Bengal New CM: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद अब भाजपा राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करने जा रही है। पार्टी शुक्रवार को विधायक दल की बैठक में अपने नेता का चुनाव करेगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम पर आधिकारिक मुहर लग जाएगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचेंगे। उनकी मौजूदगी में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम करीब 4 बजे शुरू होने की संभावना है।
बैठक में नए नेता का चयन किया जाएगा
सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल की इस बैठक में नए नेता का चयन किया जाएगा, जो राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। पार्टी नेतृत्व पहले ही संभावित नामों पर चर्चा कर चुका है और अब अंतिम फैसला विधायक दल की सहमति से लिया जाएगा। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे चर्चित नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का बताया जा रहा है। सुवेंदु अधिकारी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर दी थी, जबकि इस बार उन्होंने भवानीपुर क्षेत्र में भी पार्टी की मजबूत पकड़ बनाने में अहम भूमिका निभाई है। भाजपा के भीतर संगठन और जनाधार दोनों स्तर पर उनकी मजबूत पहचान मानी जा रही है।
इसके अलावा पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुवेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरे हैं। नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली गई हैं। जानकारी के अनुसार, 9 मई शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा। खास बात यह है कि इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी मनाई जाएगी, जिससे कार्यक्रम का सांस्कृतिक महत्व भी बढ़ गया है।
शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं।


