Kanpur News: महाठग रविंद्र नाथ सोनी ने फॉरेन एक्सचेंज और सोने में निवेश के नाम पर दुबई के शाही परिवार के सदस्य को कई मिलियन दिरहम का चूना लगाया। इसकी जानकारी देने के लिए पीड़ित सदस्य शनिवार को कानपुर आकर पुलिस अधिकारियों से मिला।कानपुर में महाठग रविंद्र नाथ सोनी ने दुबई के शाही परिवार को भी ठगी का शिकार बनाया है। शाही परिवार के सदस्य ने शनिवार को शहर आकर पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात कर आपबीती सुनाई। बताया कि आरोपी ने उन्हें कई मिलियन दिरहम का चूना लगाया है। हालांकि, उन्होंने जल्द ही वास्तविक राशि की जानकारी देने के लिए कहा है।
बताया कि उन्हें फॉरेन एक्सचेंज और सोने में निवेश के नाम पर ठगा गया। दुबई के शाही परिवार के सदस्य ने बीते दिनों कमिश्नरी पुलिस से संपर्क कर ठगी के बारे में सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें शहर आकर पूरी बात विस्तार से बताने को कहा था। इसके चलते पीड़ित सदस्य शनिवार सुबह शहर आए।
निवेश पर काफी ज्यादा मुनाफे का भरोसा दिलाया
उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें रविंद्रनाथ की गिरफ्तारी की सूचना वहां की मीडिया से मिली थी। सोनी से उनकी मुलाकात एक करीबी ने कराई थी। यह मुलाकात एक होटल में पार्टी के दौरान हुई थी। उसने अपने कारोबार में ज्यादा रकम के निवेश पर काफी ज्यादा मुनाफे का भरोसा दिलाया था। कंपनी द्वारा फॉरेन एक्सचेंज और सोने में निवेश की जानकारी दी थी।


