Saturday, February 14, 2026

Lucknow: बेहटा गांव में तीसरे दिन भी भारी मात्रा में मिले पटाखे, पुलिस ने कराया डिस्पोज

यह भी पढ़े

गुडंबा के बेहटा व सेमरा गांव में हुए विस्फोट के तीसरे दिन भी पुलिस की छापेमारी जारी रही। मृतक आलम के एक रिश्तेदार की कॉस्मेटिक की दुकान से पुलिस ने तीन बोरे पटाखे बरामद किए। इसके अलावा पुलिस ने कुछ जगहों से पटाखों में प्रयोग होने वाला बारूद और पटाखों के खोल भी जब्त किए हैं। पुलिस ने बरामद पटाखों का डिस्पोज करा दिया है। इस मामले में दर्ज केस के आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ सकी है। आरोपियों की तलाश में बाराबंकी व अन्य कुछ जगहों पर दबिश भी दी गई।

एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मृतक आलम के एक रिश्तेदार की शानू कॉस्मेटिक नाम से दुकान में कुछ पटाखे रखे गए हैं। इस सूचना पर पुलिस की टीम ने दुकान का ताला खुलवा कर तीन बोरे पटाखे बरामद किए। उन्होंने बताया कि दुकान मालिक का नाम शानू बताया गया है। पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है। इसके अलावा दिन भर पुलिस ने बेहटा गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया। कुछ जगहों से पुलिस को पटाखों में प्रयोग वाली सामग्री और खोल मिले। पुलिस ने सारे सामान को जब्त कर लिया।
सुबह आंख खुली तो खेत व प्लाट में मिले पटाखे
पुलिस की सख्ती के बाद इलाके में चोरी छुपे पटाखों का काम करने वालों को कार्रवाई का डर सताने लगा है। यहीं वजह है कि रात के अंधेरे में अवैध धंधा करने वाले खेतों व खाली प्लाट में पटाखों को फेंक दे रहे हैं। मंगलवार सुबह भी गांव के कई खेतों व प्लाट में कुछ बोरियों में पटाखे मिले। कुछ जगहों पर रोड पर सुतली बम व अन्य सामान बिखरा हुआ मिला। पुलिस ने सभी को जब्त कर लिया है।

कुछ नए नाम सामने आए, जल्द बनाए जाएंगे आरोपी
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि निलंबित चौकी इंचार्ज संतोष पटेल की तहरीर पर दर्ज हुए केस के आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। सभी आरोपी घर छोड़कर भागे हुए हैं। पुलिस के सूत्र बताते हैं कि आरोपियों के बाराबंकी में छिपे होने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने वहां दबिश भी दी, पर आरोपी हाथ नहीं लगे। एसीपी ने बताया कि पुलिस को अपनी जांच में कुछ नए नाम पता चले हैं। उनकी भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही उन लोगों को भी केस में आरोपी बनाया जाएगा। 

पटाखों को फेंकने से ग्रामीणों में दहशत

बेहटा गांव में रविवार को हुए विस्फोट के बाद ग्रामीण अब खेतों व खाली प्लाट में मिलने वाले पटाखों से खौफजदा है। लोगों का कहना है कि अंधेरा होता ही लोग पटाखे फेंक दे रहे हैं और ऐसे में फिर से कोई हादसा होने का डर है। रात को लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं। लोगों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। कुछ लोगों ने कहा कि इतनी सख्ती के बावजूद भी अंधेरा होते ही पटाखों के अवैध कारोबार से जुड़े लोग पटाखे फेंक दे रहे हैं और पुलिस को भनक तक नहीं लग पा रही है।

घायलों की हालत बेहद नाजुक, इलाज जारी
पटाखों के विस्फोट में घायल हुए इरशाद और नदीम की हालत बेहद गंभीर बनी है। केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार ने बताया कि दोनों युवक आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों की टीम पूरा प्रयास कर रही है।

- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे