औरैया के अछल्दा क्षेत्र में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। ग्वारी स्थित मनकामेश्वर महाराज मंदिर, गुनौली गांव के झाड़ेश्वर मंदिर और कस्बे के सराय बाजार स्थित पंचमुखी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठे।
दूर-दराज के गांवों से आए शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रृंगीरामपुर से कांवड़ में गंगाजल भरकर पहुंचे कांवड़ियों ने भी मंदिरों में जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, दूध, धतूरा, बेलफल और बेर अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर परिसरों में पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की सतर्कता के चलते महाशिवरात्रि का यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। ग्वारी मंदिर पर एक मेले का भी आयोजन किया गया।
ग्वारी मंदिर के महंत शिव पाल सिंह की देखरेख में 300 कांवड़ियों ने कांवड़ चढ़ाई। इस अवसर पर भक्तों ने व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की और परिवार की खुशहाली व मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। मंदिर के सामने स्थित एक 100 वर्ष पुराने कुएं का पानी पीने से सांस के मरीजों की बीमारी दूर होने की मान्यता भी है।


