मथुरा। जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जबलपुर के युवक की लूट के बाद हत्या करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि तीसरे को मौके से दबोच लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए संयुक्त अस्पताल वृंदावन भेजा गया है।
सीओ वरुण मिश्र ने बताया कि 18 जुलाई की रात करीब साढ़े बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना जैंत में दर्ज हत्या व लूट के मुकदमे से जुड़े आरोपित सुनरख-नगला कीकी रोड पर फिर किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में सियाराम निवासी ग्राम कमई थाना बरसाना और रवि निवासी ग्राम कमई, थाना बरसाना के पैर में गोली लगी, जबकि सचिन निवासी ग्राम कमई थाना बरसाना को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनों आरोपितों ने कबूली हत्या की वारदात
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि तीनों आरोपितों ने जबलपुर निवासी सुनील कुमार त्रिपाठी से लूटपाट करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। इसी मामले में सीसीटीवी फुटेज मिलने पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
बरामद हुआ लूटा एटीएम कार्ड व अन्य सामान
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस, लूटा हुआ एटीएम कार्ड, लूटा हुआ मोबाइल फोन, लूटे गए 30 हजार रुपये नकद, और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। तीनों आरोपितों के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में मारपीट, रंगदारी, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट, आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।


