औरैया। शहर और कस्बों में जाम की समस्या नासूर बन गई है। जिम्मेदारों की अनदेखी से अतिक्रमणकारी आम रास्तों पर भी कब्जा जमाए हैं। खानपुर चौराहे पर बने ओवरब्रिज के नीचे तो सुबह से रात तक फल मंडी सजती है। देखादेखी ऑटो व ई रिक्शा वाले भी वहां पर खड़े होकर सवारी भरते हैं। रही सही थोड़ी बहुत बची जगह चाट विक्रेता अपनी ठेला लगाकर रास्ता बाधित करते हैं। इससे वहां पर वाहनों का निकलना तो दूर राह चलना तक मुश्किल होता है।सबसे बुरा हाल सुभाष चौक व खानपुर चौराहे का है। यहां वाहनों का अड्डा, फल वालों की मंडी व ठेली वालों की मनमानी ने जाम को आम बना दिया है। जेसीज चौराहा से ब्लॉक गेट तक पूरी सड़क ही फल व सब्जी वालों की मंडी बन गई है। दिबियापुर रोड, गौशाला रोड व तहसील के आसपास की सड़कों पर सब्जी, फल व फास्ट फूड वाले डेरा जमाए हैं।
—
नहीं रुक रही बस वालों की मनमानी
यातायात निरीक्षक अनुसार चौराहों पर रोडवेज बसें खड़ी करने पर रोक लगाने के लिए डीएम को भी पत्र भेजा गया है। एआरटीओ व परिवहन विभाग कार्रवाई कर रहा है। फिर भी सुभाष चौक, खानपुर व जालौन चौराहों पर चालक बसें खड़ी कर सवारी भरने से बाज नहीं आते हैं। हालांकि एआरएम भी चालकों को हिदायत दे चुकीं है। इससे दिनभर चौराहों पर जाम के हालात रहते हैं।
——-
डीएम और एआरएम से किया आग्रह
शहर में चौराहों पर खड़े होने की समस्या को लेकर एआरटीओ व ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके लिए डीएम को भी पत्र भेजा गया है। एआरएम से भी आग्रह किया गया है। जल्द ही कोई स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
– देवेंद्र कुमार, निरीक्षक यातायात।
शहर में जाम की समस्या बुरी तरह यातायात प्रभावित कर रही है। शहर के चार प्रमुख मार्गों कानपुर रोड, इटावा रोड, दिबियापुर व जालौन रोड पर जाम का झमेला रहता है, हालांकि वहां पर यातायात पुलिस तैनात रहती है लेकिन लगने वाले जाम को खुलवाना उनको भारी पड़ जाता है। इसके पीछे सड़कों व फुटपाथों पर अवैध कब्जा है। एक तरफ दुकानों का सामान सड़कों तक रखा है तो दूसरी तरफ फल व सब्जी वालों की ठेलिया सजती हैं। इसके अलावा दुकानों, घरों पर दफ्तरों के बाहर सड़कों पर ही पार्किंग होती है।