नई दिल्ली। रोहित शर्मा के लॉर्ड्स में शतक के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने ‘हिटमैन’ के आलोचकों पर तंज कसा है। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे वनडे के बाद खबर आई थी कि रोहित शर्मा के लिए लॉर्ड्स वनडे आखिरी साबित हो सकता है।
रिपोर्ट में बताया गया कि प्रबंधन अब रोहित से आगे बढ़ना चाहता है और भारतीय बल्लेबाज को इसकी सूचना दी जा चुकी है। शुरुआती दो वनडे में फ्लॉप होने के बाद रोहित शर्मा दबाव में भी थे। हालांकि, रोहित ने शतक जड़कर संन्यास की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया।
कैफ ने लिए मजे
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उन्होंने कहा, ‘हो गया रिटायरमेंट? कटवाली नाक। रोहित शर्मा का रिटायरमेंट वो खुद तय करेगा। उसका हक बनता है। इतना हिंदुस्तान के लिए उसने काम किया है। वो अपनी मर्जी से जाएगा। अब समझ लो इतना दबाव है कि भैया हो गया आप जाओ, रिटायरमेंट लो। उस दबाव में लॉर्ड्स में उनके बल्ले से शतक आया इस मैच में।’
रोहित की उम्दा पारी
बता दें कि रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 110 गेंदों में 138 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान 17 चौके और पांच छक्के जमाए। भारतीय टीम हालांकि, इंग्लैंड द्वारा मिले 388 रन के लक्ष्य का पीछा करने में असफल रही और 27 रन से मैच व सीरीज गंवा बैठी।
रोहित का साथ दो
बहरहाल, कैफ ने वीडियो में यह भी कहा कि रोहित पर दबाव नहीं डाले व कप्तान और टीम प्रबंधन का समर्थन मिले, तो वो बहुत कुछ कर सकते हैं। पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘अगर मान लो शुभमन गिल बतौर कप्तान ये बोलदे कि 2027 वर्ल्ड कप में रोहित भाई मुझे चाहिए। अगर मीडियो में खुल कर बोले। अगर बीसीसीआई बोले कि रोहित शर्मा पर कोई उंगली न उठाएं, हम उसके साथ खडे़ हैं। जब तक वो चाहेगा वो खेलेगा।’
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर ये बयान आ जाए तो समझ लो वो क्या कर बैठेगा। अभी तो दबाव में है कि कोई उसके साथ खड़ा नहीं है। सब इंतजार कर रहे हैं कि भाई आउट हो और बाहर करें। उस दबाव में उनके बल्ले से शतक आया है। जब उसको एहसास होगा कि उसके साथ उसकी टीम खड़ी है, कप्तान खड़ा है, कोच खड़ा है, बीसीसीआई खड़ा है, वो भाई हिमालय पर्वत चढ़ जाएगा। जान न्योछावर कर देगा, ऐसा खिलाड़ी है वो। उत्तर मिल गया है। उम्मीद है कि अब यहां से आप सब शांति बनाके रखेंगे और उसको तसल्ली से खेलने देंगे।’


