Sunday, August 9, 2026

औरैया में 20 किलो फफूंदी लगे लड्डू नष्ट:दो दुकानों पर छापा, खुले में बिक रही रंगीन आलू फिंगर भी कराई नष्ट

यह भी पढ़े

औरैया में त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान चलाया। बिधूना तहसील में दो मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की गई। इस दौरान एक इकाई में 20 किलो फफूंदी लगे मोतीचूर के लड्डू मिले, जिन्हें मौके पर गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया। टीम ने खुले में बिक रही रंगीन आलू फिंगर भी नष्ट कराई।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने रामलीला मैदान स्थित मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाई पर छापा मारा। टीम ने वहां भंडारित बूंदी और मोतीचूर के लड्डुओं के नमूने लिए। इसके बाद मोहल्ला किशोरगंज स्थित दूसरी निर्माण इकाई की भी जांच की गई और बूंदी व लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए।

20 किलो फफूंदी लगे लड्डू मिले

किशोरगंज की इकाई में जांच के दौरान 20 किलोग्राम मोतीचूर के लड्डू फफूंद लगे मिले। खाद्य सुरक्षा टीम ने इन्हें खाने योग्य न मानते हुए मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया। कार्रवाई के दौरान चंद्रपुर तिराहा पर ठेलों पर खुले में बिक रही रंगीन आलू फिंगर भी टीम ने नष्ट कराई। विक्रेताओं को भविष्य में खाद्य पदार्थों में ऐसे रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।

नमूनों की रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

विभाग की ओर से सभी संबंधित खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। टीम द्वारा लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने लोगों से मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थों की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग के औरैया कार्यालय को देने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे