Jharkhand Road Accident : झारखंड के खूंटी जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने नियंत्रण खोकर आगे चल रहे साइकिल सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि इस हादसे में साइकिल सवार समेत तीन लोगों की जान चली गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना बीती देर शाम को हुई। इस मौके पर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार शाम अड़की थाना क्षेत्र में जेनाडीह गांव के पास सिंदरी-डोरिया मार्ग पर हुआ। हादसे के समय मोटरसाइकिल पर चालक समेत तीन लोग सवार थे।
अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा, मोटरसाइकिल से नियंत्रण हटने के कारण चालक ने साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी जिससे चारों व्यक्ति सड़क पर गिर गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान साइकिल सवार पूर्ण मुंडा (47), मोटरसाइकिल चालक अमृत पातर (25) और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे आयुष पातर (17) के रूप में हुई है जबकि उनका दोस्त सुनील पातर (25) रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में उपचाराधीन है।


