लखनऊ और अवध के कई जिलों में गुरुवार की सुबह एक बार फिर से मौसम में बदलाव हुआ। लखनऊ में सुबह चार बजे से आंधी के साथ बरसात शुरू हुई। लगभग पूरे शहर में कहीं कम तो कहीं ज्यादा बरसात हुई। बारिश के साथ बिजली चमकने और बादलों के गरजने का क्रम जारी रहा। दूसरी तरफ मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में गर्मी दोबारा वापसी के लिए तैयार है। विभाग के मुताबिक यूपी में विक्षोभ कमजोर पड़ा है और बुधवार को सिर्फ सिद्धार्थनगर आदि तराई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। बृहस्पतिवार से प्रदेश में बारिश का दायरा सिमट जाएगा और तापमान में क्रमश: बढ़ोतरी दर्ज होगी। साथ ही हवा में नमी की माैजूदगी की वजह से उमस भरी गर्मी में इजाफा होगा। बृहस्पतिवार के लिए कहीं भी आंधी या बारिश की कोई चेतावनी नहीं है।
यूपी: लखनऊ और अवध के कई जिलों में सुबह से लगातार बारिश, शुक्रवार से मौसम में यू-टर्न आने की चेतावनी


