इटावा जिले में आगरा से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस को मंगलवार सुबह करीब 08:26 पर सरायभूपत रेलवे स्टेशन के पास स्थित कटेखेड़ा गांव के सामने एक व्यक्ति ने ट्रैक पर आकर अचानक केसरिया गमछा दिखा दिया। यह देखकर चालक ने 80 की रफ्तार पर दौड़ रही ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक लिया। अचानक ट्रेन रुकने से यात्री बेचैन हो गए।
कंट्रोल की सूचना पर पहुंची आरपीएफ की टीम ने उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह मानसिक रूप से बीमार पाया गया। पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम शंभू सिंह (52) निवासी रमी का वर थाना बढ़पुरा हाल पता कृष्णापुरम कॉलोनी सिविल लाइंस बताया। सूचना पर पहुंचे शंभू सिंह के बेटे ने दीपक ने बताया कि उनके पिता वर्ष 2020 से मानसिक बीमार हैं। उनका उपचार चल रहा है।केसरिया गमछा देखकर चालक ने ट्रेन रोक दी
सोमवार दोपहर वह बिना बताए निकल गए थे। उनकी तलाश की जा रही थी। आरपीएफ के कार्यवाहक थानाध्यक्ष एसआई हीराचंद्र मीना ने बताया कि केसरिया गमछा देखकर चालक ने ट्रेन रोक दी थी। करीब 12 मिनट तक ट्रेन खड़ी रहने के बाद सुबह 8:38 बजे दोबारा रवाना किया गया। गमछा दिखाने वाले व्यक्ति को मौके से पकड़कर उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां से उसे विशेषज्ञ जांच के लिए आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर किया गया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।