नई दिल्ली। यूनाइटेड स्टेट्स की राजधानी वाशिंगटन डीसी में आर्मी बेस के ऊपर अज्ञात ड्रोन देखे गए हैं। अधिकारी अब इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने में जुटे हैं।
वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ वॉशिंगटन के इसी क्षेत्र में रहते हैं।
अमेरिका ने बढ़ाई सिक्योरटी
अमेरिका में ये ड्रोन देखे जाने की घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं जब वैश्विक तनाव काफी बढ़ा हुआ है। मिडिल ईस्ट में संघर्ष तेज होने के कारण अमेरिका के प्रमुख सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
एबीसी न्यूज के मुताबिक, अमेरिका के फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने इससे पहले कैलिफोर्निया पुलिस को ईरान की तरफ से होने वाले ड्रोन हमले को लेकर चेतावनी दी थी।
एफबीआई ने यह चेतावनी फरवरी में जारी की थी। इस चेतावनी में लक्ष्यों या समय के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
मिडिल ईस्ट में लगातार बढ़ रहा तनाव
मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका-इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी।
अमेरिका-इजरायल के हमले के बाद ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया। वहीं लेबनान में बसे हिजबुल्लाह ने ईरान के समर्थन में इजरायल पर मिसाइलें दागीं।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध का आज 20वां दिन है और अभी भी ये संघर्ष थमता नजर नहीं आ रहा है।


