maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने सरेआम एक पार्टी पदाधिकारी की धुनाई कर दी। मनोनीत सभासदों के स्वागत समारोह के दौरान हुई इस मारपीट ने वहां मौजूद दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं के होश उड़ा दिए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
मंच पर चल रहा था स्वागत, अचानक पहुंची नाराज महिला
जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यालय में नए पदाधिकारियों और सभासदों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। मंच पर फूलों के हार पहनाए जा रहे थे और तालियां गूंज रही थीं। इसी बीच एक महिला अपने बेटे के साथ वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला सीधे एक पदाधिकारी के पास गई और बिना कुछ सोचे-समझे उनका कॉलर पकड़ लिया।
साढ़े 4 लाख का धोखा और सरेआम थप्पड़
महिला का आरोप है कि उसने एलआईसी (LIC) पॉलिसी के नाम पर उक्त पदाधिकारी को करीब 4.50 लाख रुपए दिए थे। आरोप है कि नेताजी ने ना तो पॉलिसी कराई और ना ही पैसे वापस किए। महिला काफी समय से अपने पैसे मांग रही थी, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उसका सब्र टूट गया। उसने भरे कार्यक्रम में पदाधिकारी को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया और कॉलर पकड़कर उन्हें बाहर खींचने की कोशिश की।
हाथ में चप्पल और मची अफरा-तफरी
गुस्सा इतना ज्यादा था कि महिला ने अपनी चप्पल निकाल ली और पदाधिकारी को मारने के लिए दौड़ पड़ी। यह नजारा देख कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कार्यकर्ता बीच-बचाव करने उतरे, लेकिन महिला और उसका बेटा अपने पैसे वापस लेने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक वहां गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होती रही, जिससे पार्टी की किरकिरी हो गई।


