Wednesday, February 18, 2026

Auraiya News: उल्लास व उमंग बीच मनी दीपावली, गोवर्धन भगवान को लगा भोग

यह भी पढ़े

औरैया। दीपावली त्योहार पर दो दिनों तक उल्लास व उमंग का माहौल देखने को मिला। घरों को जहां इलेक्ट्रानिक झालरों से सजाया गया। रात में जमकर आतिशबाजी चली। वहीं, एक-दूसरे घर जाकर लोगों ने मिठाई खिलाते हुए दीप पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही भगवान का पूजन करते हुए सुख समृद्धि की दुआ मांगी।

छोटी दीपावली से ही लोगों ने घरों को झिलमिल लाइटों से सजा दिया। निकायों के प्रमुख स्थानों से लेकर चौराहों व स्ट्रीट लाइटों पर भी झालरों से भव्यता बढ़ाई गई। प्रमुख मार्गों पर आवागमन करने के दौरान रोशनी का नजारा लोगों को आकर्षित करने वाला रहा। रातभर बच्चों व युवाओं ने जमकर आतिशबाजी चलाई। स्थिति यह रही कि पूरा आसमान पटाखों की रोशनी से जगमग नजर आया। वहीं बुधवार घरों में गोवर्धन पूजा की गई। मंदिरों में भी विशेष पूजा पाठ की गई। घरों में महिलाओं ने गोबर से एक परिवार की कलाकृति बनाई। वहीं दीपों से इसे जगमग किया। दिबियापुर, बिधूना, औरैया, अजीतमल, अटसू, फफूंद, सहार, बेला, एरवाकटरा, अछल्दा समेत सभी जगहों पर रौनक देखने को मिली।

बिधूना। बुधवार को गोवर्धन पूजा का पर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर महिलाओं ने अपने घरों में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर पारंपरिक विधि-विधान से पूजा अर्चना की। पूजा के दौरान भक्तों ने रोली, चावल, खीर, बताशे, दूध, पान, केसर, फूल और दीपक जलाकर गोवर्धन भगवान की आराधना की। इसके साथ ही गाय, बछड़ा और बैल की भी पूजा की गई। गोवर्धन महाराज की नाभि पर मिट्टी का दीपक रखकर भक्तों ने परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया।
- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे