबंधित विभाग द्वारा सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यातायात और मौसम संबंधी प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।


