Wednesday, October 7, 2026
Home Blog

यूपी में 20 IPS अफसरों का तबादला: ADG से लेकर जिलों के SP तक बदले, देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट

0

Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 20 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। तबादला सूची में अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारियों के साथ कई जिलों के पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं।आदेश के अनुसार आरपी सतीश गणेश (आईपीएस-आरआर-1996) को अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ बनाया गया है। वह अभी अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा के साथ अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध उत्तर प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। भगवान एस. श्रीवास्तव (आईपीएस-आरआर-1998) को अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं, उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात किया गया है। उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। यशवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक बस्ती से पुलिस अधीक्षक जौनपुर बनाया गया है, जबकि कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक जौनपुर से पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है। रवीना त्यागी को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से पुलिस अधीक्षक बाराबंकी बनाया गया है।संजय कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर से सेनानायक, चौथी वाहिनी पीएसी प्रयागराज भेजा गया है। ओमवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक बलिया से पुलिस अधीक्षक बस्ती तथा कुंवर ज्ञानंजय सिंह को पुलिस अधीक्षक हापुड़ से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज बनाया गया है। कमलेश बहादुर को पुलिस अधीक्षक मऊ से पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ बनाया गया है। ईराज राजा को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर से पुलिस अधीक्षक बलिया तथा अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ भेजा गया है।

 

सुरेश कुमार मिश्रा को सेनानायक, चौथी वाहिनी पीएसी प्रयागराज से पुलिस अधीक्षक मऊ बनाया गया है। विनय कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक जालौन से पुलिस अधीक्षक गाजीपुर और सूरज कुमार राय को पुलिस अधीक्षक बागपत से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर बनाया गया है। विराग जैन को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ से पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली तथा मानुष पारीक को पुलिस अधीक्षक नगर बरेली से पुलिस अधीक्षक नगर आजमगढ़ बनाया गया अब ।

अफीम की तस्करी कर रही महिला भारत-नेपाल बॉर्डर पर दबोची गई, 15 लाख का माल, मोबाइल और करेंसी बरामद

0

Bahraich News: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रूपईडीहा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त टीम ने एक नेपाली महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.290 किलोग्राम अफीम बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को रूपईडीहा चेक पोस्ट पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक नेपाली महिला की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.290 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पूछताछ के बाद महिला को हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को रूपईडीहा चेक पोस्ट पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक नेपाली महिला की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.290 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पूछताछ के बाद महिला को हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।पुलिस ने गिरफ्तार महिला की पहचान मनिषा बूढ़ा थोकी (38) पत्नी धर्मजीत विश्वकर्मा, निवासी पुथा उत्तरगंगा गुनमा-4, जिला रुकुम, नेपाल के रूप में की है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ के अलावा महिला के पास से एक एंड्राइड मोबाइल फोन, 220 रुपए भारतीय मुद्रा और 420 रुपए नेपाली मुद्रा भी बरामद हुई है। मामले में थाना रूपईडीहा में धारा 8/18(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। अभियुक्ता के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय बहराइच के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।

यूपी: अब मरीज जान सकेंगे अस्पताल ने दवा कितने में खरीदी, कितने में बेची; क्यूआर स्कैन कर सब पता चलेगा

0

अस्पतालों की फार्मेसी में दवाओं की कीमत को लेकर पारदर्शिता बढ़ाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल परिसर या भर्ती मरीजों के लिए संचालित फार्मेसियों को अपनी वेबसाइट पर दवाओं की खरीद और मरीज को बिक्री कीमत की जानकारी देनी होगी। मरीज या उनके परिजन क्यूआर कोड स्कैन कर यह जानकारी मोबाइल पर देख सकेंगे।अस्पताल फार्मेसियों को वेबसाइट पर दवा के निर्माता, ब्रांड, जेनरिक नाम, प्राइस टू रिटेल (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) बताना होगा। पीटीआर वह कीमत है जिस पर फार्मेसी ने निर्माता या मार्केटर से दवा खरीदी है, जबकि पीटीसी वह कीमत है जिस पर मरीज को दवा दी जा रही है। यह व्यवस्था दवाओं के साथ मेडिकल डिवाइस और न्यूट्रास्युटिकल्स पर भी लागू होगी।

