Wednesday, June 10, 2026

Google मैप के कारण पुलिस भर्ती परीक्षा छूटी, मुजफ्फरनगर की जगह 59 किमी दूर शामली जिले के खेतों के पहुंच गए अभ्यर्थी

यह भी पढ़े

मुजफ्फरनगर। गूगल मैप से चार अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र का रास्ता भटककर शामली पहुंच गए। वहां से वापस पहुंचे तो परीक्षा का समय समाप्त हो चुका था। इससे परेशान अभ्यर्थियों ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर शिकायत की। कहा कि गूगल मैप की गलती से वे परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सके। एसपी सिटी ने चारों को समझाने के साथ लखनऊ तक मामले को अवगत कराया, लेकिन अंत में चारों अभ्यर्थियों को निराश होकर लौटना पड़ा।

गाजियाबाद निवासी विशाल और धर्मेंद्र मलिक, हापुड़ निवासी अरुण कुमार व नकुल कुमार ने पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था। बुधवार को प्रथम पाली में इनकी परीक्षा थी। इसके लिए नई मंडी के पटेलनगर स्थित दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कालेज में परीक्षा केंद्र था। बुधवार को चारों अलग-अलग वाहनों पर सवार होकर परीक्षा देने आ रहे थे।

परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया और यात्रा करते रहे। गूगल मैप के माध्यम से युवक परीक्षा केंद्र के बजाय 59 किलोमीटर दूर शामली जनपद में पहुंच गए। गूगल मैप ने जहां कालेज व परीक्षा केंद्र बताया था, वहां गांव जंधेड़ी के खेत मिले। आनन-फानन में चारों अभ्यर्थी मुजफ्फरनगर पहुंचे और परीक्षा केंद्र की जानकारी जुटाई, लेकिन तब देर हो चुकी थी।

इस मामले को लेकर अभ्यर्थियों ने एसपी सिटी अमृत जैन से मिलकर शिकायत की। बताया कि प्रवेश पत्र पर दिए गए परीक्षा केंद्र का कोड डालने के बाद वह गूगल मैप के माध्यम से परीक्षा केंद्र का रास्ता भटक गए। इस कारण उनकी परीक्षा छूट गई, उनकी परीक्षा कराई जाए। एसपी सिटी ने मामले की जांच कराई तो पाया कि परीक्षा केंद्र पर 480 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 376 ने परीक्षा दी है।

ऐसे में चारों अभ्यर्थियों को सांत्वना दी। एसपी सिटी ने बताया कि गूगल मैप पर परीक्षा केंद्र की लोकेशन जनपद शामली प्रदर्शित होने के कारण अभ्यर्थी भ्रमवश रास्ता भटक गए और उनकी परीक्षा छूट गई। इस संबंध में गूगल एवं भर्ती बोर्ड से आवश्यक पत्राचार किया गया है। प्रयास किया गया है कि भविष्य में प्रवेश-पत्र पर परीक्षा केंद्र की लोकेशन के लिए क्यूआर कोड अंकित किया जाए।
- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे