Monday, May 4, 2026

Weather in UP: सुबह नौ बजे छाया घना अंधेरा, तेज हवाओं के साथ बारिश ने यूपी में बदला मौसम, तस्वीरें

यह भी पढ़े

यूपी में मौसम अचानक बदल गया। सोमवार की सुबह राजधानी लखनऊ अंधेरे में डूब गई और तेज हवाएं चलने के साथ ही बारिश होने लगी।

राजधानी लखनऊ सहित यूपी के कई जिलों में सोमवार की सुबह करीब नौ बजे मौसम अचानक बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए। हाल ये हो गया कि हर तरफ अंधेरा छा गया। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने लगीं और बारिश होने लगी।


इस दौरान ऑफिस जाने के लिए घरों से निकले लोगों को अपने वाहनों की लाइटें जलानी पड़ीं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के लिए प्रदेश में बूंदाबांदी, आंधी और ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है।

कुछ देर के लिए ऐसा लगा जैसे शाम से आठ बजे हों। घरों से ऑफिस के लिए निकले लोगों को खास मुश्किल हुई।

प्रदेश में संभावित खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। आंधी, तेज हवाओं और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

मौसम विभाग की दी गई चेतावनी के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं होंगी। अगले चार-पांच दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।

इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास तेज आंधी में कार पर गिरा पेड़।

कल्याणपुर में मैकाले रोड पर सीवर लाइन के मेनहोल से ओवरफ्लो होकर निकलता बरसात का पानी।

कल्याणपुर गैस गोदाम वाली सड़क मामूली बारिश में ही तालाब बन गई।

बाराबंकी जिले में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और दिन चढ़ने के साथ ही मानो शाम उतर आई। सुबह करीब 8:30 बजे के बाद आसमान पर काले घने बादल इस तरह छा गए कि चारों ओर अंधेरा पसर गया। देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिसने शहर से लेकर गांव तक अफरातफरी का माहौल बना दिया।
Weather in UP: The capital was plunged into darkness at 9 am, the roads were dark, the weather suddenly change
बारिश के साथ तेज गरज-चमक ने लोगों को सहमा दिया। हालात ऐसे बन गए कि दिन में ही घरों और दुकानों में दोबारा बल्ब जलाने पड़े। सड़कों पर चल रहे लोग अचानक बदले मौसम से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेते नजर आए। बाजारों में भी रफ्तार थम गई और खुले में काम कर रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
श्रावस्ती: तराई में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवा के साथ बादलों की दस्तक
तराई में मौसम की उठापटक का दौर लगातार जारी है। सुबह से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल रही है। वहीं 9 बजे के बाद काले घने बादलों ने दस्तक दी है। बादलों को देख किसानों को बेचैनी बढ़ गई है। किसान खेत में पड़ी अपनी फसल और भूसे आदि को समेटने में जुट गए हैं। हालांकि अभी बारिश शुरू नहीं हुई है।
बलरामपुर: आंधी-बारिश से भारी नुकसान, पेड़ गिरने से एंबुलेंस हादसे का शिकार
तेज आंधी और हवाओं के बाद हुई मूसलाधार बारिश ने नगर सहित ग्रामीण इलाकों में व्यापक नुकसान पहुंचाया है। आंधी के चलते दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे कई स्थानों पर आवागमन बाधित हो गया। तेज हवाओं के कारण विद्युत पोल और तार टूट गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है। आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युत विभाग के कर्मचारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है।
इसी बीच एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला से मरीज को लाने जा रही एंबुलेंस पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में एंबुलेंस चालक रामदीन और सहायक प्रभात यादव फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बारिश और आंधी से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, वहीं प्रशासन द्वारा राहत और बहाली कार्य तेज कर दिए गए हैं।
गोंडा: मई में कांपे लोग, आंधी-तूफान ने दिलाई सर्दी की याद
सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अचानक ठंड का एहसास होने लगा। जहां कुछ दिन पहले तक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, वहीं अब यह गिरकर करीब 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
तेज हवाओं और झमाझम बारिश के चलते वातावरण में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को गर्मी में भी ठिठुरन महसूस होने लगी। मई के महीने में इस तरह का मौसम बदलाव लोगों के लिए हैरानी भरा रहा। मौसम में आए इस अचानक परिवर्तन से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों और आमजन के बीच मौसम को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रभावों के कारण संभव हुआ है।
सुल्तानपुर: अचानक बदला मौसम, आंधी-बारिश से शहर बेहाल
सोमवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश से शहर में जनजीवन प्रभावित हो गया। कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाजारों और सड़कों पर पानी भरने से यातायात धीमा पड़ गया। अचानक आई बारिश के कारण लोग जहां थे, वहीं फंस गए और भीगते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे। गर्मी से जरूर राहत मिली, लेकिन जलभराव ने नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी।
अयोध्या: तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश, दिन में छाया अंधेरा
राम नगरी में सोमवार सुबह 10 बजकर 54 मिनट पर ही अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में आसमान में घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी आंधी-तूफान का असर देखने को मिला। अचानक बदले मौसम से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के चलते जनजीवन कुछ समय के लिए अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने आगे भी ऐसे ही मौसम बने रहने के संकेत दिए हैं।
- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे