Wednesday, February 18, 2026
Home Blog Page 107

UP News: कारीगरों की ट्रेनिंग में 6 करोड़ का घपला, उद्यमिता निदेशक हटाए गए… जांच कमेटी गठित

0

कारीगरों को प्रशिक्षण के नाम पर की गई करीब 6 करोड़ की वित्तीय अनियमितता के मामले में शासन ने उद्यमिता विकास संस्थान के निदेशक पवन अग्रवाल को पद से हटा दिया है। जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, एक जिला एक उत्पाद योजना, पीएमईजीपी, ग्राम विकास तथा अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए प्रशिक्षित कर्मियों को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाता है।योजना के तहत प्रशिक्षण के नाम पर भुगतान किए गए बजट का उपयोग नियमों के विपरीत किया गया। नियम के अनुसार पंजीकृत संस्थाओं को भुगतान में 5-10 प्रतिशत तक का शुल्क रोका जाना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। शासन ने उद्यमिता विकास संस्थान के निदेशक पवन अग्रवाल को उनके पद से हटा दिया है। अग्रवाल संयुक्त आयुक्त उद्योग भी थे। उनके पास निदेशक उद्यमिता का चार्ज था, जो एमएसएमई विभाग के अंतर्गत आता है। पद से हटाए जाने के बाद एमएसएमई एवं अवस्थापना विभाग के सचिव प्रांजल यादव को अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।

गलत तरीके से किया गया भुगतान
पवन अग्रवाल पर आरोप है कि विभागीय नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रशिक्षण कोष का भुगतान अनियमित तरीके से किया, जिससे सरकारी निधि का गबन हुआ। गौरतलब है कि पहले उद्यमिता विकास संस्थान के पूर्व निदेशक डीपी सिंह को भी विवादों में होने के कारण हटाया गया था। मार्च 2022 में डीपी सिंह की कार से डेढ़ करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे।

टी-20 मैच: सात बार निरीक्षण के बाद रद्द हुआ भारत-अफ्रीका मैच, वापस अकाउंट में आएंगे टिकट के पैसे

0

लखनऊ में कड़ाके की ठंड के बीच पड़ रहे कोहरे और धुंध के कारण भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला रद्द कर दिया गया। शहर में सुबह से ही खराब मौसम था, जिसका असर इस मुकाबले पर पड़ा। अंपायरों ने शाम छह से रात 7:25 बजे तक इकाना स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान मौसम में कोई भी सकारात्मक बदलाव नहीं आया। अंत में मैच के अंपायर रोहन पंडित और केएन अनंत पद्मनाभन ने मुकाबले को रद्द करने का फैसला किया। अब सीरीज का आखिरी टी-20 मुकाबला अहमदाबाद में 19 दिसंबर को खेला जाएगा। टीम इंडिया ने अभी तक सीरीज में 2-1 से आगे है।

वापस होंगे टिकट के पैसे
मैच रद्द होने के बाद स्टेडियम में माइक से इस बात की घोषणा की गई कि जिन्होंने मैच का टिकट खरीदा है उन्हें पैसे वापस किए जाएंगे।

इस तरह हुआ निरीक्षण
पहला निरीक्षण 6:00 बजे
दूसरा निरीक्षण 6: 50 बजे
तीसरा निरीक्षण 7:28 बजे
चौथा निरीक्षण 7:57 बजे
पांचवां निरीक्षण 8:29 बजे
छठा निरीक्षण 8:58 बजे
सातवां निरीक्षण 9:25 (मुकाबला रद्द)

करोड़ों का घोटाला: रकम बंटवारे पर किसानों-अफसरों में हुआ विवाद तो खुला घपला, पूछने पर आगबबूला हो गए अधिकारी

