एरवाकटरा। थानाक्षेत्र के गांव प्रेमनगर बीलपुर में सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग से एक परिवार की गृहस्थी जल गई। आग की चपेट में आने से पास में बंधी पड़ोसी की भैंस भी झुलस गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।गांव निवासी रूबी देवी बाथम के घर के बाहर कमरे की दीवार पर रखे छप्पर में रखे भूसे में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही विकराल रूप धारण कर लिया और पास के कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
लेखपाल सौरभ भारती ने बताया कि आग से कमरे में रखा करीब पांच क्विंटल गेहूं, दो क्विंटल सरसों, पंखा, कपड़े, चारपाई, बेड सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। आग की लपटों की चपेट में आने से पास में बंधी पड़ोसी दुर्गेश कुमार की भैंस भी झुलस गई। उसका पशु चिकित्सक दिलीप कुमार ने उपचार किया।
पुलिस ने घटना की जानकारी ली। लेखपाल ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

फोटो-13-मौके पर मौजूद पुलिस व दमकल कर्मी।


