बिधूना। चरागाह की भूमि पर अवैध कब्जा होने की शिकायत पर शुक्रवार को एसडीएम गरिमा सोनकिया राजस्व टीम और फोर्स के साथ पहुंचीं।बुलडोजर से कब्जा हटाने के दौरान कब्जा करने वाले टीम की कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते-देखते झड़प हो गई। जानकारी पर आसपास थाने की फोर्स पहुंची। इस दौरान दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया।अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव पंचायत बोडेपुर के मजरा रामपुर में चरागाह की जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत एक ग्रामीण ने शिकायत की थी। शिकायत पर एसडीएम, लेखपाल अवनीश कुमार, सत्येंद्र यादव, अजीत कुमार, कुलदीप कुमार व मोहम्मद रिजवान के साथ पहुंचीं। टीम बुलडोजर से कब्जा हटवाने लगी। इसी दौरान कब्जा करने वाले और उनके परिजन व ग्रामीण बुलडोजर के सामने खड़े होकर विरोध कर हंगामा करने लगे।एसडीएम की सूचना पर अछल्दा, बिधूना सहित अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। गुस्साए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों की पुलिस व राजस्व टीम से झड़प हो गई। हंगामे के बीच ग्रामीणों की अधिक भीड़ होने पर हुई धक्का- मुक्की में ग्रामीण रंजीत का बेटा आनंद व उसकी पत्नी सोना देवी मामूली चोट आने से घायल हो गईं।
पुलिस दोनों को अस्पताल ले जाने लगी तो परिजन विरोध करने लगे। सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा ने परिजन को समझाया। इसके बाद वे शांत हो गए। बाद में घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहां से उपचार के बाद जाने दिया गया।
सीओ पी.पुनीत मिश्र ने बताया कि राजस्व टीम गांव कब्जा हटवाने गई थी। इसी दौरान झड़प हो गई। ग्रामीणों को समझा दिया गया है। घायलों को उपचार कि लिए भेजा गया है, उन्हें मामूली चोट आई थी।