हर रिटेल फार्मेसी को बनानी होगी वेबसाइट

एफएसडीए के निर्देश के मुताबिक सभी रिटेल फार्मेसियों को पब्लिक वेबसाइट बनानी होगी। इसमें फार्मेसी का नाम, लाइसेंस नंबर, लाइसेंस धारक का नाम और परिसर का पता देना होगा।  फार्मेसी या अस्पताल के फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण नंबर और फोटो भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराना होगा। स्टॉक की जानकारी हर सप्ताह अपडेट करनी होगी। वेबसाइट का यूआरएल और क्यूआर कोड फार्मेसी काउंटर पर प्रमुखता से लगाना होगा।

इसलिए व्यवस्था बदलने की कवायदएफएसडीए की हालिया जांच में अस्पतालों की 214 फार्मेसियों से मिले आंकड़ों में 130 दवाओं का विश्लेषण किया गया। इनमें 36 दवाओं की एमआरपी खरीद कीमत से 10 गुने से ज्यादा थी। कुछ मामलों में अंतर 67 गुना तक मिला। मसलन, पॉलिमिक्सिन-बी इंजेक्शन की खरीद कीमत 74.09 रुपये और एमआरपी 4,980.94 रुपये मिली।

विभाग के मुताबिक, कई मामलों में निर्माता, मार्केटिंग फर्म और स्टॉकिस्ट अस्पतालों को एमआरपी से काफी कम दर पर दवाएं उपलब्ध करा रहे थे, लेकिन मरीजों तक इस छूट का पूरा लाभ पहुंचने पर सवाल उठे। इसी वजह से खरीद और बिक्री कीमत सार्वजनिक करने की व्यवस्था की जा रही है।

यूपी: पश्चिमी विक्षोभ की प्रदेश में हुई वापसी, दो दिनों तक इन जिलों में बारिश-ओले गिरने की चेतावनी; गिरा पारा

0
उत्तर प्रदेश में अक्तूबर के पहले हफ्ते में मौसम ने अचानक करवट लिया है। सोमवार को तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में सुबह से बादल सक्रिय दिखे। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई और शाम तक अयोध्या, बाराबंकी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, आजमगढ़ और गोरखपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई।

अयोध्या और प्रतापगढ़ में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। प्रतापगढ़ में ओले गिरने की भी सूचना मिली। बारिश और हवाओं से तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक घुल गई।मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव का असर इस पूरे सप्ताह बना रहेगा। गरज-चमक और बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस मौसमी बदलाव का असर अपेक्षाकृत ज्यादा रहने की संभावना है। दो से तीन दर्जन जिलों में तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।

ट्रफ रेखा और पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला है माैसम

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक ट्रफ लाइन उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होते हुए बिहार, झारखंड और बंगाल तक बनी है। इसके साथ वातावरण में नमी और दिन में हो रही हीटिंग तथा सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के संयोग से मौसम में बदलाव आया है। इन मौसमी परिस्थितियों से बादल सक्रिय हुए और प्रदेश में बारिश व तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ है।

बीमा कंपनी को झटका, ब्याज समेत लौटाने होंगे 58 हजार रुपये

0

औरैया। स्वास्थ्य बीमा के तहत इलाज के बाद 58,145 रुपये की प्रतिपूर्ति नहीं करने पर जिला उपभोक्ता आयोग ने स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को रकम ब्याज समेत लौटाने के आदेश दिए हैं।शहर के पुराने बजाजा निवासी अर्पण कुमार पुरवार ने स्वयं, पत्नी और बेटे के लिए पांच लाख रुपये के कवर वाली स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी ली थी। इसके लिए 15,617 रुपये प्रीमियम जमा किया था। अक्तूबर 2024 में कानपुर के फॉर्च्यून अस्पताल में इलाज के दौरान 58,145 रुपये खर्च हुए। कैशलेस उपचार से इन्कार के बाद अर्पण ने प्रतिपूर्ति का दावा किया, जिसे कंपनी ने खारिज कर दिया।

