कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में ‘मैं ठाकुर हूं’ बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं आस्था सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला छेड़छाड़ की शिकायत और उसके बाद मिल रही धमकियों का है। आस्था सिंह का दावा है कि उनके साथ हुई छेड़छाड़ की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं। हालांकि उन्होंने साफ कहा है कि वह किसी भी दबाव या धमकी से डरने वाली नहीं हैं और अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।
आस्था सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार डायरेक्ट मैसेज भेजे जा रहे हैं। उनके मुताबिक कुछ लोग वीडियो हटाने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुझे जो करना था, मैंने कर लिया। अब जिसे जो करना है कर ले, मैं किसी से डरने वाली नहीं हूं।”
ऑफिस से लौटते समय छेड़छाड़ का आरोप
आस्था सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जब वह अपने कार्यालय से ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं, तभी कानपुर के बेकनगंज क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति ने उनके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। घटना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पूरी बात सार्वजनिक की थी। उनका आरोप है कि आरोपी दूसरे समुदाय से संबंधित है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और कानपुर पुलिस ने उनसे संपर्क किया। इसके बाद आस्था सिंह ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर बेकनगंज थाने में छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।


