औरैया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य व प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा बारह अक्तूबर को होगी। इस परीक्षा के लिए औरैया में 10 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 4220 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए आवंटित परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे से तो लैस होंगे। साथ ही वहां पर सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी होगी। खास बात तो यह है कि परीक्षा अवधि में केंद्र के 200 मीटर दायरे में साइबर कैफे की दुकानें भी बंद रहेंगी।डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि यह परीक्षा सुबह 9ः30 बजे से 12ः30 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 10 केंद्र पर्यवेक्षक व 10 सह केंद्र व्यवस्थापक की नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को केंद्रों पर सारी व्यवस्था चकाचक रखने के निर्देश दिए हैं। कहा कि आयोग की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुरूप कोषागार से निर्धारित समय पर पहुंचकर सामग्री प्राप्त कर केंद्रों पर पहुंचाएं।
केंद्र प्रभारी अपने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा का संचालन कराएं। साथ ही केंद्रों पर पार्किंग, पेयजल, क्लार्क रूम, साफ सफाई, बिजली व्यवस्था व शौचालयों के इंतजाम पुख्ता करें।



