सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव परिणाम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणाम से चुनावी साजिश का भंडाफोड़ हो चुका है। बिहार विधानसभा चुनाव के आ रहे रुझान में एनडीए की स्पष्ट बहुमत से सरकार बनती नजर आ रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इन परिणामों ने एसआईआर के खेल को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा दल नहीं छल है।
उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि बिहार में जो खेल SIR ने किया है वो प. बंगाल, तमिलनाडू, यूपी और बाक़ी जगह पर अब नहीं हो पायेगा क्योंकि इस चुनावी साज़िश का अब भंडाफोड़ हो चुका है। अब आगे हम ये खेल, इनको नहीं खेलने देंगे। CCTV की तरह हमारा ‘PPTV’ मतलब ‘पीडीए प्रहरी’ चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा। भाजपा दल नहीं छल है।वहीं, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर कहा कि बिहार की तरह यूपी में भी 2027 में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने एक्स पर कहा कि मगध जीता, अवध भी जीतेंगे। 2027 में 2017 दोहराएंगे!


