अलीगढ़ जिले में आज जमकर उड़ेंगे अबीर और गुलाल। रंगों से सराबोर होकर लोग उत्साह से होली का पर्व मनाएंगे। चंद्र ग्रहण के कारण 3 मार्च को रंग वाली होली नहीं खेली गई, जिसके चलते 4 मार्च को जमकर गुलाल उड़ेगा और रंगों की बरसात होगी।
2 मार्च रात को जगह-जगह होलिका दहन किया गया, जिसमें हजारों स्थानों पर हवन और पूजा के साथ होलिका भस्म हुई। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस ने शहर से लेकर गांवों तक मजबूत व्यवस्था की है। जिला प्रशासन ने सभी मजिस्ट्रेटों को एक्टिव किया है और पुलिस के खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
नगर निगम ने सफाई, स्ट्रीट लाइटिंग और पानी की आपूर्ति की पूरी तैयारी की है। सुबह से दोपहर तक सभी सड़कों, चौराहों, मोहल्लों और गलियों में रंगों का माहौल होगा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं तक सभी जमकर होली खेलेंगे। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर फूलों और रंगों से होली खेली जाएगी। प्रशासन ने शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी है, ताकि त्योहार खुशी और भाईचारे के साथ संपन्न हो।
होली का यह उत्सव सामाजिक समरसता का प्रतीक है। लोग एक-दूसरे पर रंग लगाकर मिलन मनाएंगे। हालांकि कुछ संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरती गई है।


