लखनऊ में बंथरा पुलिस ने साढ़े तीन साल की नाबालिग बच्ची से अश्लील हरकत करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना बंथरा थाना क्षेत्र में हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को बंथरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी साढ़े तीन वर्षीय बेटी घर के दरवाजे पर खेल रही थी, जबकि बच्ची की मां छत पर मौजूद थी।
तभी थाना क्षेत्र के लतीफ नगर निवासी 22 वर्षीय रोहित कुमार मिश्रा शराब के नशे में वहां से गुजर रहा था। वह रुका और मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
बच्ची की मां ने छत से यह सब देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला को शोर मचाते देख आरोपी युवक मौके से भाग निकला।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बच्ची के साथ आपत्तिजनक हरकत करने और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं।
तलाश के दौरान, पुलिस टीम ने शनिवार, 8 अगस्त को आरोपी रोहित कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।