0

बुंदेलखंड में फसल बीमा के करोड़ों रुपयों का घपला किया तो बेहद चालाकी से गया था, लेकिन रकम के बंटवारे को लेकर किसानों, दलालों और अफसरों के बीच हुए विवाद ने पोल खोल दी। दरअसल, जिन किसानों के खाते में रकम पहुंची, उनसे हिस्सा लेने के लिए राजस्व विभाग और बीमा कंपनी के कारिंदे दरवाजे दरवाजे दस्तक देने लगे। कुछ किसानों के हिस्सा देने से इन्कार करने पर विवाद खड़ा हो गया।अमर उजाला ने जब पूरे मामले की पड़ताल की तो परतें खुलती चली गई। महोबा के छिकेरा गांव में पहुंचते ही किसान जुट गए। उन्हें भरोसा है कि उनकी जमीन पर निकाली गई बीमा राशि मिलेगी। किसान प्रदीप राजपूत बताते हैं कि चरखारी तहसील के गांव गोपालपुरा के किसानों को बीमा राशि खातों में आने पर शक हुआ। अफसरों से पूछा तो उन्हें कुछ नहीं बताया गया। इसी बीच लेखपाल फसल की क्षति ज्यादा दिखाने तो दलाल रकम दिलाने के नाम पर हिस्सा मांगने लगे। किसानों ने हिस्सा देने से इन्कार किया तो विवाद बढ़ने लगा। चरखारी के गोहा गांव के किसानों ने बताया कि क्रॉप कटिंग के आधार पर तीन करोड़ आए, जबकि फसल का नुकसान हुआ ही नहीं। पनवाड़ी के नटर्रा गांव में रकम बंटवारे को लेकर बिचौलिये और किसानों में मारपीट भी हो गई। इसके उलट बीमा राशि न पाने वाले लामबंद किसानों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। अफसरों ने जांच कराई तो पता चला कि हर स्तर पर मनमानी हुई।

अधिकारियों की नाराजगी ने बढ़ाया शक
केरारी गांव के किसान नेता मनोहर सिंह बताते हैं कि जिले में 80 करोड़ बीमा राशि बंटने और आठ करोड़ जल्द आने की खबर छपी। तत्कालीन डीएम मृदुल चौधरी की मौजूदगी में तहसील में बैठक हुई। इसमें जब ये पूछा गया कि बीमा राशि किसे दी गई तो अन्य अधिकारी आगबबूला हो गए। हंगामा बढ़ा तो डीएम ने अलग से बात की। ऐसे में शक बढ़ा तो खतौनी इकट्ठा करने की रणनीति बनी। 

शिकायत की तो शुरू हुई जांच

झांसी के किसान अजित सिंह बताते हैं, उनके परिचित ने बताया कि सिमरधा में किसान के घर खुद को बीमा कंपनी का कार्यकर्ता बताने वाला शख्स आया। उसने अपना हिस्सा मांगा। जब दोनों ने पूछा तो कुछ भी बताने से कतराने लगे। शक हुआ तो उप निदेशक कृषि से शिकायत की। उन्होंने दो सितंबर को गरौठा के उप संभागीय कृषि अधिकारी शरद चंद्र मौर्य को जांच सौंपी। इसकी रिपोर्ट 15 सितंबर 2025 को सौंपी गई।

10 के बजाय 60 फीसदी दिखाई क्षति
रिपोर्ट के मुताबिक सिमरधा गांव के मनोज कुमार गुप्ता, उमेश कुमार, पूनम देवी, फूलन देवी, छवि, रेश, भारती, रोशनी देवी, राममूर्ति, उमेश ने रबी सीजन 2024 में बीमा कराया। इन्हें 10.87 लाख का भुगतान हुआ। असल में सीजन के दौरान पूरे प्रदेश में कहीं भी 10 फीसदी से ज्यादा क्षति नहीं हुई। वहीं, लेखपाल ने 60 फीसदी क्षति दिखा दी। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की संस्तुति की।

अब झांसी में भी जांच के लिए टीम गठित
लखनऊ। प्रधानमंत्री फसल बीमा में गैर ऋणी कृषकों द्वारा भूमि नहीं होने के बावजूद खरीफ-2024 एवं रबी 2024-25 में क्षतिपूर्ति लेने के मामले में झांसी में भी टीम गठित हो गई है। अमर उजाला ने खबर प्रकाशित कर बताया था कि महोबा की तरह ही झांसी और अन्य जिलों में भी करोड़ों का घपला हुआ है। शासन के निर्देश के बाद झांसी डीएम मृदुल चौधरी ने तहसीलवार अलग-अलग टीम गठित कर सात दिन में रिपोर्ट मांगी है। टीम में सबसे पहले चकबन्दी वाले ग्रामों जिनका लैंड इन्ट्रीग्रेशन नहीं हुआ है उन गांवों की जांच करेगी। इसके अन्य गावों के क्षतिपूर्ति लेने वालों की जांच करेगी। टीम को सात दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।

यूपी: प्रदेश में विधानमंडल सत्र कल से, वंदे मातरम पर हो सकती है विशेष चर्चा; कार्यसीमित की बैठक आज

