लखनऊ। विधान परिषद की खंड स्नातक व खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को सात प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इनमें खंड स्नातक के तीन व खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चार प्रत्याशी शामिल हैं।
अब कुल 152 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। इस चुनाव में 14.81 लाख मतदाता 23 अक्टूबर को वोट डालकर इनके भाग्य का निर्णय करेंगे। कुल 2697 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
सबसे ज्यादा 24 प्रत्याशी वाराणसी खंड स्नातक सीट पर हैं। वहीं बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट पर 17, लखनऊ खंड स्नातक व गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर 16-16, आगरा खंड स्नातक, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक व लखनऊ खंड शिक्षक सीट पर 13-13, आगरा खंड शिक्षक सीट पर 12, वाराणसी खंड शिक्षक व मेरठ खंड शिक्षक सीट पर 10-10 और मेरठ खंड स्नातक सीट पर आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
मतदाताओं को वोट डालने के लिए अपना मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। ऐसे मतदाता जिनके पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है, वह 10 तरह के पहचान पत्र दिखाकर वोट डाल सकेंगे।
जिसमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, राज्य व केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों या अन्य निजी औद्योगिक घरानों की ओर से अपने कर्मियों को जारी पहचान पत्र, सांसद, विधायकों व पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की ओर से जारी डिग्री व डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र, सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से जारी यूनिक डिसेबिलिटी आइडी कार्ड मान्य होगा।


