मौसम अलर्ट: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में भीषण ठंड जा चुकी है।यूपी-बिहार, उत्तराखंड जैसे राज्यों में सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा देखने को जरूर मिल रहा है। वहीं, आने वाले दिनों में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देने वाला है, जिसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पड़ेगा। वहीं, कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वोत्तर राज्यों में ट्रफ की स्थिति बनी हुई है। वहीं श्रीलंका और दक्षिण भारत के राज्यों में डिप्रेशन बना हुआ था, जोकि अब वेल मार्क लो प्रेशर एरिया में बदल चुका है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अंडमान और निकोबार समूह द्वीप, केरल और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। इसके अलावा, उत्तर पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान छह से दस डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजस्थान के चूरू में सबसे कम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया है कि श्रीलंका के पश्चिमी तटों पर बीते दिन बने डिप्रेशन का बदलाव लो मार्क्ड प्रेशर एरिया में हो गया है और अब इसके कमजोर होने की संभावना है। इसकी वजह से आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि दक्षिणी तमिलनाडु में आज भारी बारिश होगी। वहीं, तमिलनाडु के तटीय इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
कैसा रहेगा आने वाले दिनों का मौसम
उत्तर भारत के मौसम की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित में तीन और चार फरवरी को बारिश और बर्फबारी होगी, जबकि हिमाचल प्रदेश में तीन फरवरी को बारिश व बर्फबारी का अलर्ट है। उत्तर पश्चिम भारत के मौसम की बात करें तो अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने वाला है और उसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। वहीं, मध्य भारत में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान नहीं बदलेगा और फिर इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। देश के अन्य हिस्सों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई भी बदलाव आने के संकेत नहीं हैं। ओडिशा में चार फरवरी को शीतलहर की स्थिति रहने का अनुमान है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और त्रिपुरा में अगले 24 घंटे में सुबह और शाम को घना कोहरा छाया रहेगा।
डेस्क एडिटर : पूजा दुबे