0

विधानमंडल के शुक्रवार से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र के संबंध में बृहस्पतिवार को सुबह 11:30 बजे कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलाई गई है। सरकार वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर सदन में विशेष चर्चा करा सकती है। हालांकि, इस पर फैसला कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया जाएगा।कार्यमंत्रणा समिति की बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दोपहर 12:30 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इसमें महाना सभी दलों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील करेंगे। बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। वहीं सूत्रों के मुताबिक, भाजपा विधानमंडल दल की बैठक 21 दिसंबर को शाम छह बजे से लोकभवन के ऑडिटोरियम में होगी।

इसमें सीएम, दोनों डिप्टी सीएम, सभी मंत्री, विधायक व विधान परिषद सदस्य शामिल होंगे। सरकार के सहयोगी दलों सुभासपा, रालोद, निषाद पार्टी और अद (एस) के मंत्री व विधायक भी इस बैठक में बुलाए जाएंगे।

यूपी: कोहरे- दुर्घटना की वजह से घटाई जा सकती है एक्सप्रेस-वे पर स्पीड लिमिट; 120 प्रतिघंटा से हो सकती है 80

0

कोहरे की वजह से एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते हुए हादसों को रोकने के लिए यूपीडा गाड़ियों की स्पीड लिमिट घटा सकता है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश के सभी एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट को 120 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा किए जाने का प्रस्ताव यूपीडा ने शासन को भेजा है। हालांकि अभी शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है। यूपीडा के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक आमतौर पर 15 फरवरी तक घना कोहरा रहता है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तब तक स्पीड लिमिट घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा की जा सकती है। मौजूदा समय में यूपीडा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे संचालित करता है। गौरतलब है कि घने कोहरे के चलते एक्सप्रेस-वे पर लगातार हादसों की संख्या बढ़ रही है। जिसके चलते यूपीडा ने शासन को स्पीड लिमिट घटाने का प्रस्ताव भेजा है।

इन 20 जिलों में आज घने कोहरे की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी की दोहरी मार शुरू हो गई है। माैसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही इन इलाकों में संभावित शीत दिवस की भी चेतावनी जारी की गई है। संभावना जताई गई है कि 20 दिसंबर तक प्रदेश में कमोबेश ऐसा ही माैसम रहने वाला है।

बुधवार को लखनऊ समेत, बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर, कानपुर में घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य रही। वहीं बहराइच, हरदोई, शाहजहांपुर आदि में दृश्यता 30 मीटर तक सिमट गई। प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री, जबकि कुछ स्थानों पर 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में घने कोहरे के साथ चुभती हुई ठंडी पछुआ हवाएं चलीं और दिन के पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। कई जिलों में दिन का पारा सामान्य से काफी नीचे लुढ़क गया। इससे ठिठुरन और गलन बढ़ गई। लोगों को दिन में ही अलाव का सहारा लेना पड़ा।

आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिम भारत और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात तथा ऊपरी हवा के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। निचले वायुमंडल में व्युत्क्रम परत बनने से दिन के अधिकांश समय दृश्यता कम रही। 20 दिसंबर तक कमोबेश ऐसा ही माैसम रहने वाला है।

इन जिलों में है अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट और शीत दिवस की चेतावनी
गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनाैर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर।

एरवाकटरा युवती की आत्महत्या के मामले में युवक को भेजा जेल

0

एरवाकटरा। युवती की आत्महत्या के मामले में आरोपी युवक को पुलिस ने उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। नौ दिसंबर को युवती का शव फंदे से लटका मिला था।थाना पुलिस ने गश्त के दौरान बिधूना मार्ग स्थित कुदरकोट मोड गांव फैजुल्लापुर निवासी अभय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि नौ दिसंबर को गांव निवासी काजल (20) ने फंदे लटक कर जान दे दी थी। घटना के समय पिता मैनपुरी निमंत्रण गए थे और मां घर में थीं।

युवती मां से कहकर चाचा के घर सफाई करने गई थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अभय प्रताप सिंह के खिलाफ युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे इटावा जेल भेज दिया गया।

Auraiya News: मारपीट को हत्या की कोशिश बताने के लिए बनाई फर्जी सीटी स्कैन रिपोर्ट

0

औरैया। मारपीट के मामले को हत्या की कोशिश में तब्दील करने के लिए एक युवक ने मेडिकल कॉलेज से जारी सीटी स्कैन रिपोर्ट में छेड़छाड़ कर दी।फर्जी सीटी स्कैन रिपोर्ट के लिए तैनात कर्मचारियों की मिलीभगत से उसने ऐसा किया। एक हफ्ते पहले पुलिस के मेडिकल रिपोर्ट का सत्यापन कराने पर फर्जीवाड़ा खुल गया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन का जिम्मा संभालने वाली कार्यदायी संस्था के दो कर्मचारियों अखिलेश कुमार और धर्मेंद्र कुमार को भी हटा दिया गया है।

