लखनऊ। UP Weather Today: मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे प्रदेशवासियों को अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी बेहाल कर रही है। यूपी का बांदा शहर पिछले कुछ दिनों से सबसे गर्म शहरों में एक था।
यहां सोमवार को बादलों ने कुछ राहत पहुंचाई। शाम को कई क्षेत्रों में बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन बारिश इतनी नहीं हुई कि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। बूंदाबांदी रुकते ही उमस और बढ़ गई। सोमवार को बांदा का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सड़कों पर तेज धूप कर रही दो पहिया वाहन चालकों को बेहाल
इन दिनों सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे होने लगते हैं। तेज धूप के कारण सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रहती है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को कुछ जिलों में छिटपुट बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अगले तीन दिनों तक लखनऊ समेत अवध के कई जिलों में हीटवेव के आसार हैं।


