लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव में कैमूर जिले की रामगढ़ सीट पर बसपा उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव की जीत को पार्टी सुप्रीमो मायावती ने विरोधियों की पूरी कोशिशों पर कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत बताया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वोटों की गिनती बार-बार करवाने के बहाने प्रशासन और सभी विरोधी दल एकजुट होकर बसपा उम्मीदवार को हराने में जुटे थे, लेकिन बसपा के जुझारू कार्यकर्ता अंत तक डटे रहे और विरोधियों की रणनीति नाकाम हो गई।
मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को इस जीत के लिए दिल से धन्यवाद दिया। कहा कि यह जीत संगठन की मजबूती और जमीनी मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने यह भी बताया कि रामगढ़ के अलावा आसपास की अन्य सीटों पर भी बसपा उम्मीदवारों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। फीडबैक के अनुसार, यदि चुनाव निष्पक्ष होते तो बसपा कई और सीटें जीत सकती थी।