थाना अयाना के गांव सिखरना निवासी नरेद्र सिंह ने 19 जुलाई को भाई जयप्रकाश उर्फ पम्मू (35) पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था 18 जुलाई को जयप्रकाश मजदूरी करने गया था तभी उस पर विपक्षियों ने हमला कर दिया। अयाना सीएचसी पर उपचार के बाद जयप्रकाश को चिचौली मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया था।मामले में पुलिस ने जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को जेल भेज दिया था। इस दौरान जब अयाना थाना पुलिस घायल जयप्रकाश की मेडिकल रिपोर्ट के सत्यापन को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची तो चौंकाने वाली बात सामने आई। चिचौली में घायल जयप्रकाश की सीटी स्कैन रिपोर्ट में बड़ा फेरबदल पाया गया। वास्तविक रिपोर्ट में जहां स्कल (खोपड़ी) फ्रैक्चर नहीं था, लेकिन पुलिस को दी गई रिपोर्ट में स्कल फ्रैक्चर दिखाया गया था।

मामला सीएमएस डॉ. जसवंत रत्नाकर तक पहुंचा तो उन्होंने सीटी स्कैन कक्ष के रजिस्टर खंगाले। पता चला कि रिपोर्ट कर्मचारियों की मिलीभगत से सीधे जयप्रकाश को दे दी गई थी, इसमें उसने बदलाव कर लिए। इसके बाद मामले में सीटी स्कैन की सेवाएं देने वाली कंपनी एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड के दो कर्मचारी अखिलेश कुमार और धर्मेंद्र कुमार को हटा दिया गया है।


डिस्पैच ही नहीं हुई थी मेडिकल रिपोर्ट
18 जुलाई 2025 को जयप्रकाश का सीटी स्कैन कराया गया। सीएमएस डॉ. जसवंत रत्नाकर के पास जांच भी पहुंची। यहां पर जानलेवा हमले के मुताबिक चोटें नहीं मिलीं। ऐसे में सामान्य रिपोर्ट तैयार की गई, लेकिन यह रिपोर्ट पुलिस के लिए डिस्पैच ही नहीं की गई। सीटी स्कैन कक्ष में कार्यरत कर्मियों से साठगांठ कर टेंपरिंग करते हुए रिपोर्ट निकाल ली गई। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है।
—-
बोले जिम्मेदार
सिखरना निवासी जयप्रकाश की मेडिकल रिपोर्ट का सत्यापन करने पर हेराफेरी पकड़ी गई है। गलत रिपोर्ट मुहैया कराते हुए मुकदमे की धाराएं बढ़वा ली गई हैं। मामला कोर्ट में है, ऐसे में कोर्ट के आदेश पर आगे की प्रकि्रया अपनाई जाएगी।
-अजय कुमार, थानाध्यक्ष अयाना

सीटी स्कैन की रिपोर्ट में छेड़छाड़ कर उसका प्रयोग पुलिस रिपोर्ट में करने का मामला सामने आया है। यह रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज से डिस्पैच ही नहीं की गई है। कुछ कर्मचारियों की इसमें संलिप्तता थी, उन्हें संबंधित कंपनी ने हटा दिया है।
-डॉ. जसवंत रत्नाकर, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज।

Auraiya News: कबड्डी में दिलीपपुर, खो-खो में असजना अव्वल

0

औरैया। बढि़न स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवा कल्याण विभाग ने विधायक स्पर्धा के तहत दो दिवसीय विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया। इसमें कबड्डी में दिलीपपुर और खो-खो में असजना टीम अव्वल रही। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। बृहस्पतिवार को कुश्ती प्रतियोगिता होगी।खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन बिधूना विधायक रेखा वर्मा व उपजिलाधिकारी बिधूना गरिमा सोनकिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। बुधवार को पहले दिन, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो एवं भारोत्तोलन की प्रतियोगिताएं हुईं। वॉलीबॉल सब जूनियर में अर्पित यादव की टीम विजेता और अभिनव गुप्ता की टीम उप विजेता रही। 100 मीटर दौड़ में संगम प्रथम, नव्या द्वितीय एवं सोनी ने तीसरा स्थान पाया।खो-खो प्रतियोगिता में असजना की टीम ने भटौली की टीम को हराकर प्रथम स्थान पाया। कबड्डी में दिलीपपुर की टीम विजेता व बिधूना उपविजेता रही।
भारोत्तोलन में पब्लिक इंटर कॉलेज बिधूना के छात्रों ने बाजी मारी। विजेता टीम के खिलाड़ियों को अतिथियों ने मेडल पहनाकर प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर मुकुल यादव, शशांक पाल, गोपाल गुप्ता, मोहम्मद फजल, रामदुलार वर्मा आदि मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका अरविंद गौतम व अवधेश तिवारी ने निभाई।