आयोग ने पॉलिसी, अस्पताल के बिल, दवाओं, जांच और अन्य दस्तावेजों के आधार पर अर्पण का दावा सही माना। आयोग ने कंपनी को निर्णय की तारीख से 45 दिन के भीतर 58,145 रुपये देने के साथ परिवाद दाखिल करने की तारीख से भुगतान तक छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया। इसके अलावा कंपनी को दो हजार रुपये मुकदमा खर्च और दो हजार रुपये मानसिक व शारीरिक कष्ट के लिए देने होंगे। निर्णय 28 सितंबर को आयोग के अध्यक्ष जगन्नाथ मिश्र और सदस्य अमिता निगम और जितेंद्र सिंह कुशवाह ने सुनाया।

Auraiya News: 12.69 करोड़ साफ, कूड़ा जस का तस, जंग खाने लगे वाहन

0

औरैया। अक्तूबर माह में लगातार संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा। गांव-गांव सफाई के साथ फॉगिंग और दवाओं का छिड़काव कराया जाएगा, लेकिन कूड़ा निस्तारण की कवायद महज कागजों तक सीमित है। जिले की लगभग सभी ग्राम पंचायतों में आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) पर ताले जड़े हैं। गांवों में न तो कूड़े का उठान और न ही उसका निस्तारण हो रहा है। गलियों में गंदगी बजबजा रही है। ऐसे में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं।स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत वर्ष 2023 में गांवों में कूड़ा निस्तारण की मुहिम शुरू हुई थी, जो अब ठंडे बस्ते में है। जिले की कुल 477 ग्राम पंचायतों में जमीन तलाशने के बाद करीब 470 पंचायतों में आरआर सेंटरों का स्ट्रक्चर तैयार कराया जा चुका है। इन सेंटरों पर 32 मीट्रिक टन कूड़ा डंप होना था, लेकिन निस्तारण की व्यवस्था न होने से गांवों में गंदगी बढ़ती जा रही है। सेंटरों के निर्माण पर 12.69 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद गांवों को स्वच्छ बनाने की कोशिश अधिकारियों की मेजों के बीच ही घूम रही है।एरवाकटरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामपुर खास में आरआरसी की टिनशेड गिर चुकी है। वहीं, जगतपुर में तीन साल पहले बनाया गया सेंटर जर्जर होने की कगार पर है। देखरेख के अभाव में ज्यादातर सेंटर बदहाल हैं। बिधूना ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में तो सेंटर खंडहर में तब्दील हो चुके हैं।पंचायत स्तर से कूड़ा उठाने के लिए दो-दो लाख रुपये से वाहन भी खरीदे गए थे, लेकिन ये वाहन भी अब जंग खा रहे हैं। इसके पीछे सरकार की ओर से कूड़ा निस्तारण के लिए जरूरी फंड उपलब्ध न करा पाना बताया जा रहा है। इसमें कूड़ा कलेक्शन करने वाले कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था भी शामिल है। वहीं, कूड़ा निस्तारण के बाद पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए होने वाली मॉनीटरिंग भी नहीं हो रही है।

Auraiya News: 10 दिन से नहीं बन रहा मिडडे मील, भूखे लौट रहे 120 बच्चे

0

दिबियापुर। भाग्यनगर ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय उसरारी में 10 दिनों से मिड-डे मील नहीं बन रहा है। विद्यालय में पंजीकृत 120 बच्चे भूखे पेट घर लौटने को मजबूर हैं। वहीं, दो आंगनबाड़ी केंद्रों के नौनिहालों को फल भी नहीं मिल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने से अभिभावकों में आक्रोश है।

