Ghazipur News: उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन बनाने के दावों के बीच गाजीपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा के दौरान एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। परीक्षा केंद्र पर असली परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रही 7 छात्राओं और एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा गया है। प्रशासन ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कक्षा 9 की छात्राओं को बनाया गया हथियार
यह मामला दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के हरदासपुर खुर्द स्थित मां वीणा वादिनी इंटर कॉलेज का है। बुधवार को हाईस्कूल विज्ञान की प्रथम पाली की परीक्षा चल रही थी। जांच के दौरान पता चला कि अतरौला, रामपुर पतारी और हरदासपुर कला की कक्षा 9 की छात्राओं को असली परीक्षार्थियों की जगह बैठाकर पेपर हल कराया जा रहा था। जैसे ही इस धांधली की भनक अधिकारियों को लगी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। करीब तीन घंटे तक चली सघन तलाशी और पूछताछ के बाद इस फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। डीआईओएस (DIOS) प्रकाश सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध परीक्षा नियमावली के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लाखों छात्रों ने छोड़ी यूपी बोर्ड परीक्षा
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, सातवें दिन की परीक्षा में भारी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे:-
– पहली पाली: कुल 27.66 लाख पंजीकृत छात्रों में से केवल 25.92 लाख ही शामिल हुए।
– दूसरी पाली: 20.56 लाख परीक्षार्थियों में से 19.35 लाख छात्र उपस्थित रहे।
– कुल उपस्थिति: बुधवार को दोनों पालियों में कुल 46,28,269 छात्र-छात्राओं ने अपनी हाजिरी दर्ज कराई, जबकि लाखों ने परीक्षा से किनारा कर लिया।
आज (26 फरवरी) का शेड्यूल: भूगोल की मुख्य परीक्षा
आज बोर्ड परीक्षा का आठवां दिन है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
– पहली पाली: हाईस्कूल की क्षेत्रीय भाषाओं (गुजराती, पंजाबी, उर्दू आदि) और इंटरमीडिएट कृषि विज्ञान के पेपर हो रहे हैं। इसके लिए कुल 1070 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
– दूसरी पाली (दोपहर): इंटरमीडिएट के लिए भूगोल (Geography) का मुख्य पेपर होगा। इस पाली में करीब 3.41 लाख से अधिक परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
– प्रशासन ने सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं ताकि गाजीपुर जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो सके।