प्रांतीय रक्षक दल से नीरज, हरगोविंद, जयनारायण, महेश, बृजनंदन आदि शामिल रहे। जिला युवा कल्याण अधिकारी आशुतोष मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होगी।

Auraiya News: महिला यात्री से दुष्कर्म के दोषी बस हेल्पर को 10 साल की सजा

0

औरैया। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एफटीसी प्रथम अतीकउद्दीन ने शहर में करीब ढाई साल पहले महिला यात्री से दुष्कर्म के मामले में बुधवार को निर्णय सुनाया।कोर्ट ने कानपुर देहात के थाना डेरापुर के गांव बलाई बड़ी बिहार घाट निवासी प्राइवेट बस के हेल्पर चित्तीदार उर्फ कुंवर सिंह यादव को 10 साल की सजा सुनाई। दोषी पर 20 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।अभियोजन के अनुसार महिला यात्री ने करीब ढाई साल पहले पहले सदर कोतवाली में प्राइवेट बस के हेल्पर के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें पीड़िता ने बताया था कि 22 मार्च 2023 को वह जालौन स्थित अपनी ससुराल जा रही थी।

रास्ते में कानपुर के आगे सचेंडी उतर गई। वहां बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब सात बजे एक प्राइवेट बस रुकी। वह उसमें बैठ गई। रात साढ़े आठ बजे बस औरैया पहुंची। वहां हेल्पर ने रात होने का हवाला देकर महिला से रुकने की बात कही। विश्वास में आकर महिला यात्री बस में रुक गई।

रात करीब एक बजे बस का हेल्पर उसके पास पहुंचा और अश्लील हरकतें करने लगा। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकी देकर वहां से भाग गया। सुबह महिला यात्री थाने पहुंची और हेल्पर चित्तीदार उर्फ कुंवर सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। विवेचना के बाद पुलिस ने कोर्ट में आरोप पत्र प्रस्तुत किया।
यह मुकदमा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट में चला। बुधवार को इसका निर्णय सुनाया गया। कोर्ट ने दोषी को 10 साल की सजा सुनाई। कोर्ट ने अर्थदंड की आधी धनराशि पीड़िता को अदा करने का आदेश दिया। बाद में दोषी को इटावा जेल भेज दिया गया।

Auraiya News: रजबहा किनारे पड़ा मिला लापता किसान का शव

0

फफूंद। निर्माणाधीन मकान के लिए मंगलवार को सामान लेने के लिए निकले किसान का शव बुधवार सुबह कोठीपुर रजबहा किनारे पड़ा मिला। शव गमछे पर पड़ा मिला। किसान के मुंह पर झाग निकलने के निशान मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।फफूंद थाना के गांव कुठर्रा निवासी जितेंद्र (50) किसान थे। वह खेती करते थे। हाल ही में धान की फसल बेचने में मिले रुपये से वह मकान का निर्माण करा रहे थे। मंगलवार सुबह पत्नी संगीता देवी से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया, इसके बाद वह मकान के लिए खिड़की-दरवाजे खरीदने फफूंद जाने की बात कहकर घर से निकल गए थे। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।बुधवार सुबह खेतों में पानी लगाने जा रहे किसानों ने सेहुदपुर मार्ग पर कोठीपुर रजबहे की पटरी पर एक शव पड़ा देखा। जानकारी पर पुलिस फोर्स और परिजन मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक फफूंद जयप्रकाश पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का करण स्पष्ट हो सकेगा। परिजन की तहरीर नहीं मिली है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

हाथ पर लिखा था सुरेंद्र और रामदास का नाम
पुलिस जांच में किसान के बाएं हाथ पर पेन से सुरेंद्र और रामदास का नाम लिखा मिला। इन नामों की भी पुलिस जांच कर रही है। किसान के मुंह से झाग निकलने का निशान भी मिला है। किसान चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। तीन भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके चार बेटियां काजल, शिवानी, स्वाती और शुभि व एक बेटा धीरेंद्र है। बेटा सूरत में काम करता है। शुभि और धीरेंद्र की शादी अभी नहीं हुई है।