रामपुर। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब मध्याह्न भोजन के साथ हर सप्ताह हलवा और उपमा भी परोसा जाएगा। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत पूरक पोषण कार्यक्रम में बच्चों को सूजी से तैयार मीठा हलवा और नमकीन उपमा देने की तैयारी है। जिले के 1596 स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 1.54 लाख बच्चों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
शासन की योजना के अनुसार हर शुक्रवार को बच्चों को अतिरिक्त खाद्य सामग्री दी जाएगी। शुक्रवार को विद्यालय बंद रहने पर अगले कार्यदिवस में वितरण कराया जाएगा।
शुक्रवार को स्कूलों में 1.54 लाख बच्चों को मिलेगा अतिरिक्त नाश्ता
महीने के पहले और तीसरे सप्ताह में मीठा हलवा, जबकि दूसरे, चौथे और पांचवें सप्ताह में नमकीन उपमा तैयार कर बच्चों को दिया जाएगा। विद्यालयों में रसोइये प्रत्येक बच्चे के लिए न्यूनतम 30 ग्राम सूजी और अन्य निर्धारित सामग्री से हलवा या उपमा तैयार करेंगे। मीठे हलवे की अनुमानित लागत सात रुपये और नमकीन उपमा की चार रुपये प्रति बच्चा बताई गई है।
योजना के प्रभावी संचालन के लिए विद्यालय स्तर पर सामग्री की व्यवस्था, भोजन तैयार करने और वितरण का रिकॉर्ड रखना भी जरूरी होगा।
हलवे पर सात, उपमा पर चार रुपये खर्च
प्रति बच्चे मीठे हलवे की अनुमानित लागत सात रुपये और नमकीन उपमा की चार रुपये निर्धारित की गई है। हलवा तैयार करने में सूजी, चीनी और घिसे नारियल का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, उपमा बनाने के लिए सूजी, तेल, मौसमी सब्जियां, मूंगफली और मसालों का प्रयोग होगा। खाद्य सामग्री की खरीद स्थानीय स्तर पर की जाएगी और गुणवत्ता का ध्यान रखना होगा।