अभिभावकों के मुताबिक, प्रधानाध्यापक सुनीता द्विवेदी 15 अक्तूबर तक चिकित्सीय अवकाश पर हैं। ऐसे में विद्यालय का प्रभार वरिष्ठ शिक्षक मो. इदरीश सिद्दीकी के पास है। प्रभारी शिक्षक ने अस्वस्थता और अपनी जेब से खर्च करने में असमर्थता जताते हुए भोजन न बनने की बात स्वीकार की। विद्यालय में सात शिक्षक और एक अनुचर तैनात हैं।

अवकाश पर चल रहीं प्रधानाध्यापक ने बताया कि वह कई महीनों से अपनी खर्चे पर भोजन की व्यवस्था कर रही थीं। उनका पुराना भुगतान भी अटका है, जिसकी लिखित शिकायत की जा चुकी है। भाग्यनगर बीईओ दाताराम से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की जानकारी कराई जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यूपी: लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में लगी भीषण आग, दो मजदूर झुलसे; दो किमी तक दिखा धुआं, फायर ब्रिगेड बुझाने में जुटी

0

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मजदूरों की लेबर कॉलोनी में भीषण आग लग गई। हादसे में दो मजदूर झुलस गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। करीब 352 मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल की नौ गाड़ियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे मजदूरों की लेबर कॉलोनी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में लपटें और धुआं दूर से दिखाई देने लगा। हादसे के बाद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट परिसर में टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से मजदूरों के रहने के लिए पीवीसी पैनल से तीन मंजिला आवास बनाया गया था। इसमें करीब 352 मजदूर रह रहे थे। बताया गया कि सुबह एक मजदूर सिलेंडर से खाना बना रहा था, तभी अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।आग फैलने से पहले ही सभी मजदूरों को आवास से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि सामान निकालने की कोशिश में निर्मल और राहुल नाम के दो मजदूर झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पूरी तरह जल गए, जबकि ऊपर के हिस्से भी प्रभावित हुए हैं।

थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति के मुताबिक, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम के साथ सरोजनीनगर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया और बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। 

UP: प्रदेश के हर जिले से पूरी तरह से विदा हुआ मानसून, धूप बढ़ने से दिन और रात के तापमान में दस डिग्री का अंतर

0

उत्तर प्रदेश से शनिवार को वर्षा ऋतु की विदाई हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के साथ उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और गुजरात से भी मानसून लौट गया है।इसके साथ ही अब मौसम में शरद ऋतु का हल्का असर दिखने लगा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदायूं और सहारनपुर में शनिवार सुबह हल्के कोहरे की चादर दिखी। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी सुबह-शाम हवा में ठंडक महसूस होने लगी है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिन तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। पुरवा हवाओं के प्रभाव से बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है। इसके चलते सोमवार और मंगलवार को तराई के जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः साफ रहने की उम्मीद है।

दिन-रात के पारे में 10 डिग्री का अंतर

यूपी से मानसून की विदाई के साथ राजधानी के मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। सुबह और शाम की हवा में हल्की ठंडक घुलने लगी है। हालांकि, दिन में तेज धूप अब भी गर्मी का अहसास करा रही है। शनिवार को दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से पुरवा हवाओं के असर से बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है। हालांकि, बारिश की संभावना नहीं है। बादलों की मौजूदगी से तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के मुकाबले स्थिर रहा। न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लखनऊ: प्रांतीय शिक्षक गरिमा कार्यशाला में शामिल हुए सीएम योगी, बोले- आज का युवा ही भारत का भाग्य विधाता बनेगा

0

राजधानी लखनऊ में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में प्रांतीय शिक्षक गरिमा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। इसमें शिक्षकों की भूमिका, शिक्षा के माध्यम से संस्कार निर्माण और समाज के प्रति उनके दायित्वों पर चर्चा की गई।कार्यशाला में शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार से जुड़े पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में शिक्षकों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे नई पीढ़ी के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक तैयार करना भी है।