Monday, February 16, 2026

Auraiya News: एनएचएआई का अड़ंगा, अनुमति न मिलने से लटकी जलापूर्ति

यह भी पढ़े

बिधूना। नगर के लोगों की प्यास बुझाने के लिए जल निगम के प्रयासों पर एनएचएआई की अड़ंगेबाजी पानी फेर रही है। पाइपलाइन बिछाने को जल निगम एनएचएआई से सड़क काटने की अनुमति मांग रहा है लेकिन वो उससे अनुमति मिल नहीं रही है। इससे जून में प्रस्तावित जलापूर्ति अब तक शुरू नहीं हो सकी है जबकि तीन पानी की टंकी बनकर तैयार हैं और आधे से ज्यादा नगर में पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। जलापूर्ति में देरी से नगर के बाशिंदें खासे नाराज हैं। उन्होंने डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर जलापूर्ति जल्द शुरू कराने की मांग की है।

 

नगर पंचायत में घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शासन से 36 करोड़ 8 लाख रुपये के बजट से तीन पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया था। इनमें सुखचैनपुर में 700 किली, चदरपुर में 750 किली व सूरजपुर में 1350 किलो लीटर क्षमता की टंकी बनी है। जल निगम ने दावा किया था कि इस वर्ष जून तक सभी 15 वार्डों में शुद्ध पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। विडंबना है कि अक्तूबर की शुरूआत हो चुकी है और पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी हैं। नगरवासियों के मुताबिक जल निगम की ओर से तीनों टंकियों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। सभी टंकियों की जांच भी की जा चुकी है।

कई वार्डों में पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है लेकिन भरथना रोड, आर्य नगर, किशोरगंज, नवीन बस्ती पूर्वी व चदरपुर मोहल्ला समेत कई वार्ड अभी भी पाइपलाइन से वंचित हैं। इन मोहल्लों में सड़क पार कर पाइपलाइन बिछाई जानी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मियों में पानी की भारी किल्लत रही थी। जून में वादा किया गया था कि टंकियों से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। अब अक्टूबर में भी पानी न मिलने से लोगों में नाराजगी है।

जल निगम के जेई अजय सिंह ने बताया कि भरथना रोड और बेला रोड पर पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क काटने की एनएच 91ए से अनुमति मांगी गई है लेकिन अब तक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से स्वीकृति नहीं मिल सकी है। बताया कि अनुमति के लिए कई बार पत्राचार किया गया है। औपचारिक अनुमति न मिलने के कारण कार्य रुका हुआ है। जैसे ही अनुमति मिलेगी, सड़क के किनारे से लाइन बिछाकर सभी वार्डों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे