Shaukat Ali AIMIM population statement : AIMIM पार्टी के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शौकत अली के बयान ने बखेड़ा खड़ा कर दिया है। उन्होंने बयान दिया कि हम दो हमारे दो दर्जन। इस पर ओपी राजभर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
लखनऊ : AIMIM पार्टी के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शौकत अली के बयान ने बखेड़ा खड़ा कर दिया है। उन्होंने मुरादाबाद की सभा में एक नारा दिया कि हम दो हमारे दो दर्जन। इस बयान के बाद यूपी की सियासत गरमा गई।
शौकत अली का कहा है कि, बच्चे अल्लाह का उपहार हैं। मुसलमान ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करें। बच्चे अल्लाह की देन हैं… जब अल्लाह दे रहा है तो इसे स्वीकार करना चाहिए। इसके आगे उन्होंने जोड़ते हुए कहा कि हमारी बढ़ती जनसंख्या हमारी ताकत बनेगी। इसके लिए शौकत अली ने चीन का उदाहरण दिया।
शौकत अली के बयान पर ओपी राजभर की प्रतिक्रिया
इस बयान पर जब राजभर से पूछा गया कि आप इसे किस तरह से देखते हैं तो उन्होंने कहा कि ये सब अनपढ़…गंवार हैं। इन्हें पता ही नहीं है कि देश कैसे विकास करेगा। राजभर ने आगे कहा कि AIMIM अध्यक्ष शौकत अली जो बोल रहे हैं कि हम दो और हमारे दो दर्जन तो उनके दो दर्जन कहां हैं लाकर लाइन में खड़ा करें और फोटो खिंचवाएं। हम भी तो देखें उनके दो दर्जन बच्चे हैं। यह सब जनता को बरगलाने की चीजें हैं।
कहा- हमें आज शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर करनी चाहिए बात
आज हमें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार इन जैसे मुद्दों पर फोकस करना चाहिए। यह सब राजनीतिक बयानबाजी है। इन जैसे मुद्दों से कुछ होना देना नहीं है। हमें आज के समय में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर फोकस करना चाहिए।
दरअसल, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी सांसद असदुद्दीन ओवैसी की अगुवाई में हैदराबाद से निकलकर उत्तर भारत में समेत कई राज्यों में चुनावी जंग लड़ रही है। पार्टी ने हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव और महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भी प्रतिभाग किया। विपक्षी पार्टियां AIMIM को भाजपा की B-टीम कहते हैं।