Thursday, July 30, 2026
Home Blog Page 2

‘चढ़ावे की चोरी नहीं रोक पाए, पेपर लीक क्या रोकेंगे’, लोकसभा में ‘एंटी पेपर लीक बिल’ पर गरजे अखिलेश

0

नई दिल्ली: लोकसभा में मंगलवार को पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा कानून प्रभावी होता तो पिछले वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक नहीं होते। उन्होंने सरकार पर युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल कानून में संशोधन कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा।

चर्चा के दौरान अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था, सरकारी स्कूलों और विश्वविद्यालयों से जुड़े कई मुद्दे भी उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को एक खास दिशा में ले जाना चाहती है और गरीब, दलित तथा वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन के बाद ही सरकार को उनकी मांगों पर विचार करना पड़ा।

अखिलेश यादव ने दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का भी मुद्दा उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली, आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति, उत्तर प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े प्रशासनिक फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार को केवल कानून बनाने के बजाय प्रभावी व्यवस्था लागू करनी चाहिए।

BJP नेता और पूर्व मंत्री का निधन, विधायक आवास की 7वीं मंजिल से गिरने के बाद दर्दनाक मौ’त, लखनऊ में हुआ बड़ा हादसा

0

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नानक राम भुर्जी (68) की मंगलवार को हजरतगंज क्षेत्र स्थित दारुलशफा नए विधायक निवास परिसर के ऊपरी तल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, विधायक निवास के कार्यालय प्रभारी ने स्थानीय चौकी को सूचना दी कि परिसर के पीछे एक ऊपरी तल से एक व्यक्ति गिर गया है।

पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भुर्जी को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरकारी अस्पताल के निदेशक डॉ. जीसी गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पूर्व मंत्री को अपराह्न करीब ढाई बजे मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि भुर्जी के शरीर पर चोट के निशान थे और मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भुर्जी लंबे समय से अवसाद से पीड़ित थे और उन्हें अक्सर विधायक निवास परिसर में घूमते हुए देखा जाता था। पुलिस के मुताबिक, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बॉयफ्रेंड से फोन पर बात में रोड़ा बना बेटा, मां ने घोंटा 3 साल के मासूम का गला, कॉल डीटेल ने खोला ह/त्या का राज

0

मथुरा : उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के एक गांव में तीन साल के मासूम को उसकी मां ने कथित तौर पर केवल इसलिए गला घोंटकर मार डाला क्योंकि वह उस समय रो रहा था जब वह अपने कथित प्रेमी से बात कर रही थी। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना का खुलासा सोमवार को तब हुआ जब वह फोन पर प्रेमी को उस दिन के घटनाक्रम की पूरी जानकारी दे रही थी। उसी समय कमरे में प्रवेश करते समय उसके पति ने पूरी बात सुन ली। तब, उसकी पत्नी ने उसके सामने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के जेठ गोविंद गुप्ता ने पुलिस में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया है।

पहले मौत की वजह पोलियो की दवा समझी गई
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 28 जून को बलदेव थाना क्षेत्र के गांव छौली निवासी मेडिकल स्टोर संचालक कृष्ण मुरारी गुप्ता के घर हुई। उस दिन गांव में बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई थी। दोपहर के समय जब वह दुकान पर थे, तभी पत्नी का फोन आया कि बेटे की तबीयत खराब है। अधिकारियों ने दर्ज मामले के आधार पर बताया कि इसके बाद कृष्ण मुरारी दौड़कर घर पहुंचे और बच्चे को कई डॉक्टरों को दिखाने के बाद मथुरा के एक बड़े निजी अस्पताल भी ले गए, लेकिन सभी ने उसकी मृत्यु हो जाने की पुष्टि की। परिवार के सदस्यों ने पोलियो रोधी दवा को मौत की वजह मानते हुए इसे ईश्वर की मर्जी समझकर शव को दफना दिया।

फोन रिकॉर्ड से खुला राज, शव निकालकर कराया जा रहा पोस्टमॉर्टम
पुलिस के अनुसार, सोमवार को रुचि जिंदल (32) जब किसी से फोन पर पुत्र की मृत्यु के बारे में बात कर रही थी, तो उसके पति कृष्ण मुरारी ने पूरी बात सुन ली। उनके बड़े भाई गोविंद गुप्ता ने रुचि जिंदल का फोन रिकॉर्ड चेक किया तो पता चला कि वह किसी युवक से घंटों लंबी बात किया करती थी। कथित अवैध संबंधों का खुलासा होने पर उन्होंने तुरंत 112 पर फोन कर पुलिस बुला ली। इसके बाद, थाना प्रभारी बलदेव अजय शर्मा मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। पुलिस के सामने भी आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर निर्भर करेगी। महावन क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार राय ने बताया कि बच्चे के शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और संबंधित रिपोर्ट के अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

