इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के मानसिक रोग विभाग में भर्ती एक अज्ञात महिला से सफाई कर्मचारी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है।
रूटीन मेडिकल परीक्षण में महिला के करीब पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। प्रकरण सामने आते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस टीम जांच में जुट गई है।
करीब 40 वर्षीय महिला पिछले लगभग सवा साल से मानसिक रोग विभाग में अज्ञात के रूप में भर्ती है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान गर्भावस्था का खुलासा हुआ, जिसके बाद पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सफाई कर्मचारी रवींद्र कुमार निवासी लखना थाना बकेवर इटावा की संलिप्तता सामने आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देश पर मानसिक रोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. एके मिश्रा द्वारा थाने में सूचना दी गईं है, जिसके आधार पर पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और महिला मरीजों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस टीम संयुक्त रूप से पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी हैं।


