77वें गणतंत्र दिवस पर उत्तर प्रदेश में शिक्षा, संविधान और राष्ट्रभक्ति का संगम देखने को मिला। प्रदेश के 1.32 लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में एक साथ 1.48 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं ने तिरंगे को सलामी देकर लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रनिर्माण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। विद्यालय प्रांगण राष्ट्रगान, वंदे मातरम और देशभक्ति गीतों से गूंज उठे।सुबह से ही प्रदेश के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालयों और केजीबीवी में गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित किए गए। रंग-बिरंगे झंडों, आकर्षक सजावट, प्रभात फेरियों, तिरंगा रैलियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने विद्यालय परिसरों को जीवंत बनाया। नन्हे हाथों में तिरंगा और आंखों में भारत के उज्ज्वल भविष्य का सपना स्पष्ट झलक रहा था। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देते हुए उन्हें जिम्मेदार, जागरूक और संस्कारित नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
गणतंत्र दिवस: शिक्षारथों से जन-जन तक पहुंचा शिक्षा का संदेश, 1.48 करोड़ बच्चों ने एक साथ दी तिरंगे को सलामी


