औरैया। मेडिकल कॉलेज चिचौली में एक साल से सीएमएस की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है।एकाएक उनका इस्तीफा चिचौली मेडिकल कॉलेज में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि वह चिकित्सा शिक्षा में अपने बायोकेमिस्ट्री विभाग के अध्यक्ष के तौर पर काम करते रहेंगे।
मेडिकल कॉलेज चिचौली में 100 बेड के जिला अस्पताल का ही स्टाफ है। ऐसे में स्वास्थ्य सुविधाओं में कई बार मरीजों व तीमारदारों को परेशान होना पड़ता है। रोजाना की ओपीडी का दायरा एक हजार से बढ़कर तीन हजार तक पहुंच चुका है।ऐसे में बतौर सीएमएस डॉ. पवन कुमार शर्मा ने एसएमसी में कई व्यवस्थाओं को लागू किया। बेड पर चादर बिछाने के लिए रोजाना अलग रंग की व्यवस्था अपनाई। यही नहीं, बायोमीट्रिक हाजिरी की व्यवस्था से कर्मियों व डॉक्टरों की ड्यूटी का भी निर्धारण किया।अब उन्होंने अचानक सीएमएस पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे को लेकर उन्होंने चुप्पी साध ली है। चर्चा इस बात कि है कि सीएमएस रहते उनकी सख्ती कई चिकित्सकों को रास नहीं आ रही थी।
चिचौली मेडिकल कॉलेज के सीएमएस ने पद से दिया इस्तीफा


