चेन्नई। तमिलनाडु के सीफूड एक्सपोर्ट यूनिट में अमोनिया गैस लीक होने से 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 67 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से सात लोग वेंटिलेटर पर हैं।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, तिरुवल्लूर जिला कलेक्टर एस कविता ने कहा कि कुल 67 प्रभावित श्रमिकों को तुरंत स्थानीय चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया। उनके अनुसार, 46 का इलाज वेल्स अस्पताल में और 21 का वेंकटेश्वर अस्पताल में किया जा रहा है।
घटना पोरियापालयम के पास कनिगईपायर में स्थित ‘सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स’ फैसिलिटी में हुई।
प्रभावित कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
प्रभावित कर्मचारियों, जिनमें से ज्यादातर उत्तरी राज्यों से हैं। सभी को सांस लेने में तकलीफ हुई। जिन लोगों में चक्कर आने या उल्टी जैसे लक्षण दिखे, उन्हें भी इलाज के लिए भेजा गया है। तस्वीरों में कर्मचारियों को एम्बुलेंस में फैसिलिटी से बाहर ले जाते हुए देखा गया।
गवर्नर राजेंद्र अर्लेकर ने घटना पर शोक जताया
गवर्नर राजेंद्र अर्लेकर ने मौतों पर शोक व्यक्त किया है। लोकभवन से जारी बयान में कहा गया है, “तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के पास कनिगईपायर गांव में एक झींगा प्रोसेसिंग फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक की दुखद घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस घटना में कई लोगों की जान चली गई और कई कर्मचारी घायल हो गए हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस कठिन समय में हिम्मत और साहस मिले। मैं उन सभी लोगों के जल्द ठीक होने की भी कामना करता हूं जिनका इलाज चल रहा है।”


