राजधानी स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में अंबेडकर जयंती पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान श्रीराम की वंदना गाने को लेकर विवाद हो गया। अमर उजाला से बातचीत में बीबीएयू के प्रॉक्टर प्रो. रामचंद्रा ने बताया कि कि अंबेडकर जयंती पर 14 अप्रैल की शाम को बीबीएयू में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर मध्य प्रदेश की गायिका संजू बघेल ने ज्योतिबा फुल और डॉ आंबेडकर पर कई गीत सुनाए। इसके बाद हिमांशु मिश्र व कुछ अन्य छात्रों ने श्रीराम की वंदना गाने का आग्रह किया। जिस पर बीबीएयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजिनियरिंग एंड टेक्नालॉजी संकाय के 15-20 छात्रों का समूह कैमरे के सामने ही हिमांशु मिश्रा पर टूट पड़ा। उन्होंने बीच बचाव की काफी कोशिश की लेकिन ये छात्र श्री राम की वंदना गाए जाने पर बिफरे हुए थे।
बीच बचाव करने वाले प्रॉक्टर को भी मनबढ़ छात्रों ने दी धमकी
मनबढ़ छात्रों के दु:साहस का हाल यह है कि शुक्रवार को एफआईआर होने के बाद इन छात्रों का गिरोह संस्थान के प्राॅक्टर प्रो. रामचंद्रा को भी शुक्रवार को मारने और धमकाने पहुंच गया। जिस पर उन्हें अपनी रक्षा के लिए पुलिस बुलानी पड़ गई।
बवाल करने वाले इन छात्रों की ओर से शुक्रवार को विधि संकाय के पवन चौधरी समेत कुछ छात्र प्रो. रामचंद्रा को धमकाने पहुंच गए और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। स्थिति बिगड़ने पर प्रॉक्टर को अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।


