बिधूना। बेला-बिधूना मार्ग पर मुनुआ पुरवा मोड़ के पास शुक्रवार सुबह पिकअप वाहन एक्सल टूटने से सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन सवार एक की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को बेला व बिधूना के सीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गयाकन्नौज के बिलंदपुर से सूकर लादकर पिकअप वाहन हरदोई की मंडी जा रहा था। सुबह नौ बजे के करीब मनुआ पुरवा मोड़ के पास पिकअप का एक्सल टूट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में बिलंदापुर सौंरिख निवासी राजेश्वर कठेरिया (45) की दबकर घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कबीरपुर निवासी विनोद वाल्मीकि, शेखपुर छिबरामऊ निवासी चालक प्रमोद कुमार, बिलंदपुर निवासी मिजाजीलाल और सौंरिख निवासी सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर थानाध्यक्ष गंगादास गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल बेला व बिधूना पहुंचाया गया। बिधूना अस्पताल पहुंचे राजेश्वर कठेरिया को डॉक्टरों ने को मृत घोषित कर दिया। अन्य गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन ने बताया कि राजेश्वर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके पीछे पांच बेटियां व एक बेटा प्रांशु है। पत्नी सुनीता और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।