महिला सशक्तिकरण में वाराणसी नंबर-1, यूपी आजीविका मिशन रैंकिंग में किया टॉप, PM Modi के संसदीय क्षेत्र ने फिर मारी बाजी

0

वाराणसी: उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन की नवीनतम रैंकिंग में वाराणसी ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है। मई के बाद जून माह की रैंकिंग में भी जनपद ने अपनी शीर्ष स्थिति बरकरार रखी है। इस सूची में अंबेडकर नगर दूसरे और बिजनौर तीसरे स्थान पर रहे, जबकि अयोध्या और आगरा ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए टॉप-5 में जगह बनाई है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हर महीने विभिन्न प्रदर्शन मानकों के आधार पर जिलों का मूल्यांकन किया जाता है। समूह गठन, ग्राम संगठन, क्रेडिट लिंकेज, स्टार्टअप फंड, आंतरिक अंकेक्षण, बीसी सखी, विद्युत सखी, उत्पादक समूह और वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप कार्य जैसे मापदंडों पर वाराणसी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। जिले में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिले हैं।

वाराणसी में प्रेरणा मार्ट, आजीविका संवर्धन केंद्र, 12 इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर और फूड कार्ट जैसी पहल महिलाओं की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिशन की टीम को सम्मानित किया गया था।

बेटे ने घर में लगाई फांसी, गम में मां ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर दी जान, हरदोई में पसरा मातम

0

Hardoi Family Tragedy : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां देहात कोतवाली क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोर द्वारा घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के तुरंत बाद उसकी मां ने भी मकान की तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मां और बेटे की एक साथ हुई इस दुखद मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अजीत सिंह चौहान ने बताया कि हरदोई के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित पिहानी चुंगी के पास रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर राम प्रकाश गुप्ता के 16 वर्षीय बेटे हिमांशु ने मंगलवार की शाम अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

उन्होंने बताया कि हिमांशु को फांसी के फंदे पर लटकता देख उसकी मां गीता (46) मकान की तीसरी मंजिल से कूद गयी। चौहान ने बताया कि हिमांशु और गीता को हरदोई मेडिकल कॉलेज में जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चौहान ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि हिमांशु ने फांसी क्यों लगाई।

कांवड़ यात्रा के लिए UP Police का सुपर प्लान, 2,500 जवान करेंगे लाखों कांवड़ियों की सुरक्षा, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

0

Noida News : नोएडा में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत यहां विभिन्न मार्गों और शिवालयों में ढाई हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे और कांवड़ मार्ग की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि श्रावण माह शुरू होने वाला है ऐसे में नोएडा और एनसीआर के विभिन्न जगहों से लोग जल लेने के लिए हरिद्वार जाएंगे तथा जल लेकर अपने-अपने गंतव्य तक जाएंगे। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले में कावड़ यात्रा के आठ प्रमुख मार्ग है, वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और सभी मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि नोएडा पुलिस के एकीकृत नियंत्रण कक्ष से राजपत्रित अधिकारी सीसीटीवी कैमरे से प्राप्त हो रहे फुटेज पर नजर रखेंगे।

व्यवस्था को चाक- चौबंद बनाने के लिए एक अंतर विभागीय समिति गठित की गई है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग आदि विभागों के अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने बताया की कावड़ मार्ग पर पुलिस तैनाती की पुख्ता व्यवस्था की गई है। करीब ढाई हजार पुलिसकर्मी कांवड़ मार्ग और विभिन्न शिवालयों में तैनात रहेंगे तथा कांवड़ मार्ग की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों को भी आदेश दिया गया है कि यात्रा के दौरान संगीत की ध्वनि मानक के अनुरूप ही होनी चाहिए।

 

‘BJP ने देश में 1 लाख प्राइमरी स्कूल बंद किए… UP में 22,000 विद्यालय बंद’, अखिलेश यादव का PM Modi-CM Yogi पर बड़ा हमला

0

लखनऊ/नयी दिल्ली : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर तीखा हमला करते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि उसने स्कूलों के विलय के नाम पर हजारों प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए हैं और इससे वंचित वर्गों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने हालांकि इन आरोपों को ‘निराधार’ बताते हुए कहा कि सरकार ने कोई भी सरकारी प्राथमिक विद्यालय बंद नहीं किया है। उन्होंने कहा कि केवल कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों का निकटवर्ती स्कूलों में विलय किया गया है।

