Thursday, May 7, 2026

लखनऊ एयरपोर्ट पर 2.86 करोड़ का गांजा पकड़ा:तस्कर गिरफ्तार, बैंकॉक से 12 वैक्यूम पैक पाउच में लाया

यह भी पढ़े

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये का गांजा बरामद किया है। बैंकॉक से आए एक पैसेंजर के पास से लगभग 2.859 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) मिला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.86 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यात्री को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

वैक्यूम पैक पाउच में लाया गया

खुफिया सूचना के आधार पर एआईयू टीम ने बुधवार रात बैंकॉक से लखनऊ पहुंची एयर एशिया की फ्लाइट संख्या FD-146 के एक यात्री को ग्रीन चैनल पर रोका। रात 10:35 बजे पहुंची इस फ्लाइट के यात्री पर संदेह होने पर अधिकारियों ने उसके चेक-इन बैगेज की गहन तलाशी ली।

जांच के दौरान यात्री के बैग से 12 पारदर्शी वैक्यूम पैक पाउच बरामद हुए। इन पाउचों में हरे फूल और फलनुमा पदार्थ भरे थे। शुरुआती जांच में अधिकारियों ने इसे गांजा/मारिजुआना यानी हाइड्रोपोनिक वीड के रूप में पहचाना।

पैसेंजर को भेजा गया जेल

अधिकारियों ने बरामद प्रतिबंधित मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 43 के तहत जब्त कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एआईयू अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह तस्करी का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है और इसके पीछे कौन-कौन शामिल हैं।

4 मई को 12 करोड़ का गांजा पकड़ा गया था

लखनऊ एयरपोर्ट पर 4 मई रात राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने एक यात्री के पास से लगभग 12 करोड़ रुपये की 12 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद की। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, डीआरआई को 4 मई की रात इसकी जानकारी मिली थी। बताया गया था कि बैंकॉक से रात 10:35 बजे लखनऊ पहुंचने वाली एयर एशिया की फ्लाइट (एफडी-146) से एक यात्री भारी मात्रा में मादक पदार्थ ला रहा है। सूचना मिलते ही डीआरआई की टीम एयरपोर्ट पर अलर्ट हो गई।

विमान के पहुंचने पर यात्रियों की गहनता से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, एक संदिग्ध यात्री के सामान की तलाशी ली गई, जिसमें उसके बैग से करीब 12 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने तत्काल ड्रग्स जब्त कर आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया।

15 दिन पहले पकड़ा गया था 14 करोड़ से अधिक का गांजा

लखनऊ एयरपोर्ट पर 15 दिन पहले एक यात्री को बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ का वजन 14.504 किलोग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 14.50 करोड़ रुपए है।

खुफिया सूचना के आधार पर एआईयू और सीसीएसआई की टीम ने यह कार्रवाई की। यात्री ओमान एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या WY-265 से बैंकॉक से मस्कट होते हुए लखनऊ पहुंचा था। ग्रीन चैनल पर संदेह के आधार पर उसे रोका गया और उसके सामान की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान यात्री के बैग से 29 पारदर्शी वैक्यूम-पैक पाउच मिले। इन पाउच में हरे रंग का फूलनुमा पदार्थ था, जिसकी प्राथमिक जांच में गांजा/मारिजुआना (हाइड्रोपोनिक वीड) होने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने प्रतिबंधित पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43 के तहत जब्त कर लिया है। आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया।

- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे