अजीतमल। एक युवक शुक्रवार रात कोतवाली पहुंचा, उसने कोतवाल को बताया कि साहब हाईवे पर उसके गले की चेन व मोबाइल बाइक सवार लूट ले गए। तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। कुछ देर बाद पता चला कि मामला लूट का नहीं बल्कि सीओ की टेस्ट रिपोर्ट का था जिसमें अजीतमल पुलिस पास हो गई।
जनपद झांसी के गरौंठा की सीओ आसमा को कोतवाली की कार्यक्षमता की जांच के लिए भेजा गया था। शुक्रवार शाम वह कोतवाली क्षेत्र में पहुंची। जनपद जालौन थाना व कस्बा कोंच निवासी नीलेश कुमार को मोबाइल व चेन छीनने के प्रार्थना पत्र के साथ कोतवाली भेजा। कोतवाल ललितेश नारायण ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को मौके पर भेजा। उसी दौरान गरौंठा सीओ आसमा पहुंच गईं। उन्होंने कोतवाल को टेस्ट लेने के उद्देश्य से युवक को भेजने की जानकारी दी जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने राहत की सांस ली। उन्होंने कोतवाली का निरीक्षण भी किया। सीओ की टेस्ट रिपोर्ट में कोतवाली पुलिस पास हो गई। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि अजीतमल कोतवाली का सीओ गरौंठा ने टेस्ट लिया था। तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को मौके पर भेजा था।