‘देश में एक लाख प्राइमरी स्कूल बंद किए गए’
लोकसभा में ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा के दौरान अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें शिक्षा व्यवस्था में सुधार के बार-बार दावे करने के बावजूद इसमें सुधार करने में विफल रही हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि देशभर में एक लाख से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं, जिनमें सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में हैं। उन्होंने कहा, ”भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद किए हैं। बड़ी संख्या में माध्यमिक विद्यालय भी बंद किए गए हैं।” संसद परिसर के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह आरोप दोहराते हुए दावा किया कि राज्य में विलय के नाम पर लगभग 22,000 प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, ”देशभर में प्राथमिक विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, लेकिन सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में करीब 22,000 विद्यालय बंद हुए हैं। चाहे इसे विलय का नाम दिया जाए, लेकिन स्कूल तो बंद हुए हैं। ऐसे बड़ी संख्या में विद्यालय मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर में भी हैं।” यादव ने दावा किया कि इंटरमीडिएट विद्यालयों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश घट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार रोजगार उपलब्ध कराने और आरक्षण की रक्षा करने के प्रति प्रतिबद्ध नहीं है।

भोज का खाना बना मुसीबत… 12 लोगों की जान पर बन गई, कढ़ी में सल्फास मिलने से हरदोई में हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

0

हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एक गांव में किसी व्यक्ति की मौत के बाद आयोजित दावत में कथित रूप से कीटनाशक मिला भोजन खाने से 12 लोग बीमार हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना पाली थाना क्षेत्र के रहतौरा गांव की है, जहां प्रभावित लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह मामला उस समय सामने आया जब कुछ लोगों ने सब्जी में असामान्य और कड़वा स्वाद होने की शिकायत की। इसके बाद कुछ लोगों को जी मिचलाने और चक्कर आने की शिकायत हुई, जिसके बाद परिवार ने खाना परोसना बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि जिस बड़े बर्तन में सब्जी तैयार की गई थी, उसकी जांच के दौरान परिवार को कथित रूप से उसके नीचे ‘सल्फास’ कीटनाशक का एक खुला डिब्बा मिला। इससे आशंका जताई गई कि भोजन दूषित हो गया होगा। पुलिस के अनुसार, यह दावत रहतौरा निवासी नेत्रपाल के भाई संदीप की मौत के बाद शुद्धिकरण की रस्म के उपरांत आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में रिश्तेदार और अन्य मेहमान शामिल हुए थे, तभी यह घटना हुई।

पुलिस ने बताया कि बीमार हुए लोगों की पहचान मोहित, शैलेंद्र, नेत्रपाल, अंजनी, श्रीपाल, आशीष, रवि, भूरे, सचिन, कमलेश, आनंद और अंकुश के रूप में हुई है। सभी को पाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है कि भोजन तैयार करने के दौरान या उसके बाद कीटनाशक का डिब्बा सब्जी के बर्तन तक कैसे पहुंचा। पाली थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, ” इस घटना की जानकारी मिली है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रभावित परिवार की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कीटनाशक गलती से भोजन में गिरा या इसके पीछे कोई साजिश थी।

रात के 1 बजे… सुकून से सो रहे थे यात्री, तभी खड़े ट्रक में जा घुसी स्लीपर बस, ड्राइवर समेत 2 की मौ’त, 20 घायल

0

Jhansi News : झांसी जिले के बड़ागांव क्षेत्र में पारीछा विद्युत उत्पादन केंद्र के पास एक स्लीपर बस के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने से चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब एक बजे प्रयागराज से यात्रियों को लेकर मध्यप्रदेश के विदिशा जा रही बस बड़ागांव थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पारीछा विद्युत उत्पादन केंद्र के पास खड़े ट्रक से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में बस चालक इस्लाम (35) और कन्ना (69) नामक यात्री की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) प्रिया सिंह ने बताया कि हादसे में घायल 15 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बस में सवार ज्यादातर यात्री मध्यप्रदेश के निवासी थे। वे प्रयागराज में अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में अस्थियां और फूल विसर्जित कर विदिशा लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

गुरु पूर्णिमा पर CM Yogi ने गोरखनाथ मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना, जनता दर्शन में सुनीं 200 फरियादियों की समस्याएं

0

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार सुबह नाथ संप्रदाय की परंपराओं के अनुसार भगवान शिव का अवतार माने जाने वाले महायोगी गुरु गोरखनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आदित्यनाथ ने अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ, दादागुरु महंत दिग्विजयनाथ, योगीराज बाबा गंभीरनाथ और नाथ परंपरा के सभी गुरुओं की भी विधिवत पूजा-अर्चना की।

गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान बुधवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के आदेश दिए। राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने गुरु पूर्णिमा पूजन के बाद गोरखनाथ मंदिर में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण त्वरित रूप से किया जाना चाहिए। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को योगी ने आश्वस्त किया कि धन की तंगी से किसी का भी इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित मरीजों के इलाज संबंधी खर्च की रकम के आकलन की प्रक्रिया पूरी कर शासन को उपलब्ध कराएं।