Lucknow News: उत्तर प्रदेश के करोड़ों मतदाताओं के लिए आज यानी 22 फरवरी (रविवार) का दिन बेहद अहम है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूरे प्रदेश में आज विशेष अभियान दिवस मनाया जा रहा है। अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, कट गया है या उसमें कोई गलती है, तो आज उसे ठीक कराने का सबसे आसान मौका है।
आज क्या होगा खास?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, प्रदेश के हर मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) पर विशेष इंतजाम किए गए हैं:-
– समय: सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक।
– मौके पर सहायता: आपके क्षेत्र के बीएलओ (BLO) बूथ पर मौजूद रहेंगे।
– ड्राफ्ट लिस्ट: बूथ पर मतदाता सूची का ड्राफ्ट उपलब्ध होगा, जहाँ आप अपना और अपने परिवार का नाम चेक कर सकते हैं।
– कटे हुए नाम: अगर आपका नाम लिस्ट से हटा दिया गया है, तो उसकी सूची भी बीएलओ के पास होगी।
कौन सा फॉर्म आपके काम का है?
बूथ पर बीएलओ के पास सभी जरूरी फॉर्म पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे:-
– फॉर्म-6 (नया नाम): अगर आप 18 साल के हो चुके हैं और नाम जुड़वाना चाहते हैं।
– फॉर्म-8 (सुधार): अगर नाम, फोटो, उम्र या पते में कोई गलती है।
– फॉर्म-7 (नाम हटाना): अगर किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम लिस्ट से कटवाना है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अपील
नवदीप रिणवा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपनी मतदाता पर्ची को शुद्ध और सटीक बनाएं। रविवार की छुट्टी का लाभ उठाएं और अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर जानकारी सुनिश्चित करें।


